Monday 5 June 2017

परमात्मा की कृपा ही हमें मुक्त कर सकती है .....


परमात्मा की कृपा ही हमें मुक्त कर सकती है .....
.
भगवान स्वयं ही करुणावश कृपा कर के हमें अपने साथ एक कर सकते हैं| यह न तो निज प्रयास से संभव है और न ही किसी देवी-देवता के द्वारा| असुर और सुर दोनों ही आध्यात्म मार्ग में बाधक हैं| देवता भी बुद्धि में दोष और अविश्वास उत्पन्न कर देते हैं| अतः आध्यात्मिक साधना से पूर्व भगवान से प्रार्थना और कुछेक शांतिमंत्रों का पाठ अवश्य करना चाहिए ताकि साधनामार्ग निर्विघ्न रहे| गुरु भी वही हो सकता है जो श्रोत्रिय, ब्रह्मनिष्ठ और जीवनमुक्त हो|
.
कुछ शान्तिमंत्र :--
----------------
ॐ पूर्णमदः पूर्णमिदम् पूर्णात् पूर्णमुदच्यते | पूर्णस्य पूर्णमादाय पूर्णमेवावशिष्यते ||
ॐ शान्तिः शान्तिः शान्तिः ||
.
ॐ सह नाववतु | सह नौ भुनक्तु | सह वीर्यं करवावहै | तेजस्विनावधीतमस्तु मा विद्विषावहै ||
ॐ शान्तिः शान्तिः शान्तिः ||
.
ॐ शं नो मित्रः शं वरुणः | शं नो भवत्वर्यमा | शं न इन्द्रो वृहस्पतिः | शं नो विष्णुरुरुक्रमः |
नमो ब्रह्मणे | नमस्ते वायो | त्वमेव प्रत्यक्षं ब्रह्मासि | त्वमेव प्रत्यक्षम् ब्रह्म वदिष्यामि |
ॠतं वदिष्यामि | सत्यं वदिष्यामि | तन्मामवतु | तद्वक्तारमवतु | अवतु माम् | अवतु वक्तारम् |
ॐ शान्तिः शान्तिः शान्तिः ||
.
ॐ आप्यायन्तु ममाङ्गानि वाक्प्राणश्चक्षुः श्रोत्रमथो बलमिन्द्रियाणि च सर्वाणि |
सर्वम् ब्रह्मौपनिषदम् माऽहं ब्रह्म निराकुर्यां मा मा ब्रह्म
निराकरोदनिराकरणमस्त्वनिराकरणम् मेऽस्तु |
तदात्मनि निरते य उपनिषत्सु धर्मास्ते मयि सन्तु ते मयि सन्तु |
ॐ शान्तिः शान्तिः शान्तिः ||
.
ॐ वाङ् मे मनसि प्रतिष्ठिता मनो मे वाचि प्रतिष्ठित-मावीरावीर्म एधि |
वेदस्य म आणिस्थः श्रुतं मे मा प्रहासीरनेनाधीतेनाहोरात्रान्
संदधाम्यृतम् वदिष्यामि सत्यं वदिष्यामि तन्मामवतु
तद्वक्तारमवत्ववतु मामवतु वक्तारमवतु वक्तारम् |
ॐ शान्तिः शान्तिः शान्तिः ||
.
ॐ भद्रं कर्णेभिः श्रुणुयाम देवाः भद्रं पश्येमाक्षभिर्यजत्राः |
स्थिरैरन्ङ्गैस्तुष्टुवागं सस्तनूभिः | व्यशेम देवहितम् यदायुः |
स्वस्ति न इन्द्रो वृद्धश्रवाः |
स्वस्ति नः पूषा विश्ववेदाः |
स्वस्ति नस्तार्क्ष्यो अरिष्टनेमिः |
स्वस्ति नो ब्रिहस्पतिर्दधातु ||
ॐ शान्तिः शान्तिः शान्तिः ||
.
ॐ द्यौ: शान्तिरन्तरिक्ष शान्ति: पृथिवी शान्तिराप: शान्तिरोषधय: शान्ति: |
वनस्पतय: शान्तिर्विश्वे देवा: शान्तिर्ब्रह्म शान्ति: सर्वँ शान्ति:, शान्तिरेव शान्ति: सा मा शान्तिरेधि ||
ॐ शान्ति: शान्ति: शान्ति: ||
.
ॐ असतो मा सद्गमय | तमसो मा ज्योतिर्गमय | मृत्योर्माऽमृतं गमय |
ॐ शान्ति: शान्ति: शान्ति: ||
.
ॐ ॐ ॐ ||

माता पिता दोनों ही प्रथम परमात्मा हैं ......

माता पिता दोनों ही प्रथम परमात्मा हैं ......
-----------------------------------------
पिता ही शिव हैं| और माता पिता दोनों मिलकर शिव और शिवानी यानि अर्धनारीश्वर के रूप हैं| किसी भी परिस्थिति में उनका अपमान नहीं होना चाहिए| उनका सम्मान परमात्मा का सम्मान है| यदि उनका आचरण धर्म-विरुद्ध और सन्मार्ग में बाधक है तो भी वे पूजनीय हैं| ऐसी परिस्थिति में आप उनकी बात मानने को बाध्य नहीं हैं पर उन्हें अपमानित करने का अधिकार आपको नहीं है| आप उनका भूल से भी अपमान नहीं करोगे| उनका पूर्ण सम्मान करना आपका परम धर्म है|
.
श्रुति कहती है ..... मातृदेवो भव, पितृदेवो भव|
माता पिता के समान गुरु नहीं होते| माता-पिता प्रत्यक्ष देवता हैं| यदि आप उनकी उपेक्षा करके अन्य किसी भी देवी देवता की उपासना करते हैं तो आपकी साधना सफल नहीं हो सकती|
.

मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम, महातेजस्वी श्रीपरशुराम, महाराज पुरु, महारथी भीष्म पितामह आदि सब महान पितृभक्त थे| विनता-नंदन गरुड़, बालक लव-कुश, वभ्रूवाहन, दुर्योधन और सत्यकाम आदि महान मातृभक्त थे| कोई भी ऐसा महान व्यक्ति आज तक नहीं हुआ जिसने अपने माता-पिता की सेवा नहीं की हो| "पितरी प्रीतिमापन्ने प्रीयन्ते सर्व देवता|"
.

श्री और श्रीपति, शिव और शक्ति .... वे ही इस स्थूल जगत में माता-पिता के रूप में प्रकट होते हैं|
उनके अपमान से भयंकर पितृदोष लगता है| पितृदोष जिन को होता है, या तो उनका वंश नहीं चलता या उनके वंश में अच्छी आत्माएं जन्म नहीं लेती| पितृदोष से घर में सुख शांति नहीं होती और कलह बनी रहती है| आज के समय अधिकांश परिवार पितृदोष से दु:खी हैं|
.

वे प्रत्यक्ष रूप से आपके सम्मुख हैं तो प्रत्यक्ष रूप से , और नहीं भी हैं तो मानसिक रूप से उन देवी-देवता के श्री चरणों में प्रणाम करना आपका धर्म है| उन्हें प्रणाम करने का महा मन्त्र है ---
"ॐ ऐं ह्रीं"|
------------
यह मन्त्र स्वतः चिन्मय है| इस प्रयोजन हेतु अन्य किसी विधि को अपनाने की आवश्यकता नहीं है|
- "ॐ" तो प्रत्यक्ष परमात्मा का वाचक है|
- "ऐं" पूर्ण ब्रह्मविद्या स्वरुप है| यह वाग्भव बीज मन्त्र है महासरस्वती और गुरु को प्रणाम करने का| गुरु रूप में पिता को प्रणाम करने से इसका अर्थ होता है .... हे पितृदेव मुझे हर प्रकार के दु:खों से बचाइये, मेरी रक्षा कीजिये|
- "ह्रीं" यह माया, महालक्ष्मी और माँ भुवनेश्वरी का बीज मन्त्र है जिनका पूर्ण
प्रकाश स्नेहमयी माता के चरणों में प्रकट होता है|
अब आगे जो भी है वह आप स्वयं ही समझ लीजिये| वह मेरी क्षमता से परे है| यह एक सिद्ध संत का दिया हुआ प्रसाद है| इसमें मेरा कुछ भी नहीं है| इस मन्त्र से पितृदोष दूर होते हैं|
ॐ तत्सत् | ॐ ॐ ॐ ||
कृपा शंकर
०५ जून २०१३

जगन्माता .......

जगन्माता .......
.
एक शिशु अपनी माता के अतिरिक्त अन्य किसी को भी नहीं जानता| उसकी माँ ही उसके लिए सर्वशक्तिमान, सर्वज्ञ और सब कुछ है| वह अपनी माँ के अतिरिक्त अन्य किसी की चिंता भी नहीं करता और एक मात्र माँ को ही पहचानता है| माँ भी उसकी निरंतर चिंता करती है| परमात्मा भी सर्वप्रथम हमारी माँ ही है| सृष्टिकर्ता और सृष्टिपालक के मातृरूप को नमन|
.
वैसे तो परमात्मा ..... माता, पिता, बन्धु, सखा और सर्वस्व है पर माँ के रूप में उसकी अभिव्यक्ति सर्वाधिक प्रिय है| माँ के रूप में जितनी करुणा और प्रेम व्यक्त हुआ है वह अन्य किसी रूप में नहीं| अतः परमात्मा का मातृरूप ही सर्वाधिक प्रिय है| माँ का प्रेममय ह्रदय एक महासागर की तरह इतना विस्तृत है कि उसमें हमारी हिमालय सी भूलें भी एक छोटे से कंकर पत्थर से अधिक नहीं प्रतीत होतीं|
.
ह्रदय की भावनाओं को व्यक्त करना चाहूँ तो मातृरूप में भी परमात्मा को कोई मानवी आकार नहीं दे सकता| जगत्जननी माँ ही मेरे ह्रदय का सम्पूर्ण प्रेम है जिसको पूर्ण रूप से पाने के अतिरिक्त अन्य कोई उद्देश्य जीवन का हो ही नहीं सकता|
.
जीवन में यदि कुछ प्राप्त करने योग्य है तो वे जगन्माता ही हैं, जिनसे परे कुछ भी नहीं है| मेरा स्थान उनके ह्रदय में निरंतर है| उनसे प्रेम ही जीवन की सबसे बड़ी और एकमात्र उपलब्धि है|
उनके प्रेम के अतिरिक्त अन्य कुछ भी नहीं चाहिए| ॐ ॐ ॐ ||
.
कृपा शंकर
०६ जून २०१३