Friday 20 March 2020

जब माता ही नहीं होगी तब पुत्र कहाँ से उत्पन्न होंगे? भक्ति, ध्यान और देवासुरी भावजगत ----

जब माता ही नहीं होगी तब पुत्र कहाँ से उत्पन्न होंगे? भक्ति, ध्यान और देवासुरी भावजगत ----
.
ध्यान-साधना तभी करनी चाहिए जब हृदय में भगवान के प्रति बिना किसी शर्त के भक्ति (Unconditional love for the Divine) जागृत हो जाये| बिना भक्ति के की गई कोई भी ध्यान-साधना, साधक को आसुरी/राक्षसी जगत से जोड़ सकती है, जो स्वयं के लिए ही नहीं, समाज के लिए भी घातक हो सकती है| ऐसा व्यक्ति स्वयं या तो असुर/राक्षस हो जाता है या किसी आसुरी/राक्षसी मत से जुड़ जाता है| आसुरी/राक्षसी मतों का आरंभ ऐसे ही असुर/राक्षस व्यक्तियों ने किया होता है| ये असुर/राक्षस फिर उन सब की हत्या, लूटपाट, अपहरण, बलात्कार, और देवालयों व संस्कृतियों को नष्ट करना आरंभ कर देते हैं जो उनके विचारों के अनुकूल नहीं होते|
.
निज चेतना में जब तमोगुण अधिक होता है तब मनुष्य मूढ़ अवस्था में होता है| जब रजोगुण प्रधान होता है तब क्षिप्त या विक्षिप्त अवस्था होती है| सतोगुण प्रधान व्यक्ति एकाग्र या निरुद्ध अवस्था में होता है|
तमोगुण ..... आलस्य, सुस्ती, कार्य को आगे के लिए टालने की प्रवृति, मूर्खता ईर्ष्या-द्वेष, लोभ, अहंकार और अज्ञान को जन्म देता है| जब अच्छे-बुरे का विचार नहीं रहता है, हर समय प्रबल लोभ, क्रोध, ईर्ष्या-द्वेष, स्वार्थ व कामुकता रूपी अज्ञान और अंधकार ह्रदय पर छाया रहता है, यह तमोगुणी तामसी मूढ़ अवस्था है|
रजोगुण ..... अंतःकरण को अशान्त और चंचल बनाता है| रजोगुणी व्यक्ति का अहंकार भी प्रबल होता है| रजोगुण जब प्रबल होता है तब मन में अनेक तरंगें, वासनायें और महत्वाकांक्षाएँ उठती हैं| ये आकांक्षाएँ यदि पूर्ण नहीं होती तब वह परेशान और दुःखी हो जाता है| यह क्षिप्तावस्था है| इच्छाओं के पूरी होने पर जो प्रसन्नता तनिक समय के लिये मिलती है व जो क्षणिक आनंद प्राप्त होता है वह विक्षिप्त अवस्था है| रजोगुण में भक्ति तो होती है पर वह सकाम भक्ति होती है, निष्काम नहीं|
सतोगुण ..... शान्ति, दिव्य प्रेम, आनन्द और ज्ञान प्रदान करता है| प्रसन्नता और शांति .... एकाग्रता का लक्षण है| तन्मयता निरुद्धता का लक्षण है| भगवान के प्रति अहेतुकी निष्काम (Unconditional) भक्ति सतोगुण से ही संभव है|
.
जिन में तमोगुण प्रधान है उन्हें रजोगुण का, जिनमें रजोगुण प्रधान है उन्हें सतोगुण का, और जिन में सतोगुण प्रधान है उन्हें गुणातीत अवस्था में जाने का प्रयास करना चाहिए| यह भगवान श्रीकृष्ण का आदेश है| गीता में विस्तार से इसका वर्णन है|
.
इन पंक्तियों को लिखने का उद्देश्य सिर्फ यही बताना है कि जिन में भगवान के प्रति प्रबल भक्ति नहीं होती, उन्हें प्राणायाम, प्रत्याहार, धारणा व ध्यान-साधना आदि नहीं करने चाहिये| भक्ति माता है और ज्ञान व वैराग्य उसके पुत्र| जब माता ही नहीं होगी तब पुत्र कहाँ से उत्पन्न होंगे?
ॐ तत्सत् | ॐ ॐ ॐ ||
कृपा शंकर
२५ फरवरी २०२०

परमशिव एक अनुभूति है ....

