Thursday, 3 July 2025

पलटू सोइ सुहागनी, हीरा झलके माथ ......

 पलटू सोइ सुहागनी, हीरा झलके माथ ......

------------------------------------------
संत पलटूदास जी कह रहे हैं कि सुहागन वो ही है जिसके माथे पर हीरा झलक रहा है| अब यह प्रश्न उठता है कि सुहागन कौन है और माथे का हीरा क्या है ? वह हीरा है ब्रह्मज्योति का जो हमारे माथे पर कूटस्थ में देदीप्यमान है| सुहागन है वह जीवात्मा जो परमात्मा के प्रति पूर्णतः समर्पित है|
.
"मन मिहीन कर लीजिए, जब पिउ लागै हाथ .....
जब पिउ लागै हाथ, नीच ह्वै सब से रहना |
पच्छापच्छी त्याग उंच बानी नहिं कहना ||
मान-बड़ाई खोय खाक में जीते मिलना |
गारी कोउ दै जाय छिमा करि चुपके रहना ||
सबकी करै तारीफ, आपको छोटा जान |
पहिले हाथ उठाय सीस पर सबकी आनै ||
पलटू सोइ सुहागनी, हीरा झलकै माथ |
मन मिहीन कर लीजिए, जब पिउ लागै हाथ ||"
.
परमात्मा को पाना है, तो उसी मात्रा में परमात्मा मिलेगा जिस अनुपात में हमारा मन सूक्ष्म होगा| सूक्ष्म यानी अहंकार के मिट जाने की दिशा में यात्रा| जिस दिन मन पूरा शून्य हो जाता है, उसी दिन हम परमात्मा हैं| फिर प्रेमी में और प्यारे में फर्क नहीं रह जाता, भक्त और भगवान में फर्क नहीं रह जाता| फर्क एक शांत झीने से धुएँ के पर्दे का है, मगर हम अपने अंतर में कोलाहल रूपी बड़ा मोटा लोहे का पर्दा डाले हुए हैं, और उसमें बंदी बनकर चिल्लाते हैं कि भगवान तुम कहाँ हो| उस कोलाहल को शांत करना पड़ेगा|
.
जब गंगाजल मिल सकता हो तो हम क्यों किसी गंदी नाली का जल पीएँ ? नृत्य ही देखना हो अपने अंतर में तो मीरा का और भगवन नटराज का नृत्य ही देखें| गीत ही सुनना हो तो किसी भक्त कवि का गीत सुनें| जब तक हम अपने अहंकार अर्थात अपनी 'मैं' को नहीं त्यागते तब तक हमें परमात्मा कि प्राप्ति नहीं हो सकती|
.
हमें सुहागन भी बनना है और माथे पर हीरा भी धारण करना है| हमारा सुहाग परमात्मा है|
.
ॐ तत्सत् | ॐ ॐ ॐ ||
कृपाशंकर
०३ जुलाई २०१६

वेदान्त के अनसार जब हम यह शरीर नहीं, प्रत्यगात्मा हैं, तब हमारा गुरु कौन है?

 वेदान्त के अनसार जब हम यह शरीर नहीं, प्रत्यगात्मा हैं, तब हमारा गुरु कौन है?

.
प्रत्यगात्मा (प्रत्यक्+आत्मा) शब्द कृष्ण-यजुर्वेद के कठोपनिषद के द्वितीय अध्याय की प्रथम वल्ली के प्रथम मंत्र में आता है। आचार्य शंकर ने अपने भाष्य में इसे समझाया भी है। यह विषय मेरी बौद्धिक क्षमता से परे का है, लेकिन अनुभूतियों से परे का नहीं है। इस विषय पर मैं शब्द-रचना नहीं कर सकता, लेकिन शब्दों से परे के अनुभव ले सकता हूँ। मेरे अनुभव कोई अन्य समझ भी नहीं सकता। लेकिन मुझे कोई संशय नहीं है। मेरे लिए एक ही विकल्प बचता है कि मैं मौन होकर साधना करूँ, और बाकी सब परमात्मा पर छोड़ दूँ। ॐ तत्सत् !!
कृपा शंकर
३ जुलाई २०२५
.
(पुनश्च: -- आध्यात्मिक अनुभूतियों पर मुझे कुछ भी नहीं कहना है। सर्वप्रथम हम वीतराग होकर स्थितप्रज्ञ बनें, फिर समर्पित होकर ब्रह्म में स्थित हों। इससे आगे की समस्या परमात्मा की है, हमारी नहीं। बिना वीतराग हुए आगे के द्वार नहीं खुलते। राग-द्वेष और अहंकार से मुक्त व्यक्ति ही महात्मा है।)

