Tuesday, 17 November 2026

परमात्मा प्रेम का विषय है, भय और घृणा का नहीं ---

 परमात्मा प्रेम का विषय है, भय और घृणा का नहीं। जो सीख हमें भयभीत होना और अन्यों से घृणा करना सिखाती है, वह धार्मिक नहीं हो सकती। सबके अपने-अपने पात्रतानुसार अलग-अलग दृष्टिकोण हैं। एक बालक चौथी में पढ़ता है, एक आठवीं में, एक दसवीं में, एक कोलेज में, -- सबकी पढ़ाई अलग अलग है और सोच भी अलग है। यही हाल साधना में है, सबके क्रम अलग-अलग हैं।

.
लगभग पचास वर्ष हो गए हैं, भगवान मुझे शांति से बैठने नहीं देते। दो मिनट शांति से बैठता हूँ, तो फिर मुझे कुछ लिखने को बाध्य कर देते हैं। वे चाहते है कि या तो मैं निर्विकल्प समाधि में निरंतर रहूँ, या फिर उनके नाम का निरंतर प्रचार करता रहूँ। जिन परिस्थितियों में उन्होंने मुझे रखा है, उनमें समाधिस्थ रहना संभव नहीं है। ईश्वर की चर्चा भी किसी को पसंद नहीं है। मैं किसी भी आगंतुक से हरिः चर्चा करता हूँ तो वह उठकर वहाँ से चला जाता है। किसी से वेदान्त की बात करता हूँ, तो वह फिर कभी लौटकर वापस नहीं आता।
.
पिछले जन्म की स्मृतियाँ कुछ-कुछ याद आती हैं, अगले जन्म का भी कुछ-कुछ आभास होता है। नित्य नियमित ध्यान साधना सर्वाधिक महत्वपूर्ण है, अन्यथा परमात्मा को पाने की इच्छा ही समाप्त हो जाती है। मन पर निरंतर मैल चढ़ता रहता है, जिसकी नित्य सफाई आवश्यक है। जीवन की विषमताओं को स्वीकार करना ही होगा। ये सब विषमताएँ हमारे विगत के विचारों का ही घनीभूत रूप हैं, जो हमारे समक्ष प्रकट हो रहे हैं। ये हमारी ही सृष्टि हैं।
.
सत्य का प्रमाण स्वयं की ही अनुभूति है। उन सब विचारधाराओं से दूर रहो जो दूसरों से घृणा करना सिखाती हैं, जो अपने से पृथक विचार वालों की ह्त्या करना सिखाती है, जो आत्महीनता का बोध कराती हैं, जो यह सिखाती हैं कि तुम जन्म से पापी हो, या फिर असहमति होने पर हमें भयभीत करती हैं। यदि भगवान में श्रद्धा और विश्वास है तो भयभीत होने का कोई कारण नहीं है। हमारे किसी भी शास्त्र में भयभीत होने की शिक्षा नहीं दी गयी है, यह एक विजातीय प्रभाव है। निर्भीकता की जितनी अच्छी शिक्षा गीता में भगवान श्रीकृष्ण ने दी है, उतनी कहीं भी किसी भी अन्य धर्मग्रंथ में नहीं है। डरना ही है तो अपने बुरे कर्मफलों से डरो, अन्य किसी भी वस्तु से नहीं। एक सच्चे हिन्दू को कभी भी नहीं डरना चाहिए| भगवान ने हमारी ही रक्षा के लिए अस्त्र धारण कर रखे हैं। उन शस्त्रधारी भगवान को ह्रदय में रखकर असत्य व अन्धकार की शक्तियों का निरंतर प्रतिकार करो, और अपने पथ पर अडिग रहो। ॐ ॐ ॐ !!
.
हे कूटस्थ सच्चिदानंद परमब्रह्म परमशिव, आपको नमन ! आप सब नाम-रूपों से परे सम्पूर्ण अस्तित्व हैं। यह "मैं" और "मेरा" रूपी पृथकता आपको समर्पित है। और कुछ देने को मेरे पास है भी नहीं, सब कुछ तो आप ही हैं। ॐ तत् ॐ सत् ॥
कृपा शंकर
१७ नवंबर २०२६