Tuesday 20 September 2016

एक महान गृहस्थ योगी .......

एक महान गृहस्थ योगी .......
---------------------------
योगिराज श्री श्री श्यामाचरण लाहिडी महाशय का जन्म सन ३० सितम्बर १८२८ ई. को कृष्णनगर (बंगाल) के समीप धुरनी ग्राम में हुआ था| इनके परम शिवभक्त पिताजी वाराणसी में आकर बस गए थे| श्यामाचरण ने वाराणसी के सरकारी संस्कृत कोलेज में शिक्षा प्राप्त की| संस्कृत के अतिरिक्त अंग्रेजी, बंगला, उर्दू और फारसी भाषाएं सीखी|
श्रीमान नागभट्ट नाम के एक प्रसिद्ध शास्त्रज्ञ महाराष्ट्रीय पंडित से उन्होंने वेद, उपनिषद और अन्य शास्त्रों व धर्मग्रंथों का अध्ययन किया|
.
पं.देवनारायण सान्याल वाचस्पति की पुत्री काशीमणी से इनका १८ वर्ष की उम्र में विवाह हुआ| २३ साल की उम्र में इन्होने सरकारी नौकरी कर ली| उस समय सरकारी वेतन अत्यल्प होता था अतः खर्च पूरा करने के लिये नेपाल नरेश के वाराणसी अध्ययनरत पुत्र को गृहशिक्षा देते थे|
.
बाद में काशीनरेश के पुत्र और अन्य कई श्रीमंत लोगों के पुत्र भी इनसे गृहशिक्षा लेने लगे| हिमालय में रानीखेत के समीप द्रोणगिरी पर्वत की तलहटी में इनको गुरुलाभ हुआ| इनके गुरू हिमालय के अमर संत महावतार बाबाजी थे जो आज भी सशरीर जीवित हैं और अपने दर्शन उच्चतम विकसित आत्माओं को देते हैं| गुरू ने इनको आदर्श गृहस्थ के रूप में रहने का आदेश दिया और ये गृहस्थी में ही रहकर संसार का कार्य करते हुए कठोर साधना करने लगे|
.
पर जैसे फूलों की सुगंध छिपी नहीं रह सकती वैसे ही इनकी प्रखर तेजस्विता छिपी नहीं रह सकी और मुमुक्षुगण इनके पास आने लगे| ये सब को गृहस्थ में ही रहकर साधना करने का आदेश देते थे क्योंकि गृहस्थाश्रम पर ही अन्य आश्रम निर्भर हैं| हालाँकि इनके शिष्यों में अनेक प्रसिद्ध सन्यासी भी थे जैसे स्वामी श्रीयुक्तेश्वर गिरी, स्वामी केशवानंद ब्रह्मचारी, स्वामी प्रणवानंद गिरी, स्वामी केवलानंद, विशुद्धानंद सरस्वती, बालानंद ब्रह्मचारी आदि|
.
कश्मीर नरेश, काशी नरेश और बर्दवान नरेश भी इनके शिष्य थे| इसके अतिरिक्त उस समय के अनेक प्रसिद्ध व्यक्ति जो कालांतर में प्रसिद्ध योगी हुए भी इनके शिष्य थे जैसे पंचानन भट्टाचार्य, भूपेन्द्रनाथ सान्याल, काशीनाथ शास्त्री, नगेन्द्रनाथ भादुड़ी, प्रसाद दास गोस्वामी, रामगोपाल मजूमदार आदि| सामान्य लोगों के लिये भी इनके द्वार खुले रहते थे| वाराणसी के वृंदाभगत नाम के इनके एक शिष्य डाकिये ने योग की परम सिद्धियाँ प्राप्त की थीं|
.
लाहिड़ी महाशय ने न तो किसी संस्था की स्थापना की, न कोई आश्रम बनवाया और न कभी कोई सार्वजनिक प्रवचन दिया और न कभी किसी से कुछ रुपया पैसा लिया| अपने घर की बैठक में ही साधनारत रहते थे और अपना खर्च अपनी अत्यल्प पेंशन और बच्चों को गृहशिक्षा देकर पूरा करते थे|
.
गुरूदक्षिणा में मिले सारे रूपये हिमालय में साधुओं को उनकी आवश्यकता पूर्ति हेतु भिजवा देते थे| इनके घर में शिवपूजा और गीतापाठ नित्य होता था| शिष्यों के लिये नित्य गीतापाठ अनिवार्य था|.
.
अपना सारा रुपया पैसा अपनी पत्नी को दे देते थे, अपने पास कुछ नहीं रखते थे| अपनी डायरी बंगला भाषा में नित्य लिखते थे| शिष्यों को दिए प्रवचनों को इनके एक शिष्य भूपेन्द्रनाथ सान्याल बांगला भाषा में लिपिबद्ध कर लेते थे| उनका सिर्फ वह ही साहित्य उपलब्ध है|
.
सन २६ सितम्बर १८९५ ई. को इन्होने देहत्याग किया और इनका अंतिम संस्कार एक गृहस्थ का ही हुआ| शरीर छोड़ते समय तीन विभिन्न स्थानों पर एक ही समय में इन्होने अपने तीन शिष्यों को सशरीर दर्शन दिए और अपने प्रयाण की सूचना दी| इनके देहावसान के ९० वर्ष बाद इनके पोते ने इनकी डायरियों के आधार पर इनकी जीवनी लिखी| इनके कुछ साहित्य का तो हिंदी, अंग्रेजी और तेलुगु में अनुवाद हुआ है, बाकी बंगला भाषा में ही है|
.
"Always remember that you belong to no one, and no one belongs to you. Reflect that some day you will suddenly have to leave everything in this world – so make the acquaintanceship of God now. Prepare yourself for the coming astral journey of death by daily riding in the balloon of God-perception. Through delusion you are perceiving yourself as a bundle of flesh and bones, which at best is a nest of troubles. Meditate unceasingly, that you may quickly behold yourself as the Infinite Essence, free from every form of misery. Cease being a prisoner of the body; using the secret key of Kriya, learn to escape into Spirit."
~ Sri Sri Shyama Charan Sri Lahiri Mahasaya