हमारा शिव-संकल्प, अंतर्दृष्टि, प्राण-तत्व और गुरुकृपा ..... ये साधन हैं, जिनकी सहायता से परमशिव का ध्यान किया जाता है| परमशिव एक अनुभूति है जो परमात्मा की परमकृपा से उनके द्वारा भेजे हुए सद्गुरु के मार्गदर्शन से होती है| गुरु का भौतिक देहधारी होना आवश्यक नहीं है| सूक्ष्म जगत की महान आत्मायें भी गुरु रूप में मार्ग-दर्शन कर सकती हैं|
प्राण का घनीभूत रूप कुंडलिनी महाशक्ति है| कुंडलिनी महाशक्ति और परमशिव का मिलन 'योग' है|
.
जब हृदय में भगवान से परमप्रेम (भक्ति) और उन्हें पाने की अभीप्सा जागृत होती है, तब सद्गुरु लाभ होता है| भगवान श्रीकृष्ण स्वयं परात्पर गुरु रूप में निष्ठावान साधकों का मार्गदर्शन और रक्षा कर रहे हैं| भगवद्गीता के रहस्य उन्हीं की कृपा से समझ में आ सकते हैं, अन्यथा नहीं| वे हमारे अंतर में सर्वदा बिराजमान हैं| उनका आभास उनकी परमकृपा से ही होता है| हमारे हिमालय जैसे बड़े बड़े पाप भी उनके विराट कृपासिंधु में छोटे-मोटे महत्वहीन कंकर-पत्थर से अधिक नहीं हैं| सब कर्मफलों से मुक्ति और आगे की गतियाँ उनकी कृपा से होती हैं| वे ही परमब्रह्म हैं, वे ही जगन्माता हैं|
.
ब्रह्मरंध्र से परे अनंत महाकाश है| उस से भी बहुत परे श्वेत क्षीरसागर है जहाँ भगवान नारायण, परमशिव के रूप में बिराजमान हैं| उनके दर्शन एक विराट पंचकोणीय श्वेत नक्षत्र के रूप में होते हैं| वे पंचमुखी महादेव हैं| उनके संकल्प से ही यह सारी सृष्टि निर्मित हुई और चलायमान है| गीता में उस लोक के बारे में कहा गया है ....
"न तद्भासयते सूर्यो न शशाङ्को न पावकः| यद्गत्वा न निवर्तन्ते तद्धाम परमं मम||"
श्रुति भगवती कहती है .....
"न तत्र सूर्यो भाति न चन्द्रतारकं नेमा विद्युतो भान्ति कुतोऽयमग्निः| तमेव भान्तमनुभाति सर्वं तस्य भासा सर्वमिदं विभाति||"
.
उन परमात्मा की परमकृपा मुझ अकिंचन पर और हम सब पर सदा बनी रहे|
"वायुर्यमोऽग्निर्वरुणः शशाङ्कः प्रजापतिस्त्वं प्रपितामहश्च| नमो नमस्तेऽस्तु सहस्रकृत्वः पुनश्च भूयोऽपि नमो नमस्ते||
नमः पुरस्तादथ पृष्ठतस्ते नमोऽस्तु ते सर्वत एव सर्व| अनन्तवीर्यामितविक्रमस्त्वं सर्वं समाप्नोषि ततोऽसि सर्वः||"
ॐ नमो भगवते वासुदेवाय! ॐ नमः शिवाय! ॐ नमः शिवाय! ॐ नमः शिवाय! ॐ ॐ ॐ!!
कृपा शंकर
२४ फरवरी २०२०

विद्वान कौन है?

विद्वान कौन है?
प्राणो ह्येष यः सर्वभूतैर्विभाति विजानन्विद्वान्भवते नातिवादी |
आत्मक्रीड आत्मरतिः क्रियावानेष ब्रह्मविदां वरिष्ठः ||मुण्डकोपनिषद, ३.१.४ ||
..... प्राण तत्व, जो सब भूतों/प्राणियों में प्रकाशित है, को जानने वाला ही विद्वान् है, न कि बहुत अधिक बात करने वाला| वह आत्मक्रीड़ारत और आत्मरति यानि आत्मा में ही रमण करने वाला क्रियावान ब्र्ह्मविदों में वरिष्ठ यानि श्रेष्ठ है|
(भक्तिसुत्रों में आत्मा में रमण करने वाले को आत्माराम कहा गया है ... "यज्ज्ञात्वा मत्तो-भवति, स्तब्धो भवति, आत्मारामो भवति")

