Wednesday, 29 July 2026

जातिवाद समाप्त हो सकता है यदि सरकारी कागजों में जाति का उल्लेख प्रतिबंधित हो जाए ---

 जातिवाद समाप्त हो सकता है यदि सरकारी कागजों में जाति का उल्लेख प्रतिबंधित हो जाए .....

.
देश और समाज की एकता व सामाजिक सद्भाव के लिए सरकारी कागजों में जाति का उल्लेख अत्यधिक कठोरता से प्रतिबंधित होना चाहिएा जातिवाद देश पर कलंक, और धर्म-विरुद्ध है| हिंदुओं के लिए जातिवाद वेद-विरुद्ध है, इसलिए त्याज्य है|
.
जातिवाद का आरंभ उस काल में हुआ था जब भारत पर स्थल मार्ग से अरब, फारस और मध्य एशिया के विदेशी आक्रान्ताओं के आक्रमण आरंभ हुए, और जल मार्ग से पूर्तगालियों के| उस से पूर्व कोई जातिवाद नहीं था| उस समय यह अपनी रक्षा के लिए बनाई गई अस्थायी व्यवस्था थी जो दुर्भाग्य से कालांतर में स्थायी हो गई|
.
भारत के वर्तमान संविधान में सैंकड़ों जातियों का उल्लेख है और संविधान ही जातियों के आधार पर आरक्षण देकर जातिवाद को बढ़ावा देता है| किसी भी हिन्दू धर्म-ग्रंथ में जातियों का उल्लेख नहीं है| भारत में गुण और कर्मों के आधार पर वर्ण-व्यवस्था मात्र थी जो स्वाभाविक है|
.
गीता में भगवान कहते हैं .....
"चातुर्वर्ण्यं मया सृष्टं गुणकर्मविभागशः|
तस्य कर्तारमपि मां विद्ध्यकर्तारमव्ययम्||४:१३||"
अर्थात .... गुण और कर्मों के विभाग से चातुर्वण्य मेरे द्वारा रचा गया है| यद्यपि मैं उसका कर्ता हूँ तथापि तुम मुझे अकर्ता और अविनाशी जानो||.
.
मूल मनुस्मृति में कहीं भी जातिप्रथा का उल्लेख नहीं है| जो लोग मनुस्मृति को गालियाँ देते हैं, यह उनकी विकृत और कुटिल मानसिकता है| मनुस्मृति वेदों पर आधारित है जहाँ सिर्फ वर्णों का ही गुण-कर्मों के आधार पर उल्लेख है| मनुस्मृति में कहीं पर भी किसी जाति का उल्लेख नहीं है|
.
विदेशी आक्रान्ताओं ने विशेषकर अंग्रेजों ने अपने वेतनभोगी मेक्समूलर जैसे पादरियों से हिंदुओं के धर्मग्रंथों को प्रक्षिप्त और विकृत करवाया, शूद्रों पर अत्याचारों की झूठी कथाएँ लिखवाईं और मूल धर्म-ग्रंथों को नष्ट करने का पूरा प्रयास किया| भगवान की कृपा से ब्राह्मणों ने उन्हें रट रट कर याद कर लिया, इसलिए धर्म-ग्रंथ बच गए, अन्यथा सारे धर्म-ग्रंथ लुप्त हो जाते|
.
ॐ तत्सत ! ॐ ॐ ॐ !!
कृपा शंकर
२७ जुलाई २०२०

क्या कोई ऐसा पुरुष है जो सभी गुणों में श्रेष्ठ हो ?

 क्या कोई ऐसा पुरुष है जो सभी गुणों में श्रेष्ठ हो ?

.
ऐसा पुरुष तो देवताओं में भी नहीं मिलेगा जिसमें सारे गुण हों, और कोई अवगुण न हो। एकमात्र ऐसे पुरुष जिन्होंने कभी इस पृथ्वी पर भ्रमण किया है, तो वे भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण ही थे। उनसे श्रेष्ठ कोई दूसरा पुरुष कभी नहीं हुआ। वे ही हमारे एकमात्र आदर्श हो सकते हैं। हम उन्हीं का ध्यान करें, और अपने निज जीवन में अवतरित कर उन्हें व्यक्त करें।
आज के भारत में नराधम राक्षसों ने अधर्म और अनाचार फैला रखा है। हमें आवश्यकता है एक नई व्यवस्था के लिए ब्रह्मतेजोमय भगवन वेदव्यास जैसे व्यक्तित्व की, भगवन राम जैसे शासक की, और देवर्षि नारद जैसे मार्ग दर्शकों की। भगवान भारतभूमि का कल्याण करें। हृदय की यह एक बहुत घनी पीड़ा थी, जो आज व्यक्त हो गई। और लिखने को कुछ नहीं है। भगवान हमारे जीवन में हों, और हर क्षण उनकी अभिव्यक्ति हो।
ॐ तत्सत् !!
कृपा शंकर
३० जुलाई २०२२
पुनश्च: -- साथ तो दूर की बात है, जिन के हृदय में भगवान नहीं है, और जिन के हृदय में छल-कपट भरा पड़ा है, ऐसे लोगों का दर्शन होना भी मैं अपना बहुत बड़ा दुर्भाग्य मानता हूँ। अब तो मन में भगवान के सिवाय अन्य कोई विचार आता ही नहीं है।

