Wednesday 5 April 2017

भगवान के ध्यान से क्या प्राप्त होता है ? मानवीय चेतना से ऊपर उठें ....

भगवान के ध्यान से क्या प्राप्त होता है ? ....

> मेरा उत्तर स्पष्ट है कि कुछ भी प्राप्त नहीं होता, जो कुछ पास में है वह भी चला जाता है| ध्यान साधना एक समर्पण की साधना है, कुछ प्राप्त करने की नहीं| यह अपना अहंकार और सर्वस्व परमात्मा में समर्पित करने का प्रयास है, बदले में कुछ प्राप्त करने का नहीं|
कुछ अभ्यास के पश्चात कर्ताभाव भी समाप्त हो जाता है| कुछ बनने की या कुछ पाने की कामना ही नष्ट हो जाती है| हाँ, एकमात्र फल जो मिलता है वह है .... संतुष्टि, प्रेम और आनंद| अन्य कुछ पाने की कामना भी मत करना, अन्यथा घोर निराशा प्राप्त होगी|
ॐ तत्सत् | ॐ ॐ ॐ ||
.
मानवीय चेतना से ऊपर उठें .....

> मानवीय चेतना से ऊपर उठ कर देवत्व में स्वयं को स्थापित करने का कोई न कोई मार्ग तो अवश्य ही होगा| हमें अपने जीवन का केंद्र बिंदु परमात्मा को बनाना ही पड़ेगा| वर्तमान सभ्यता में मनुष्य की बुद्धि का तो खूब विकास हो रहा है पर अन्य सद् गुणों का अधिक नहीं| मूक और निरीह प्राणियों पर क्रूर अत्याचार और अधर्म का आचरण प्रकृति कब तक सहन करेगी? मनुष्य का लोभ और अहंकार अपने चरम पर है| कभी भी महाविनाश हो सकता है| धर्म का थोड़ा-बहुत आचरण ही इस महाभय से रक्षा कर सकेगा| हम स्वयं को यह शरीर समझ बैठे हैं यही पतन का सबसे बड़ा कारण है|
इस विषय पर कुछ मंथन अवश्य करें| ॐ तत्सत् | ॐ ॐ ॐ ||
.
प्रकृति किसी को क्षमा नहीं करती, जो करेगा वह निश्चित रूप से भरेगा|
कर्मों का फल निश्चित रूप से सभी को मिलेगा|
राजनेताओं, न्यायाधीशों व अधिकारियों की सत्ता अंतिम नहीं है, उनका भी न्याय निश्चित रूप से होगा|
.
हे देव शक्तियो, इस राष्ट्र से असत्य और अन्धकार का नाश करने में हमारी सहायता करो | ॐ ॐ ॐ 

गृहस्थाश्रम और ईश्वर की प्राप्ति ......


प्रिय निजात्मगण, आप सब में साकार परमात्मा को मैं नमन करता हूँ|
आप सब से मेरे दो प्रश्न हैं .....

