Wednesday, 22 January 2025

परमात्मा की ओर उठी दृष्टि अब उठी ही रहे, नीचे न आने पाये ---

 परमात्मा की ओर उठी दृष्टि अब उठी ही रहे, नीचे न आने पाये ---

.
भगवान से एक बार प्रेम कर लो, फिर सब कुछ वे ही करेंगे, कभी छोड़ेंगे नहीं; जकड़ कर सदा साथ रखेंगे। यह मेरा पक्का वादा है। हम एक निमित्त मात्र हैं, कर्ता नहीं। हम केवल उस यजमान की तरह हैं जो यज्ञ को संपन्न होते हुए देखता है, जिस की उपस्थिति यज्ञ की प्रत्येक क्रिया के लिये आवश्यक है। सारी क्रियाएँ तो जगन्माता स्वयं सम्पन्न कर के यज्ञरूप में परमात्मा को अर्पित करती है। कर्ताभाव और पृथकता का बोध, एक भ्रम है। परमशिव ही सर्वस्व हैं।
.
वेद और वेदांगों को समझना मेरी बौद्धिक क्षमता से परे है। ब्रह्मसूत्र जैसे ग्रंथ भी मुझे समझ में नहीं आते। अब तो उनको समझने का प्रयास करना भी छोड़ दिया है, क्योंकि सारे प्रश्न तिरोहित हो गये हैं; कोई शंका या संदेह नहीं है। कोई जिज्ञासा भी अब नहीं रही है, यह सीमित मन अब शांत है। कोई पीड़ा या व्याकुलता नहीं रही है, जीवन में पूर्ण संतुष्टि है।
.
प्रकृति में कुछ भी निःशुल्क नहीं है। हर चीज का शुल्क देना पड़ता है, यानि मूल्य चुकाना पड़ता है। भगवान की कृपा भी मुफ्त में नहीं मिलती, उसकी भी कीमत चुकानी पड़ती है। वह कीमत है -- "हमारे ह्रदय का पूर्ण प्रेम, और हमारे आचार-विचार में पवित्रता"।
.
ह्रदय के सिंहासन पर परम प्रिय स्वयं बिराजमान हैं, अन्य कोई आकर्षण नहीं रहा है। उनका मनोहारी रूप इतना आकर्षक है, जिसे शब्दों में व्यक्त करना असंभव है। बस, वे सदा बिराजमान रहें, और कुछ भी नहीं चाहिये। ॐ तत्सत् ! ॐ ॐ ॐ !!
कृपा शंकर
२३ जनवरी २०२५

संसार में सबसे तालमेल कैसे बैठाकर रखें ?

 संसार में सबसे तालमेल कैसे बैठाकर रखें ?

.
यह एक बहुत बड़ी समस्या है, जिसका समाधान बड़ा कठिन है। भगवान से प्रार्थना की तो भगवान ने एक बड़ा सुंदर उपाय बता दिया। भगवान कहते हैं कि --
"परमप्रेममय होकर शत्रु-मित्र, सगे-संबंधी, परिचित-अपरिचित, सभी में, यहाँ तक कि स्वयं में भी मुझ परमात्मा को ही देखो। किसी के प्रति भी घृणा व द्वेष मत रखो।
युद्धभूमि में शत्रु का संहार भी प्रेममय रहते हुए बिना किसी घृणा व द्वेष के करो। अपने हरेक कर्म के पीछे कर्ता परमात्मा को बनाओ और स्वयं निमित्त मात्र बन कर रहो।"
.
चारों ओर चाहे कितना भी घना अंधकार हो, लेकिन एक परम ज्योतिर्मय ब्रह्म के रूप में एक दिव्य आलोक के दर्शन ध्यान में सभी साधकों को सूक्ष्म जगत से भी परे होते हैं। वही हमारा लक्ष्य और उपास्य है। उसी का ध्यान होता है, और उसी की साधना होती है। साधना में इधर-उधर अन्यत्र कहीं भी दृष्टि न हो। इसका बहुत गहरा अभ्यास करना पड़ेगा कि मेरे हर विचार में परमात्मा हो, हालाँकि कोई मेरे विचार से सहमत नहीं होगा। हो सकता है लोग मेरी हंसी भी उड़ायें, मुझे मूर्ख, बेवकूफ, अनाड़ी और पागल भी कहें; लेकिन सब स्वीकार्य है।
ॐ तत्सत् !! ॐ स्वस्ति !!
कृपा शंकर
२३ जनवरी २०२३

क्या बताएँ? किसको बताएँ? कोई अन्य है ही नहीं, यह स्वयं का संवाद स्वयं से ही है ---

 क्या बताएँ? किसको बताएँ? कोई अन्य है ही नहीं, यह स्वयं का संवाद स्वयं से ही है ---