विराट पुरुष का ध्यान ---

विराट पुरुष का ध्यान : -- समस्त सृष्टि की, और उस से भी परे की, यह विराट अनंतता -- हमारा शरीर है। ये सारी आकाश-गंगाएँ, अपने ग्रहों-उपग्रहों सहित सारे नक्षत्र, हमारी ही विराट देह के भाग हैं। हम यह विराट-पुरुष हैं, कोई भौतिक देह नहीं। उसी विराट-पुरुष का सदा गुरु प्रदत्त विधि से ध्यान करो, उसी की उपासना करो, और उसी में स्थित रहो।

.
हंसः योग (अजपा-जप) करते रहो। कुंभक की अवधि में विराट-पुरुष का और भी गहरा ध्यान करो। फिर अनाहत नाद के रूप में प्रणव की ध्वनि के साथ निदिध्यासन करते रहो। अपनी चेतना को भौतिक देह से जितने अधिक समय तक हो सके बाहर ही रखो। बीच बीच में अपने भौतिक शरीर को भी देख लो और यह भाव करो की में यह भौतिक शरीर नहीं, विराट पुरुष हूँ।
.
घनीभूत प्राण-ऊर्जा (कुंडलिनी) जागृत हो जाये तो उसे बार-बार परमशिव को अर्पित करते रहो। इस विराटता से परे का अस्तित्व "परमशिव" है। पूर्ण रूपेण परमशिव को समर्पित होकर उनसे एकाकार होना ही हमारी उपासना का लक्ष्य है। साधनाकाल में ब्रह्मचर्य (ब्रह्म जैसे आचार-विचार) अपेक्षित हैं।
.
"ॐ नमः शम्भवाय च मयोभवाय च नमः शन्कराय च मयस्कराय च नमः शिवाय च शिवतराय च॥ ॐ नमः शिवाय !!
ॐ तत्सत् !! ॐ ॐ ॐ !!
३० जुलाई २०२२

आने वाली हरियाली तीज की समस्त श्रद्धालु हिन्दू मातृशक्ति को मंगलमय शुभ कामनाएँ और अभिनंदन ---

 आने वाली हरियाली तीज की समस्त श्रद्धालु हिन्दू मातृशक्ति को मंगलमय शुभ कामनाएँ और अभिनंदन ---

.
श्रावण मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया, तदानुसार रविवार ३१ जुलाई २०२२ को हरियाली तीज का पर्व है जो पूरे राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों में, और पूरे भारत में आप्रवासी राजस्थानी महिलाओं द्वारा बहुत श्रद्धा और उत्साह से मनाया जाता है। कल द्वितीया यानि ३० जुलाई २०२२ के दिन सिंजारा है। इन पर्वों पर भारत की समस्त मातृशक्ति को हार्दिक अभिनन्दन और शुभ कामनाएँ।
.
सभी माताएँ, बहिनें और बेटियाँ मेंहदी अवश्य मंडवाएँ। यदि घर के आसपास सुविधा हो तो झूला भी खूब झूलें। किसी नीम के पेड़ की मोटी डाल पर मोटी मजबूत रस्सी से झूला बंधवायें, और झूले पर बैठने के लिए खाती (बढ़ई) से लकड़ी का एक पाटा बनवा लें। उस पर बैठकर या खड़े होकर अकेले या जोड़े से खूब झूला झूलें -- इसे मारवाड़ी भाषा में पील मचकाना बोलते हैं। घर पर महिलाएं ही मिलकर सामूहिक नृत्य भी खूब करें। नवविवाहित महिलाएँ अपने मायके जाकर यह त्योहार मनाएँ।
.
जिन लड़कियों की सगाई हो जाती है, उन्हें अपने होने वाले सास-ससुर से दूज के दिन सिंजारा मिलता है। इसमें मेहँदी, लाख की चूड़ियाँ, कपड़े (लहरिया), मिठाई - विशेषकर घेवर शामिल होता है।
.
विवाहित महिलाओं को भी अपने पति, रिश्तेदारों एवं सास-ससुर से उपहार मिलते हैं। पुरुषों को चाहिए कि वे घर की महिलाओं को उनकी मनपसंद मिठाई आदि अवश्य खिलाएँ।
.
महिलाओं के मुँह से सामूहिक मंगल गीत बहुत मधुर लगते हैं। राजस्थान में तीज के त्यौहार का विशेष महत्व है। जयपुर में तो यह त्यौहार बड़ी ही धूम-धाम से मनाया जाता है व राजस्थान के सभी नगरों में तीज की सवारी निकाली जाती है। हर स्थान पर एक सांस्कृतिक वातावरण हो जाता है। अपनी संस्कृति और गौरव को ना भूलें।
.
मान्यता है कि भगवान शिव को पति के रूप में पाने के लिए माता पार्वती ने बहुत कठोर तप किया था। जब भगवान शिव ने देवी पार्वती को अपनी पत्नी के रूप में स्वीकार किया, तभी से इस व्रत का आरंभ हुआ। तीज माता के रूप में पार्वती की आराधना होती है।
.
जय सनातन भारतीय संस्कृति, जय सनातन धर्म, जय माँ भारती॥
कृपा शंकर
२९ जुलाई २०२२