Saturday 7 March 2020

सृष्टि के आदिकाल से ही भारतवर्ष एक 'हिन्दू राष्ट्र' था, अभी भी हैै, और सदा ही रहेगा ----

सृष्टि के आदिकाल से ही भारतवर्ष एक 'हिन्दू राष्ट्र' था, अभी भी हैै, और सदा ही रहेगा ----
"हिन्दू राष्ट्र' ऐसे व्यक्तियों का समूह है जो निज जीवन में अपने सर्वश्रेष्ठ को यानि परमात्मा को व्यक्त करना चाहते हैं, चाहे वे किसी भी देश के नागरिक हों या किसी भी मनुष्य जाति में उन्होने इस पृथ्वी पर जन्म लिया हो| भारतवर्ष का यही संदेश है| अतः भारतवर्ष एक हिन्दू राष्ट्र है| हिन्दुत्व एक ऊर्ध्वमुखी भाव है जिस से जीवन में समुत्कर्ष (अभ्युदय ... यानि बहुमुखी सर्वोच्च विकास) व निःश्रेयस (सभी दुःखों से मुक्ति) की सिद्धि होती है|
जब से सृष्टि आरंभ हुई है, तभी से जिस धर्म का जन्म हुआ, जिस से सारी सृष्टि संचालित है, वह सनातन धर्म है, जो अब हिन्दू धर्म के नाम से जाना जाता है| कोई माने या न माने, कुछ सत्य सनातन नियम हैं जो कभी परिवर्तित नहीं हो सकते .....
"हम यह देह नहीं, शाश्वत आत्मा हैं| आत्मा कभी नष्ट नहीं होती| हमारी सोच और हमारे विचार ही हमारे कर्म हैं जिन का फल भोगने को हम बाध्य हैं| उन कर्मफलों को भोगने के लिए ही बार बार हमें जन्म लेना पड़ता है| ईश्वर करुणा और प्रेमवश हमारे कल्याण हेतु अवतार लेते हैं| जीवभाव से मुक्त हो कर परमात्मा में शरणागति व समर्पण हमें इस जन्म-मृत्यु के चक्र से मुक्त करते हैं| यह सृष्टि परमात्मा का एक संकल्प है| परमात्मा की प्रकृति अपनी सृष्टि के संचालन का हर कार्य अपने नियमों के अनुसार करती है| उन नियमों को न जानना हमारा अज्ञान है| परमात्मा से परमप्रेम ही भक्ति है जिस की परिणिती ज्ञान है|"
सरलतम भाषा में यही हिन्दू धर्म का सार है, बाकी सब इसी का विस्तार है| जो मनुष्य इस में आस्था रखते हैं, वे स्वतः ही हिन्दू हैं| हमारी मान्यता से प्रकृति के नियमों पर कोई अंतर नहीं पड़ता| प्रकृति तो अपने नियमों के अनुसार ही कार्य करती रहेगी|
ॐ तत्सत् ! ॐ ॐ ॐ !!
कृपा शंकर
२३ फरवरी २०२०

मनुष्य जीवन की शाश्वत जिज्ञासा ..... "हम परमात्मा को कैसे उपलब्ध हों?"