(१) क्या कोई गृहस्थ व्यक्ति जो अपने बाल बच्चों, सगे सम्बन्धियों व मित्रों के साथ रहता है, सत्य यानि ईश्वर का साक्षात्कार कर सकता है ?
(२) क्या कोई गृहस्थ व्यक्ति अपने सांसारिक परिवार को उसी प्रकार साथ लेकर परमात्मा के मार्ग पर चल सकता है जिस प्रकार पृथ्वी चन्द्रमा को लेकर सूर्य की परिक्रमा करती है ?
.
ये अति गहन प्रश्न हैं| इस विषय पर जो मैं समझ पाया हूँ उसे व्यक्त करने का प्रयास कर रहा हूँ|
.
> विवाह हानिकारक नहीं होता है| पर उसमें नाम रूप में आसक्ति आ जाए कि मैं यह शरीर हूँ, मेरा साथी भी शरीर है, तब दुर्बलता आ जाती है और इस से अपकार ही होता है| वैवाहिक संबंधों में शारीरिक सुख की अनुभूति से ऊपर उठना होगा| सुख और आनंद किसी के शरीर में नहीं हैं| भौतिक देहों में सुख ढूँढने वाला व्यक्ति कभी ईश्वर को प्राप्त नहीं कर सकता|
.
> यह अपने अपने दृष्टिकोण पर निर्भर करता है कि आपका वैवाहिक जीवन कैसा हो| इसमें सुकरात के, संत तुकाराम व संत नामदेव आदि के उदाहरण हैं|
राग-द्वेष से मुक्त गृहस्थ का घर भी तपोवन होता है|
.
> क्या आप ईश्वर की ओर अपने स्वयं की बजाय अनेक आत्माओं को भी अपने साथ लेकर चल सकते हैं?
.
> ये सारे के सारे आत्मन् आपके ही हैं| परमात्मा के साथ तादात्म्य स्थापित करने से पूर्व आप अपनी चेतना में अपनी पत्नी, बच्चों और आत्मजों के साथ एकता स्थापित करें| यदि आप उनके साथ अभेदता स्थापित नहीं कर सकते तो सर्वस्व (परमात्मा) के साथ भी अपनी अभेदता स्थापित नहीं कर सकते|
.
> क्रिया और प्रतिक्रया समान और विपरीत होती है| यदि मैं आपको प्यार करता हूँ तो आप भी मुझसे प्यार करेंगे| जिनके साथ आप एकात्म होंगे तो वे भी आपके साथ एकात्म होंगे ही| आप उनमें परमात्मा के दर्शन करेंगे तो वे भी आप में परमात्मा के दर्शन करने को बाध्य हैं|
.
> पत्नी को पत्नी के रूप में त्याग दीजिये, आत्मजों को आत्मजों के रूप में त्याग दीजिये, और मित्रों को मित्र के रूप में देखना त्याग दीजिये| उनमें आप परमात्मा का साक्षात्कार कीजिये|
स्वार्थमय और व्यक्तिगत संबंधों को त्याग दीजिये और सभी में ईश्वर को देखिये| आप की साधना उनकी भी साधना है| आप का ध्यान उन का भी ध्यान है| आप उन्हें ईश्वर के रूप में स्वीकार कीजिये|
.
> और भी सरल शब्दों में सार की बात यह है की पत्नी को अपने पति में परमेश्वर के दर्शन करने चाहियें, और पति को अपनी पत्नी में अन्नपूर्णा जगन्माता के|
उन्हें एक दुसरे को वैसा ही प्यार करना चाहिए जैसा वे परमात्मा को करते हैं, और एक दुसरे का प्यार भी परमात्मा के रूप में ही स्वीकार करना चाहिए|
.
> वैसा ही अन्य आत्मजों व मित्रों के साथ भी होना चाहिए| इस तरह आप अपने जीवित प्रियजनों का ही नहीं बल्कि दिवंगत प्रियात्माओं का भी उद्धार कर सकते हो| अपने प्रेम को सर्वव्यापी बनाइए, उसे सीमित मत कीजिये|
.
> आप में उपरोक्त भाव होगा तो आप के यहाँ महापुरुषों का जन्म होगा|
.
> यही एकमात्र मार्ग है जिस से आप अपने बाल बच्चों, सगे सम्बन्धियों व मित्रों के साथ ईश्वर का साक्षात्कार कर सकते है, अपने सहयोगी को भी उसी प्रकार लेकर चल सकते है जिस प्रकार पृथ्वी चन्द्रमा को लेकर सूर्य की परिक्रमा करती है|
.
आप सब विभिन्न देहों में मेरी ही निजात्मा हैं, मैं आप सब को प्रेम करता हूँ और सब में मेरे प्रभु का दर्शन करता हूँ| आप सब को प्रणाम| ॐ तत्सत् | धन्यवाद|
.
श्री गुरवे नम:| ॐ नमः शिवाय | ॐ नमः शिवाय | ॐ नमः शिवाय |
ॐ ॐ ॐ ||