एकमात्र कर्ता भगवान स्वयं हैं।

 साधना में कर्ताभाव कभी भी नहीं आना चाहिए ---

एकमात्र कर्ता भगवान स्वयं हैं। हम तो एक साक्षी निमित्त मात्र हैं। अपनी साधना वे स्वयं कर रहे हैं। हमारे माध्यम से साँसें भी वे ही ले रहे हैं। हमारी हर गतिविधि के पीछे वे स्वयं हैं। हर समय उनका स्मरण रहे। गीता में भगवान कहते हैं --
"तस्मात्सर्वेषु कालेषु मामनुस्मर युध्य च।
मय्यर्पितमनोबुद्धिर्मामेवैष्यस्यसंशयम्॥८:७॥"
अर्थात् - इसलिए, तुम सब काल में मेरा निरन्तर स्मरण करो; और युद्ध करो मुझमें अर्पण किये मन, बुद्धि से युक्त हुए निःसन्देह तुम मुझे ही प्राप्त होओगे॥
ॐ तत्सत् !!
२९ सितंबर २०२३

जब तक मैं इस देह की चेतना में हूँ, तब तक एक विदेशी भूमि में अजनबी हूँ ---

 जब तक मैं इस देह की चेतना में हूँ, तब तक एक विदेशी भूमि में अजनबी हूँ। मेरा वास्तविक निवास परमात्मा की सर्वव्यापकता है। मैं यह शरीर नहीं, शाश्वत आत्मा हूँ, जिसने अपने कर्मफलों को भोगने के लिए यह जन्म लिया है। जिस दिन ये प्रारब्ध कर्म कट जाएँगे, उस दिन यह शरीर भी अपने आप ही छूट जाएगा। इस भव-सागर में अमृत और विष दोनों साथ-साथ हैं। मंथन का अधिकार प्रभु ने हम को ही दिया है। हम विषपान करें या अमृतपान -- यह हमारी ही स्वतंत्र इच्छा पर निर्भर है। प्रकृति हमें उसी के अनुसार फल देती है। प्रभु ने हमें विवेक दिया है, ताकि हम उचित निर्णय ले सकें।

.
मेरे जीवन का लक्ष्य परमशिव (ब्रह्म) को व्यक्त करना है। यही मेरा स्वधर्म है। हर कार्य के कर्ता और भोक्ता -- भगवान स्वयं हैं। मैं तो एक निमित्त-मात्र, उनकी पूर्णता, परमप्रेम, व आनंद हूँ। मेरे आदर्श भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण हैं। वेदवाक्य ही मेरे लिए अंतिम प्रमाण हैं। लौकिक रूप से मैं सनातनी हिन्दू ब्राह्मण हूँ। विधिवत रूप से मेरा शास्त्रों का कोई अध्ययन नहीं है, लेकिन जितना आवश्यक है, उतने का ज्ञान भगवान की कृपा से है।
.
प्रातःकाल मैं जब उठता हूँ, तब भगवान श्रीकृष्ण की चेतना में ही उठता हूँ। उठते ही उनका ध्यान करना पड़ता है। पूरे दिन उनकी स्मृति बनी रहती है। ऐसा लगता है कि वे निरंतर मेरे साथ हैं। एक क्षण के लिए भी वे दूर नहीं होते। हृदय प्रेम से भरा रहता है। रात्री को भगवान श्रीकृष्ण का ध्यान किये बिना नींद नहीं आती। उनका ध्यान करना ही पड़ता है। भगवान ही यह जीवन जी रहे हैं, मैं नहीं। जब भगवान स्वयं ही यह जीवन हैं, तब किसी से कुछ भी अपेक्षा नहीं है।
.
ॐ तत्सत् !! ॐ नमो भगवते वासुदेवाय !! ॐ ॐ ॐ !!
कृपा शंकर
२९ जुलाई २०२३