Sunday 27 February 2022

यस्य नाहंकृतो भावो बुद्धिर्यस्य न लिप्यते ---

आज प्रातः गीता के अठारहवें अध्याय के सत्रहवें श्लोक पर स्वाध्याय और चर्चा कर रहा था, पर उस से अभी तक मन नहीं भरा है, इसलिए दुबारा उस की चर्चा कर रहा हूँ| वासुदेव भगवान श्रीकृष्ण का यह एक बहुत बड़ा संदेश है ---

"यस्य नाहंकृतो भावो बुद्धिर्यस्य न लिप्यते| हत्वापि स इमाँल्लोकान्न हन्ति न निबध्यते||१८:१७||
अर्थात् जिस पुरुष में अहंकार का भाव नहीं है और बुद्धि किसी (गुण दोष) से लिप्त नहीं होती, वह पुरुष इन सब लोकों को मारकर भी वास्तव में न मरता है और न (पाप से) बँधता है||
इस विषय पर स्वनामधन्य अनेक महान आचार्यों ने बड़ी विद्वतापूर्ण टीकायें की हैं| इसका स्वाध्याय और मनन कर सभी को इसे अपने निज आचरण में लाना चाहिए| इस पर मैंने विचार किया तो पाया कि मुझ अकिंचन के वश की यह बात नहीं है| पर जब भगवान श्रीकृष्ण स्वयं कुछ कह रहे हैं तब इसे गंभीरता से लेना ही पड़ेगा|
मुझे कुछ भी आता-जाता नहीं है, इस लिए हे प्रभु, मैं स्वयं को ही पूर्ण रूपेण आपको समर्पित करता हूँ| सिर्फ आप ही मेरे हैं, और मैं आपका हूँ| बुद्धि तो मुझमें है ही नहीं| मेरी यह अति अल्प और सीमित बुद्धि आपको ही बापस करता हूँ| मुझे यह भी नहीं चाहिए| साथ-साथ यह मन, चित्त और अहंकार भी आपको ही बापस कर रहा हूँ| मुझे आपके अतिरिक्त अन्य कुछ भी नहीं चाहिए| ॐ तत्सत् ! ॐ ॐ ॐ !!
कृपा शंकर
२७ फरवरी २०२०

निरंतर अभ्यास, और वैराग्य, दोनों ही साधना-मार्ग पर आवश्यक हैं ---

 निरंतर अभ्यास, और वैराग्य, दोनों ही साधना-मार्ग पर आवश्यक हैं| इनके बिना मन पर नियंत्रण नहीं होता| मनुष्य की संकल्प-शक्ति से बहुत अधिक शक्तिशाली तो किसी भी मनुष्य के चारों ओर का वातावरण होता है| यदि वातावरण नकारात्मक हो तो सारे संकल्प धरे के धरे रह जाते हैं|

.
जब भी जीवन में परमात्मा की एक थोड़ी सी भी झलक मिले, उसी समय विरक्त हो जाना चाहिए| हमारे चारों ओर का वातावरण यदि नकारात्मक है तो हम किसी भी तरह की आध्यात्मिक प्रगति नहीं कर पाते| समाज में घर-परिवार के सदस्यों का प्रभाव नकारात्मक ही होता है, वे नहीं चाहते कि हमारी आध्यात्मिक प्रगति हो| हम उन के मोहजाल में फँस कर वहीं के वहीं रह जाते हैं|
.
अब रही कर्तव्य की बात| किसी बड़े कर्तव्य की पूर्ति के लिए यदि उस से छोटे कर्तव्य की उपेक्षा कर दी जाये तो कोई पाप नहीं होता| हमारा सब से बड़ा कर्तव्य है -- परमात्मा की प्राप्ति| परमात्मा की प्राप्ति के लिए यदि घर-परिवार को त्याग भी दिया जाये तो इसमें कोई पाप नहीं है|
.
यदि इस जन्म में हम विरक्त नहीं हो पाते हैं, तो कोई ग्लानि मत करें| अगले जन्म में भगवान हमें वैराग्यवान होने के लिए अनुकूल परिस्थितियाँ प्रदान करेंगे| वृद्धावस्था में कोई भजन-बंदगी नहीं हो सकती| युवावस्था ही आध्यात्मिक साधना के अनुकूल होती है|
ॐ तत्सत् !!
२७ फरवरी २०२१