सभ्यताओं का उदयास्त और पारस्परिक संघर्ष .....

सभ्यताओं का उदयास्त और पारस्परिक संघर्ष .....
---------------------------------------------------
वर्षों से मेरी यह सोच थी कि विश्व की आसुरी सभ्यताओं में संघर्ष होगा और उनमें हुए पारस्परिक युद्धों से विश्व का विनाश हो जाएगा | पर अब मनुष्यता इतनी बुद्धिमान हो चुकी है कि वह विनाश को सामने देखकर समझौते कर लेती है और विनाश को टाल देती है | पिछले कुछ वर्षों में कई बार महाशक्तियाँ आमने सामने हुईं और लगा कि उनमें आपस में युद्ध होगा, पर युद्ध की चरम संभावना होते ही उन्होंने आपस में समझौते कर लिए और संभावित युद्ध को टाल दिया| द्वितीय विश्व युद्ध की विभीषिका इतनी भयावह थी कि अब कोई भी युद्ध करने से डरता है|
.
अब तक के सारे युद्ध दो ही कारणों से लड़े गये हैं, तीसरा कोई कारण नहीं था| पहला कारण था मनुष्य का लोभ, और दूसरा था मनुष्य की घृणा| दोनों विश्व युद्ध भी घृणा और लोभवश लड़े गये| भारत पर जितने भी विदेशी आक्रमण हुए उन सब के पीछे भी यही कारण थे|
.
पर वर्त्तमान में तीन ऐसी व्यवस्थाएँ या सभ्यताएँ हैं जिनमें आपसी संघर्ष होने की पूरी संभावनाएँ हैं ...... एक तो इस्लामिक ज़ेहाद है जो सम्पूर्ण विश्व को अपने ही रंग में रंग देना चाहता है| दूसरा अमेरिका और पश्चिमी जगत है जो अन्य सब का शोषण करना चाहता है| तीसरा चीन है जो अपना अधिक से अधिक विस्तार चाहता है|
.
विचारधारा के रूप में तो साम्यवाद पराभूत हो चुका है पर चीन में साम्यवादी दल के नाम पर कुछेक लोगों का एक गिरोह है जो आतंक के जोर पर राज्य कर रहा है| यही हाल उत्तरी कोरिया का है जहाँ एक परिवार का निरंकुश तानाशाह राज कर रहा है| साम्यवाद जीवित है तो सिर्फ भारत में ही है| साम्यवाद के चरम को मैंने बहुत समीप से पूर्व सोवियत संघ में रूस, युक्रेन, व लाटविया, और चीन, रोमानिया व उत्तरी कोरिया में देखा है| उनका पतन भी बहुत समीप से देखा है|
.
माओ ने चीन में चाहे करोड़ों लोगों की हत्याएँ की हों पर एक काम उसने बहुत अच्छा किया और वह था साम्यवाद को चीन के राष्ट्रवाद के पक्ष में खडा करना| पर भारत में इसका उलटा हुआ| भारत में साम्यवाद को लाने का श्रेय एम.एन.रॉय नाम के एक विचारक को है जिसने इसे हिन्दू राष्ट्रवाद के विरुद्ध खडा किया| भारत में आज भी साम्यवादी/मार्क्सवादी लोग हिन्दू राष्ट्रवाद के कट्टर विरुद्ध हैं|
.
पश्चिमी जगत ने ईसाइयत का प्रयोग एक शस्त्र के रूप में अपने वर्चस्व के लिए ही किया है| सबसे पहिले रोम के सम्राट कोंस्तेंताइन दि ग्रेट ने ईसाइयत का प्रयोग अपने साम्राज्य के विस्तार के लिए किया जबकि वह स्वयं ईसाई नहीं था और सूर्य उपासक पेगन था| अपनी मृत्यु शैया पर जब वह लाचार पडा था तब पादरियों ने उसका बापतिस्मा कर दिया| वर्तमान ईसाई धर्म उसी का दिया हुआ रूप है| भारत में ही नहीं सम्पूर्ण विश्व में जहाँ भी पश्चिमी देशों ने राज्य किया है वहाँ पहले पादरियों को भेजा, फिर समुद्री डाकुओं को और फिर व्यापारियों के साथ अपनी सेना को|
.
इस्लाम भी अरब राष्ट्रवाद का विस्तार है| इसके अनुयायी दिन में पाँच बार अरब की ओर मुंह कर के अरबी भाषा में प्रार्थना करते हैं, अरब की ओर सिर कर के सोते हैं, मृतक का सिर भी अरब की और करते हैं, अरबी ढंग से वस्त्र पहिनते हैं और जीवन में एक बार अरब की यात्रा अवश्य करते हैं| यह विशुद्ध अरबी राष्ट्रवाद है| इससे अरब का वर्चस्व बढ़ता है और अर्थव्यवस्था सुधरती है|