मनुष्य जीवन की शाश्वत जिज्ञासा ..... "हम परमात्मा को कैसे उपलब्ध हों?"
.
जिस ने भी मनुष्य देह में जन्म लिया है, चाहे वह घोर से घोर नास्तिक हो, उसे जीवन में एक न एक बार तो यह जिज्ञासा अवश्य ही होती है कि यदि परमात्मा है तो उन्हें कौन, व कैसे पा सकता है? यह मनुष्य जीवन की शाश्वत जिज्ञासा है| भगवान श्रीकृष्ण ने गीता में इसका बड़ा सुंदर उत्तर दिया है ....
"मत्कर्मकृन्मत्परमो मद्भक्तः सङ्गवर्जितः| निर्वैरः सर्वभूतेषु यः स मामेति पाण्डव||११:५५||"
अर्थात् "हे पाण्डव! जो पुरुष मेरे लिए ही कर्म करने वाला है, और मुझे ही परम लक्ष्य मानता है, जो मेरा भक्त है तथा संगरहित है, जो भूतमात्र के प्रति निर्वैर है, वह मुझे प्राप्त होता है||"
गीता में भगवान दो बार कहते हैं ... "मन्मना भव मद्भक्तो मद्याजी मां नमस्कुरु"....
"मन्मना भव मद्भक्तो मद्याजी मां नमस्कुरु| मामेवैष्यसि युक्त्वैवमात्मानं मत्परायणः||९:३४||"
"मन्मना भव मद्भक्तो मद्याजी मां नमस्कुरु| मामेवैष्यसि सत्यं ते प्रतिजाने प्रियोऽसि मे||१८:६५||"
.
आचार्य शंकर व आचार्य रामानुज जैसे स्वनामधन्य परम विद्यावान अनेक महान आचार्यों ने गीता की बड़ी सुंदर व्याख्याएँ की हैं| मुझ अकिंचन की तो उनके समक्ष कोई औकात ही नहीं है| मैंने अर्थ समझने का प्रयास ही छोड़ दिया है, क्योंकि यह मेरी बौद्धिक क्षमता से परे है| मेरे हृदय में परमात्मा जो बैठे हैं, उन्हें ही पता है कि उन के मन में क्या है, अतः मुझे उनके शब्दों से नहीं, उन से ही प्रेम है| वे हृदयस्थ परमात्मा सदा मेरे समक्ष रहें, और मुझे कुछ भी नहीं चाहिए|
.
सार की बात है .... "मन्मना भव मद्भक्तो मद्याजी मां नमस्कुरु|" परमात्मा से प्रेम ही सब कुछ है| वे ही हमारे एकमात्र सम्बन्धी हैं, वे ही हमारे एकमात्र मित्र हैं, और उन में तन्मयता ही हमारा जीवन है| वे हमारे इतने समीप हैं की हम उनका बोध नहीं कर पाते| हम अपना हर कर्म उन की प्रसन्नता के लिए, उन्हें ही कर्ता बनाकर करें|
.
प्रेम एक स्थिति है, कोई क्रिया नहीं| यह हो जाता है, किया नहीं जाता| परमात्मा से परमप्रेम .... आत्मसाक्षात्कार का द्वार है| आत्मसाक्षात्कार सबसे बड़ी सेवा है जो हम समष्टि के लिए कर सकते हैं| परमात्मा से परमप्रेम होना परमात्मा की परमकृपा है जो हमारा परमकल्याण कर सकती है| वे हमारे एकमात्र सम्बन्धी और मित्र हैं, उन में तन्मयता ही हमारा जीवन है| वे हमारे इतने समीप हैं की हम उनका बोध नहीं कर पाते|
.
मैं क्षमायाचना सहित कुछ जटिल व कठिन शब्दों का प्रयोग करता हूँ क्योंकि हृदय के भाव उन्हीं से व्यक्त होते हैं| मेरा शब्दकोष बहुत सीमित है, अपने आध्यात्मिक भावों को सरल भाषा में व्यक्त करने की कला मुझे नहीं आती| महात्माओं के सत्संग से जानी हुई सार की बात है कि जिस की बुद्धि हेय-उपादेय है वह अहेय-अनुपादेय ब्रह्मतत्त्व को नहीं पा सकता| जो अहेय-अनुपादेय परमार्थतत्त्व को पाना चाहता है, वह हेय-उपादेय दृष्टि नहीं कर सकता| हम भगवान से प्रेम की यथासंभव पूर्ण अभिव्यक्ति करते हुए अपना कर्म करते रहें पर किसी से घृणा न करें| घृणा करने वाला व्यक्ति, आसुरी शक्तियों का शिकार हो जाता है|
.
परमात्मा से प्रेम के विचार ही मेरी तीर्थयात्रा है| भगवान से प्रेम ही सबसे बड़ा तीर्थ है| वे हमारे प्रेम को अपनी पूर्णता दें| उन की और आप सब की जय हो|
कृपा शंकर
झुंझुनूं (राजस्थान)
२२ फरवरी २०२०
.
पुनश्च: :---- 'हेय' का अर्थ होता है ....'अवलंबन योग्य नहीं'| जो हेय है वह लक्ष्य नहीं है, लक्ष्य तो कुछ और ही है| 'उपादेय' का अर्थ होता है .... 'अवलम्बन योग्य है'| उपादेय की प्राप्ति करनी है तो जो हेय है उसे पकड़े नहीं रहना है, अन्यथा लक्ष्य प्राप्त नहीं होगा| जैसे खड्डे से निकलने के लिए रस्सी का सहारा लें और उस रस्सी को पकड़ें ही रहें तो बाहर निकलने का लक्ष्य प्राप्त नहीं होगा| यदि बाहर निकलना है तो रस्सी को अंततः छोड़ना ही होगा| किन्तु यदि पहले ही छोड़ दिया जाए तो कोई बाहर नहीं आ सकेगा| यहाँ रस्सी हमें बाहर नहीं निकालती, निकलते तो हम स्वयं के पुरुषार्थ से हैं| रस्सी तो मात्र हमारे पुरुषार्थ की सहचर है| वैसे ही सारे साधन व साधनायें हमारी सहचरी हैं, जिनका परित्याग लक्ष्य प्राप्ति पर करना ही पड़ता है| वैसे ही गुरु-तत्व भी मात्र सहचर है, लक्ष्य नहीं| गुरु-तत्व के बिना ज्ञान नहीं होता, पर गुरु जी को पकड़े रहने से लक्ष्य की प्राप्ति नहीं होती, स्वयं को ही पुरुषार्थ करना होगा| गुरुजी तो मात्र सहचर हैं, जो अंततः स्वयं ही चले जाएँगे|