हमारा सुहाग परमात्मा है ---

 पलटू सोइ सुहागनी, हीरा झलके माथ ---

सुहागन वो ही है जिसके माथे पर हीरा झलक रहा है| अब यह प्रश्न उठता है कि सुहागन कौन है और माथे का हीरा क्या है ?
वह हीरा है ब्रह्मज्योति का जो हमारे माथे पर कूटस्थ में देदीप्यमान है| सुहागन है वह जीवात्मा जो परमात्मा के प्रति पूर्णतः समर्पित है| हमें सुहागन भी बनना है और माथे पर हीरा भी धारण करना है| हमारा सुहाग परमात्मा है| ॐ तत्सत् |
३ जुलाई २०२१

हमारे पतन का मुख्य कारण -- "तमोगुण" की प्रधानता है ---

 किसी भी व्यक्ति, समाज, व देश के पतन का मुख्य कारण -- "तमोगुण" की प्रधानता है। "रजोगुण" की प्रधानता से सांसारिक उन्नति होती है, और सतोगुण की प्रधानता से आध्यात्मिक उन्नति।

.
ज्ञानयोग व भक्तियोग को वे ही समझ सकते हैं, जिनमें सतोगुण प्रधान होता है। ऐसे ही कर्मयोग को वे ही समझ सकते जिनमें रजोगुण प्रधान होता है। जो इन सब गुणों से परे होता है वह जीवनमुक्त होता है। यह सब हमारी जन्म-जन्मांतरों की साधना पर निर्भर है कि हमारे में कौन सा गुण प्रधान रहेगा।
ॐ तत्सत्
३ जुलाई २०२२

"कबीर बिछड्या राम सूँ , ना सुख धूप न छाँह" ---

 "कबीर बिछड्या राम सूँ , ना सुख धूप न छाँह" ---

.
विरही को कहीं सुख नहीं है। सुख सिर्फ राम में ही है, बाकी सब मृगतृष्णा है। सुख के स्वप्न और मधुर कल्पनायें -- हमें कर्मफलों के बंधनों में बांधती हैं। फिर क्या करें? संसार का सार क्या है?
स्वयं से बार-बार यही पूछते रहो, यही संसार का सार है। जीवन में सफलता का मापदंड "संतोष", "तृप्ति" और "आनंद" है, रुपया-पैसा नहीं। सांसारिक दृष्टि से अति सफल लोगों को मैनें आत्म-ह्त्या करके मरते हुए देखा है।
सभी व्थथाओं का संबंध इस देह से है, हम यह देह नहीं, परमात्मा के अमृतपुत्र हैं।
.
भगवान से अलग हो चुकी आत्मा को स्वप्न में भी सुख नहीं मिलता है। दिन और रात, धूप और छाँह - कहीं भी सुख नहीं है। प्राण तो उनके विरह में ही तप कर समाप्त हो जाएँगे। लगता है यह आत्मा इस योग्य नहीं हुई है कि इस जन्म में हरिःदर्शन कर सके। इस पीड़ा को या तो मारने वाला जानता है, या फिर इसे भोगने वाला ही।
.
भगवान भी निशाना लेकर बड़े यत्न से खींच-खींच कर साधते हुए अपने प्रेम का बाण चलाते हैं, जो चित्त के आर-पार हो जाता है। उनकी यह सधी हुई मार ही हमारी वेदना है। विरह की अग्नि असहनीय है।
नैनन की करि कोठरी पुतली पलंग विछाय।
पलकों की चिक डारिकै पिय को लिया रिझाय॥
पानी केरा बुदबुदा अस मानुस की जात।
देखत ही छिप जाएगा ज्यों तारा परभात॥
.
रहिमन निज मन की व्यथा, मन ही राखो गोय।
सुनि अठिलइहैं लोग सब, बांट न लइहैं कोय॥"
मेरी व्यथा साक्षात् परमात्मा की ही व्यथा है, जिसका समाधान भी वे ही हैं। उनकी व्यथा उन्हें ही समर्पित है।
ॐ तत्सत् !! ॐ ॐ ॐ !!
कृपा शंकर
३ जुलाई २०२२

मैं जहां पर भी हूँ, भगवान वहीं हैं, भगवान सदा मेरे साथ हैं, और निरंतर मेरी चेतना में रहते हैं ---

 

