Friday 3 February 2017

भगवान यहीं है, इसी समय हैं और सर्वदा हैं .....

प्रिय निजात्मगण, सप्रेम सादर नमन!
आप सब मेरी ही निजात्मा हो, आपका ह्रदय भी मेरा ही ह्रदय है| आप में और मुझ में कोई भेद नहीं है|
जब प्रभु साक्षात् हमारे समक्ष प्रकट हैं और हमारा समर्पण बिना किसी शर्त के स्वीकार कर रहे हैं तो उन्हीं में पूर्णतः समर्पित हो जाने के अतिरिक्त हमें और क्या चाहिए ? ........ कुछ भी नहीं|
यह जीवन धन्य और कृतार्थ हुआ|
सारी साधनाओं का, सारी भक्ति का और सारे शास्त्रों का सार है..... शरणागति द्वारा समर्पण| यही सनातन धर्म है|
.
भगवान यहीं है, इसी समय हैं और सर्वदा हैं| वे ही हमारे ह्रदय में धड़क रहे हैं, फेफड़ों से सांस ले रहे हैं, आँखों से देख रहे हैं, कानों से सुन रहे हैं, पैरों से चल रहे हैं और दिमाग में सोच रहे हैं| वे निकटतम से भी निकट हैं| अब और कुछ भी नहीं चाहिए| सब कुछ तो मिल गया है| भगवान स्वयं ही चल कर आ गए हैं, अतः अब कहीं भी जाने की आवश्यकता नहीं है| जन्म से अब तक वे ही माता-पिता भाई-बहिन, सम्बन्धियों व शत्रु-मित्रों के रूप में आये और वे ही सर्वस्व हैं|
वे ही "मैं" बन गए हैं, यह "मैं", "मेरापन", "तूँ", और "तेरापन" सब कुछ वे ही हैं|
यह व्यष्टि भी वे हैं और समष्टि भी वे ही हैं|
कुछ भी अपने लिए नहीं बचाकर रखना है, सब कुछ उनको समर्पित है| वे ही वे हैं, मैं नहीं और मेरा कुछ भी नहीं है| ॐ ॐ ॐ ||
.
ॐ नमो भगवते वासुदेवाय | ॐ शिव शिव शिव शिव शिव | ॐ ॐ ॐ ॐ ॐ ||
कृपा शंकर

ध्यान साधना --- (भाग २)

ध्यान साधना --- (भाग २)
=========
कल मैंने भाग १ में ध्यान साधना के बारे में आरंभिक जानकारी दी थी और अजपा-जप के बारे में लिखा था| अनाहत नाद यानि ओंकार पर ध्यान का भी थोडा जिक्र किया था|
,
पर सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इस साधना में सिद्धि उसी को मिलती है जिसका आचार विचार सही होता है| इसलिए ऋषि पातंजलि ने यम नियमों की आवश्यकता पर जोर दिया है|
योग मार्ग में जो उच्चतर साधनाएँ हैं उन्हें गुरुमुखी यानि गुरुगम्य रखा गया है| वे प्रत्यक्ष गुरु द्वारा शिष्य की पात्रता देखकर ही दी जाती है| उनके बारे में सार्वजनिक चर्चा का निषेध है|
.
सूक्ष्म प्राणायाम की क्रियाओं व ध्यान साधना के साधना काल में यदि साधक का आचरण सही नहीं होता तो उसे या तो मस्तिष्क की गंभीर विकृति हो जाती है या वह असुर बन जाता है| जिनके आचार विचार सही थे वे देवता बने, जिनके गलत थे वे असुर बने|
"आचारहीनं न पुनन्ति वेदाः" आचारहीन को वेद भी नहीं पवित्र कर सकते| श्रुति भगवती कहती है कि दुश्चरित्र कभी भी आत्मज्ञान को प्राप्त नहीं कर सकता। सदाचार होने पर ही धर्म उत्पन्न होता है।
.
हमें मंत्रसिद्धि असत्यवादन के कारण नहीं होती| असत्य बोलने के कारण हमारी वाणी दग्ध हो जाती है| जैसे जला हुआ पदार्थ यज्ञ के काम का नहीँ होता है, वैसे ही जिसकी वाणी झूठ बोलती है, उससे कोई जप तप नहीं हो सकता| वह चाहे जितने मन्त्रों का जाप करे, कितना भी ध्यान करे, उसे फल कभी नहीं मिलेगा|
दूसरों की निन्दा करना भी वाणी का दोष है। जो व्यक्ति अपनी वाणी से किसी दूसरे की निन्दा करता है वह कोई जप तप नहीं कर सकता| इसलिए अहिंसा, सत्य, अस्तेय, ब्रह्मचर्य और अपरिग्रह की आवश्यकता है|
.
शिष्यत्व की भी पात्रता होती है जिसके होने पर भगवन स्वयं गुरु रूप में साधक का मार्गदर्शन करते हैं|
.
सभी को शुभ मंगल कामनाएँ| आप सब में हृदयस्थ भगवान नारायण को प्रणाम| परमशिव सब का कल्याण करें|
ॐ नमो भगवते वासुदेवाय| ॐ नमो भगवते वासुदेवाय| ॐ नमो भगवते वासुदेवाय| ॐ ॐ ॐ ||
इति||