Tuesday 22 February 2022

आजकल हो रही आत्महत्याओं की घटनाओं को रोका जा सकता है ---

 आजकल हो रही आत्महत्याओं की घटनाओं को रोका जा सकता है ---

.
अवसादग्रस्त व्यक्ति को मनोवैज्ञानिक सहारे की आवश्यकता है। आत्म-हत्या किसी समस्या का समाधान नहीं है। इससे दुःखों से मुक्ति नहीं मिलती, अपितु और भी अति भयावह अंधकारमय लोकों में जाकर उसे बहुत अधिक दुःख भोगने पड़ते हैं। अधिकांशतः आत्महत्या का प्रयास करने के मुख्य कारण --
(१) पति-पत्नी के मध्य में मनमुटाव, (२) सास-बहू के मध्य का मनमुटाव, और (३) आर्थिक तंगी है। आर्थिक तंगी और सूदखोरों से परेशान होकर भी बहुत लोग परिवार सहित आत्महत्या कर लेते हैं। आत्महत्या से पहिले व्यक्ति अवसादग्रस्त होता है। उस समय उसे बड़े मनोवैज्ञानिक सहारे की आवश्यकता होती है| यदि उसकी बात को बड़े ध्यान से सुना जाये और थोड़ी सहानुभूति दिखाई जाये तो वह अवसाद से बाहर आ सकता है।
.
आजकल विवाह की संस्था विफल होती जा रही है| समाज भी बच्चों में कोई अच्छे संस्कार नहीं देता| सिर्फ अधिक से अधिक रूपये कमाने की ही सीख दी जाती है। पति को कमाने वाली पत्नी चाहिए, और पत्नि को कमाने वाला पति| जहाँ वे एक-दूसरे की अपेक्षाओं को पूरा नहीं करते, वहीं कलह शुरू हो जाती है| हरेक जिले के पारिवारिक न्यायालयों में देख लीजिए, मुकदमों की भीड़ लगी हुई है| पति-पत्नि के पारिवारिक झगड़ों में लाभ सिर्फ उनके वकीलों को ही होता है, और किसी को नहीं| समाज में महिलाओं को अच्छे संस्कार दिये बिना महिला-सशक्तिकरण के नाम पर बहुत अधिक अधिकार दे दिये गए हैं| जरा-जरा सी बात पर वे अपने पतियों व ससुराल वालों का जीवन नर्क बना देती हैं| इसलिए परिवार टूट रहे हैं, और विवाह की संस्था विफल हो रही है|
.
अवसादग्रस्त व्यक्ति की हम क्या सहायता कर सकते हैं :---
शांत रहें, उसकी बात सुनें, और उसकी भावनाओं को समझें| उसे कोई उसकी बात सुनने वाला चाहिए, जिस पर वह विश्वास कर सके, और जो उसका ध्यान रख सके| कभी उसको अकेले में मत रहने दें, उस पर कोई भाषणबाजी न करें और ऐसे प्रश्न न पूछें जो उसको अप्रिय लगते हों| उसे किसी बहुत अच्छे मनोवैज्ञानिक और मनोचिकित्सक के पास ले जाकर उसका उपचार करवाएँ| उसमें किसी भी तरह की हीन-भावना न आने दें|
कृपा शंकर
२२ फरवरी २०२१