Monday, 24 February 2025

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व इस सृष्टि में सभी को परम मंगलमय हो ---

 श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व इस सृष्टि में सभी को परम मंगलमय हो ---

.
हर पल उनका जन्म मुझ में हो रहा है। इस जीवन की हर साँस साकार रूप में भगवान श्रीकृष्ण को समर्पित है। मुझे और मेरे इस शरीर महाराज को निमित्त बनाकर हर साँस वे ही ले रहे हैं, और वे ही छोड़ रहे हैं। वे स्वयं ही मुझे निमित्त बनाकर अपने ही सर्वव्यापक ज्योतिर्मय परमब्रह्म परमशिव रूप का ध्यान करते हैं। मेरे अच्छे-बुरे सारे संचित कर्मफल, सारा प्रारब्ध, और सर्वस्व उन्हें समर्पित है; और मेरे पास कुछ है ही नहीं। वे ही कूटस्थ चैतन्य हैं, वे ही ब्राह्मी स्थिति हैं। वे ही साधक, साध्य और साधना हैं। अपने संकल्प से वे स्वयं ही यह सारा विश्व बन गए हैं। मुझे निमित्त बनाकर वे स्वयं ही स्वयं की उपासना कर रहे हैं। उन्हें बारंबार नमन !!
"ॐ वायुर्यमोऽग्निर्वरुणः शशाङ्क: प्रजापतिस्त्वं प्रपितामहश्च।
नमो नमस्तेऽस्तु सहस्रकृत्वः पुनश्च भूयोऽपि नमो नमस्ते ॥
नमः पुरस्तादथ पृष्ठतस्ते नमोऽस्तु ते सर्वत एव सर्व |
अनन्तवीर्यामितविक्रमस्त्वं सर्वं समाप्नोषि ततोऽसि सर्वः॥"
.
आप ही यम (मूलाधार चक्र), वरुण (स्वाधिष्ठान चक्र), अग्नि (मणिपुर चक्र), वायु (अनाहत चक्र), शशांक (विशुद्धि चक्र), प्रजापति (आज्ञा चक्र), और प्रपितामह (सहस्त्रार चक्र) हैं| आपको हजारों बार नमस्कार है|
पुनश्च: आपको "क्रिया" (क्रियायोग के अभ्यास और आवृतियों) के द्वारा अनेकों बार नमस्कार (मैं नहीं, आप ही हैं, यानि कर्ता मैं नहीं आप ही हैं) हो|
(यह अतिशय श्रद्धा, भक्ति और अभीप्सा का भाव है)
आप को आगे से और पीछे से (इन साँसों से जो दोनों नासिका छिद्रों से प्रवाहित हो रहे हैं) भी नमस्कार है (ये साँसें आप ही हो, ये साँसें मैं नहीं, आप ही ले रहे हो)| सर्वत्र स्थित हुए आप को सब दिशाओं में (सर्वव्यापकता में) नमस्कार है| आप अनन्तवीर्य (अनंत सामर्थ्यशाली) और अमित विक्रम (अपार पराक्रम वाले) हैं, जो सारे जगत में, और सारे जगत को व्याप्त किये हुए सर्वरूप हैं| आपसे अतिरिक्त कुछ भी नहीं है|
.
यह मैं और मेरा होने का भाव मिथ्या है| जो भी हैं, वह आप ही हैं| जो मैं हूँ वह भी आप ही हैं| हे प्रभु , आप को बारंबार नमन है !! ॐ तत्सत् !! ॐ ॐ ॐ !!
पं. कृपा शंकर बावलिया मुद्गल
झुंझुनूं (राजस्थान) १७ अगस्त २०२२

No comments:

Post a Comment