.
सीरिया, ईराक आदि की घटनाओं ने और पकिस्तान के व्यवहार ने यह सिद्ध कर दिया है कि इस समय विश्व को सबसे अधिक खतरा ज़ेहादी विचारधारा से है जो दूसरों से घृणा करना सिखाती है| इस विचारधारा को यहूदी राष्ट्र इजराइल ने पर्याप्त सीमा तक रोक रखा है|
.
सबसे विचित्र बात तो यह है की चीन जहाँ इस्लाम पर पूर्ण प्रतिबन्ध है, उसके प्रायः सभी मुस्लिम देशों से बहुत अच्छे सम्बन्ध हैं| इसका एकमात्र कारण चीन का भारत और अमेरिका से विरोध है|
.
चीन ने भारत को चारों और से घेर रखा था| बंगाल की खाड़ी में म्यामार के कोको द्वीप पर से, और अरब सागर में पाकिस्तान के ग्वादर बंदरगाह से चीन की नौसेना भारत की हर गतिविधि पर निगाह रखती है| पर अब प्रधान मंत्री माननीय श्री नरेन्द्र मोदी जी कि कूटनीति ने चीन को ही अपने अन्य पड़ोसियों से अलग थलग कर दिया है|
म्यामार के कोको द्वीप से भारत का East Island नाम का द्वीप बिलकुल समीप पड़ता है जहाँ का प्रकाश स्तंभ (Light House) भारत के सबसे बड़े प्रकाश स्तंभों में से एक है| वह क्षेत्र इतना अधिक संवेदनशील है कि East island पर वहाँ सेवा में नियुक्त सरकारी कर्मचारियों, पुलिस और नौसेना के अतिरिक्त अन्य किसी को भी जाने की अनुमति नहीं है| नौसेना के बहुत सारे युद्धपोत वहाँ हर समय रहते हैं और कोको द्वीप से होने वाली चीन की हर गतिविधि पर निगाह रखते हैं| वहां के आसपास के द्वीपों पर भी जाने की किसी को अनुमति नहीं है|
अरब सागर में ग्वादर बंदरगाह से चीन की हर गतिविधि पर निगाह रखने केलिए भारत, ईरान के चाबहार बंदरगाह का प्रयोग कर रहा है|
यह भी भारत और चीन की सभ्यताओं का संघर्ष ही है|
.
आगामी समय भारत की उन्नति का होगा| जब तक हम आध्यात्मिक उन्नति के प्रति पुरी तरह जागृत नहीं होंगे तब तक ये आसुरी शक्तियाँ भारत दमन का कुचक्र चलाती रहेंगी|
.
विश्व में अनेक व्यवस्थाएँ/सभ्यताएँ आईं और चली गईं| और भी अनेक प्रकार की सभ्यताएँ/व्यवस्थाएँ आएँगी जिनका उदयास्त और पारस्परिक संघर्ष चलता रहेगा| यह कभी देवासुर तो कभी असुरासुर संग्राम है जो सदा चलता ही रहता है| उपरोक्त वर्णित सभी सभ्यताएँ भी एक दिन नष्ट हो जायेंगी और उनका स्थान अन्य सभ्यताएँ ले लेंगी| कुछ भी शाश्वत नहीं है|
.
यह एक महाभारत का युद्ध है जो प्रत्येक मनुष्य के अन्तर में चल रहा है और सदा चलता ही रहेगा| वर्तमान सभ्यता का विनाश भी निश्चित ही होगा पर कब होगा, यह सृष्टिकर्ता ही जानता है|
.
इन सब के रहस्य को समझना मानव बुद्धि के लिए असम्भव है| समझने के प्रयास में मनुष्य पागल हो सकता है| यहाँ प्रश्न तो यह उठता है कि ..... इस मनुष्य जीवन का उद्देश्य और सार्थकता क्या है, और वह सर्वश्रेष्ठ क्या है जो हम कर सकते हैं???
.
यह त्रिगुणात्मक विषम सृष्टि है| इस विषमता से पार जाने पर ही मनुष्य का कल्याण हो सकता है| तभी वह इस महादु:ख से बच सकता है| ऐसा महापुरुषों का कथन है|
>>> पर इस विषमता से पार कैसे जाया जाये? यही विचारणीय बिंदु है जिस पर सभी को विचार करना चाहिए|
.
ॐ तत्सत् | ॐ ॐ ॐ ||
21 September 2013