.
इसे आकांक्षा कहें या अभीप्सा? कुछ समझ में नहीं आ रहा है। जो कुछ भी अब तक समझ लिया है वह पर्याप्त है। अब और कुछ नया जानने, समझने व पाने की इच्छा भी नहीं रही है। सार्थकता सिर्फ भगवान को जानने में है। भगवान तो अनंत हैं, उनको जितना जान लिया है, जितना समझ लिया है, उसी में रमण करते रहें, उतना ही पर्याप्त है। इससे अधिक और कुछ नहीं चाहिए। किसी अन्य से कोई संवाद भी नहीं करना है, कोई अन्य है भी नहीं। घूम फिर कर हम स्वयं -- स्वयं से ही मिलते और बात करते रहते हैं।
.
भगवान की आराधना क्या है? स्वयं के अहंकार की सीमितता यानि पृथकता के बोध को -- परमप्रेममय होकर स्वयं की सर्वव्यापक अनंतता में समर्पण ही भगवान की आराधना है। यह मेरी समझ है।
लगभग ग्यारह वर्ष पूर्व आचार्य सियारामदास नैयायिक वैष्णवाचार्य ने विष्णु-पुराण और अनेक उपनिषदों व ग्रन्थों से उद्धृत कर एक बहुत विस्तृत लेख लिखा था, जिसमें "भगवान" शब्द के अर्थ को समझाया गया था। यदि उनका लिखा वह लेख कहीं से मिल जाये तो उसे अवश्य पढ़ें।
.
व्यवहारिक दृष्टि से भगवान की कृपा से ही हम भगवान को जान सकते हैं। सारी साधनाएँ व तपस्या आदि भी हम भगवान की कृपा से ही कर सकते हैं। अतः भगवान की कृपा कैसे हो? इसी विषय पर विचार करें। मेरा अनुभव मेरा है जो भगवान की कृपा से मुझे प्राप्त हुआ है, वह दूसरों के किसी काम का नहीं है। अतः जैसा भी आपके समझ में आता है उसी के अनुसार भगवान की आराधना करें।
.
लेकिन यह याद रखें की दूसरों को ठग कर, दूसरों के गले काट कर, दूसरों को हानि पहुंचा कर, और झूठ बोलकर हम भगवान की कृपा को नहीं पा सकते। भगवान को समझने के लिए वीतराग और स्थितप्रज्ञ होना होगा।
उन सभी महान आत्माओं को नमन जिन्हें भगवान से प्रेम है। प्रेम में कोई मांग नहीं, सिर्फ समर्पण होता है। मांग में व्यापार होता है, कोई भक्ति नहीं।
ॐ तत्सत् !!
कृपा शंकर
२३ जनवरी २०२४

भारत के महानतम स्वतन्त्रता सेनानी, परम देशभक्त, प्रथम प्रधानमंत्री, नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर कोटि-कोटि नमन !! जय हिन्द !!

 भारत के महानतम स्वतन्त्रता सेनानी, परम देशभक्त, प्रथम प्रधानमंत्री, नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर कोटि-कोटि नमन !! जय हिन्द !!

.
भारत के विभाजन का किसी को क्या अधिकार था? क्या इसके लिए कोई जनमत संग्रह करवाया गया था? जो लोग इसके लिए जिम्मेदार थे वे अब तक तो नर्कगामी हो गए होंगे, पर उन को दिये गए सभी सम्मान बापस लिए जाएँ, और उनकी आधिकारिक रूप से सार्वजनिक निंदा की जाये| उन के कारण ३५ लाख से अधिक निर्दोष लोगों की हत्याएँ हुईं, करोड़ों लोग विस्थापित हुए, और लाखों महिलाओं और बच्चों पर दुराचार हुए| विभाजन के लिए जिम्मेदार लोग मनुष्य नहीं, साक्षात नर-पिशाच हत्यारे थे|
.
भारत को निर्दयता से पूरी तरह लूट कर अँगरेज़ भारत से इसलिए गए क्योंकि द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद अंग्रेजी सेना की कमर टूट चुकी थी, और भारत के सैनिकों ने अँगरेज़ अधिकारियों को अभिवादन करना व उनके आदेश मानना बंद कर दिया था| १९४६ के नौसेना विद्रोह के बाद भारत के क्रांतिकारियों और आजाद हिन्द फौज से अँगरेज़ बहुत बुरी तरह डर गए थे, अतः उन्होंने भारत को छोड़ने में ही अपनी भलाई समझी| जाते जाते वे भारत का जितना नुकसान कर सकते थे, उतना कर गए और कैसे भी जोड़तोड़ कर के भारत की सत्ता एक काले अँगरेज़ को सौंप गए जिस के लिए ब्रिटिश हित ही सर्वोपरी था|
जय हिन्द, जय भारत ! वन्दे मातरम !!
२३ जनवरी २०२४