मैं जहां पर भी हूँ, भगवान वहीं हैं, भगवान सदा मेरे साथ हैं, और निरंतर मेरी चेतना में रहते हैं ---
.
किसी अन्य के किए हुए भोजन से हमारी भूख नहीं मिटती। भूख मिटाने के लिए भोजन तो हमें स्वयं को ही करना होगा। इसी तरह दूसरों के द्वारा की गई तपस्या से हमारा कल्याण नहीं हो सकता। हमारा कल्याण हो, हम कृतकृत्य हों, इसके लिए स्वयं को ही तपस्या करनी होगी।
.
हम संतों की सेवा करते हैं क्योंकि हमारे शास्त्र हमें सत्संग और संत-सेवा का आदेश देते हैं। संत हमें प्रेरणा देते हैं, हमें प्रोत्साहित करते हैं, और आवश्यक होने पर हमारा मार्गदर्शन भी करते हैं, इसलिए वे पूज्य हैं। उनका अस्तित्व ही हमारे लिये कल्याणकारक है। साहित्य में संतों के चरण-रज की बड़ी महिमा है, लेकिन वह भाषा का एक अलंकार मात्र है। मानसिक रूप से आप गुरु-चरणों में प्रणाम निवेदित कीजिये, मानसिक रूप से उनके चरणों की धूल में स्नान कीजिये और उसे माथे पर लगाइये। इसका बड़ा महत्व है। लेकिन उनकी चरण-रज को लेने, और चरण-स्पर्श के लिये आप मारामारी और धक्का-मुक्की करते हैं, दूसरों को नीचे गिराते हैं, दूसरों के शरीर पर पैर रखकर आगे बढ़ते हैं, और अभद्र व्यवहार करते हैं, तो ऐसी भक्ति किस काम की? ऐसी भक्ति नहीं चाहिए।
.
ऐसा मेरे साथ तीन बार हुआ है। एक बार तो मथुरा में और एक बार नाथद्वारा में सपत्नीक दर्शन करने गए तब देखा कि दर्शन के समय बड़ी भयंकर मारामारी थी। हम दूर खड़े रहे, और भगवान से प्रार्थना की कि बड़ी दूर से आये हैं, दर्शन दे दो, नहीं तो बड़ा क्षोभ होगा। भगवान की कृपा से वहाँ व्यवस्था में खड़ीं कुछ महिला पुलिस कर्मियों को हमारे पर बड़ी दया आई और उन्होने रास्ता बनाकर हमें दर्शन करवाये।
.
एक बार झारखंड के देवघर में भगवान शिव के दर्शन करने गए तब वहाँ पागलों की सी भीड़ थी। पुलिस वाले नियंत्रित कर कर के भीड़ को निपटा रहे रहे थे। वहाँ जाकर भगवान से यही प्रार्थना की कि कैसे भी एक बार यहाँ से जीवित बापस चले जाएँ, फिर दुबारा कभी भी यहाँ नहीं आयेंगे। बड़ी मुश्किल से जान बची।
.
दक्षिण भारत के अनेक प्रसिद्ध मंदिरों में बिना धोती पहिने आप अंदर नहीं जा सकते। मुझे यह व्यवस्था बड़ी अच्छी लगी। पुरुषों को तो ऊपर से बानियान भी उतारनी पड़ती है। महिलाओं के लिये साड़ी पहिनना अनिवार्य है। अभी चार महीनों पूर्व ही कर्नाटक में गोकर्ण नामक स्थान में चार सप्ताह के लिये गया था। वहाँ आसपास के कुछ गाँव बड़े अच्छे और सुंदर हैं। स्विट्जरलेंड में भी इतना सौंदर्य नहीं है। वहाँ एक मित्र ने एकांत में रहने की मेरी व्यवस्था कर दी थी। गोकर्ण में भगवान शिव का महाबलेश्वर नामक एक अति प्रसिद्ध मंदिर है, जिसमें जाने के लिये महिलाओं के लिये साड़ी और पुरुषों के लिये सिर्फ धोती पहिनना अनिवार्य है। मुझे यह बात बड़ी अच्छी लगी। तमिलनाडु में कन्याकुमारी और शचीन्द्रम के मंदिरों में भी यही नियम है।
.
भारत के अनेक प्रसिद्ध मंदिरों में दर्शन के लिये गया हूँ। अच्छे-बुरे अनेक अनुभव हुए है। लेकिन मेरी श्रद्धा में कभी कोई कमी नहीं आई है। सिर्फ दर्शन के उद्देश्य से अब कहीं भी नहीं जाता। मैं जहां पर भी हूँ, भगवान वहीं है। भगवान सदा मेरे साथ हैं, और निरंतर मेरी चेतना में रहते हैं।
ॐ तत्सत् !! ॐ ॐ ॐ !!
कृपा शंकर
३ जुलाई २०२४