बाहरी व भीतरी पवित्रता दोनों ही आवश्यक हैं .....

बाहरी व भीतरी पवित्रता दोनों ही आवश्यक हैं .....
--------------------------------------------------
शौचाचार (बाहरी व भीतरी पवित्रता) हमारे मानस को प्रभावित करता है, अतः यह अति आवश्यक है| योगदर्शन के नियमों में यह पहला नियम है|
हमारा बाहरी परिवेश तो शुद्ध और पवित्र हो ही, पर भीतरी परिवेश भी शुद्ध होना चाहिए| इस विषय में सबसे महत्वपूर्ण प्रश्न है कि हमारा मन कैसे पवित्र हो?
.
अन्न से हमारा मन बनता है| अतः जो भी हम खाते हैं उसकी पवित्रता अति आवश्यक है| वह साधन भी पवित्र होना चाहिए जिससे हम अन्न का उपार्जन करते हैं| हम अधर्म से कमाए हुए रुपयों से खाद्य सामग्री क्रय करते हैं, जिसे खाकर हमारा जीवन अशांत और दुखी होता है| हमारी अशांति का यह मुख्य कारण है|
.
दान में भी हम अधर्म से उपार्जित धन देते हैं, अतः उससे कोई पुण्य नहीं मिलता|
.
झूठ बोलने से हमारी वाणी दग्ध हो जाती है| उस वाणी (चाहे वह किसी भी स्तर पर हो) से की हुई प्रार्थना, स्तुति और जप निष्फल होते हैं|
.
हमारे समस्त दोषों का कारण हमारा अज्ञान है| कामनाएँ और वासनाएँ भी अज्ञान से ही जन्म लेती हैं, जो समस्त बंधनों का कारण हैं| इन कामनाओं और वासनाओं को ही अब्राहमिक मतों (यहूदी, ईसाईयत और इस्लाम) में "शैतान" कहा गया है| शैतान कोई बाहरी शक्ति नहीं अपितु हमारी कामनाएँ ही है| यह अज्ञान, ज्ञान से ही मिटता है| ज्ञान से हटी हुई चीज ही मिथ्या होती है, इसीलिए सांसारिक बंधनों को मिथ्या कहते हैं|
.
धर्म का आचरण हमें करना ही पडेगा, तभी तो हम धर्म की रक्षा कर पायेंगे| अपने बच्चों को भी धर्माचरण सिखाना पड़ेगा| अन्य कोई विकल्प नहीं है|
.
ॐ तत्सत् | ॐ नमः शिवाय ! ॐ ॐ ॐ !!

विषयी लोगों का साथ बड़ा दुखदायी है .......

हे प्रभु मुझे सिर्फ और सिर्फ ऐसे ही लोगों का साथ दो जो तुम्हारे ही प्रेम से परिपूर्ण हैं, जो रात-दिन सिर्फ तुम्हारे ही स्वप्न देखते हैं और तुम्हारा ही निरंतर चिंतन करते हैं | विषयी लोगों से सदा दूर रखो | विषयी लोगों का साथ बड़ा दुःखदायी है |
तुम्हारे भक्त जहाँ भी जाते हैं, जहाँ भी उनके पैर पड़ते हैं, वह भूमि पवित्र हो जाती है, जिस पर भी उनकी दृष्टी पड़ती है वह निहाल हो जाता है | देवता भी उनकी बराबरी नहीं कर सकते| वह परिवार, कुल, समाज और वह देश भी धन्य हो जाता है जहाँ वे जन्म लेते हैं | अन्य लोगों का साथ बड़ा दुःखदायी है |
ॐ ॐ ॐ !!