मुक्ति की सोचें, बंधनों की नहीं .....

मुक्ति की सोचें, बंधनों की नहीं, जो हमें मृत्यु देना चाहते हैं, उन्हें मृत्यु देना भी हमारा धर्म है ...
.
इस जीवन में इस पृथ्वी पर, और इस जीवन के पश्चात् एक काल्पनिक स्वर्ग में मौज-मस्ती-मजा लेने की कामना/अपेक्षा ..... घोर निराशाजनक, असत्य, महादुखदायी और धोखा होगी| ऐसी कामनाएँ और अपेक्षाएँ महाबंधनकारी, झूठी और अंधकारमय नर्क में धकेलने वाली होती हैं| इस खतरे से सावधान! अपनी इन्द्रियों को और मन को वश में रखें| मुक्ति की सोचें, बंधनों की नहीं| हमारा कार्य परमात्मा के प्रकाश की वृद्धि करना है, न कि अंधकार की| अन्धकार की वृद्धि करेंगे तो अज्ञान व दुःख ही प्राप्त होगा| पूर्व जन्मों में कुछ पुण्य किये होंगे इसीलिये भगवान हमें सदा अपने हृदय में रखते हैं| कुछ पाप भी किये होंगे जिनका दंड भी मिलता है| हमारे हृदय में परमात्मा की चेतना निरंतर बनी रहे| हृदय में परमात्मा होंगे तो सभी कार्य अच्छे ही होंगे|
.
वर्तमान समय के परिप्रेक्ष्य में गीता में भगवान् ने दुराचारी आसुरी गुणों वाले व्यक्तियों के लक्षण बताये हैं जिन से सदा दूरी रखना ही ठीक है .....
"प्रवृत्तिं च निवृत्तिं च जना न विदुरासुराः| न शौचं नापि चाचारो न सत्यं तेषु विद्यते||१६:७||"
"असत्यमप्रतिष्ठं ते जगदाहुरनीश्वरम्| अपरस्परसंभूतं किमन्यत्कामहैतुकम्||१६:८||"
"एतां दृष्टिमवष्टभ्य नष्टात्मानोऽल्पबुद्धयः| प्रभवन्त्युग्रकर्माणः क्षयाय जगतोऽहिताः||१६:९||"
"काममाश्रित्य दुष्पूरं दम्भमानमदान्विताः|मोहाद्‌गृहीत्वासद्ग्राहान्प्रवर्तन्तेऽशुचिव्रताः||१६:१०||"
"चिन्तामपरिमेयां च प्रलयान्तामुपाश्रिताः| कामोपभोगपरमा एतावदिति निश्चिताः||१६:११||"
"आशापाशशतैर्बद्धाः कामक्रोधपरायणाः| ईहन्ते कामभोगार्थमन्यायेनार्थसञ्चयान्||१६:१२||"
"अहङ्कारं बलं दर्पं कामं क्रोधं च संश्रिताः| मामात्मपरदेहेषु प्रद्विषन्तोऽभ्यसूयकाः||१६:१८||"
"तानहं द्विषतः क्रूरान्संसारेषु नराधमान्| क्षिपाम्यजस्रमशुभानासुरीष्वेव योनिषु||१६:१९||"
"तानहं द्विषतः क्रूरान्संसारेषु नराधमान्| क्षिपाम्यजस्रमशुभानासुरीष्वेव योनिषु||१६:२०||"
"त्रिविधं नरकस्येदं द्वारं नाशनमात्मनः| कामः क्रोधस्तथा लोभस्तस्मादेतत्त्रयं त्यजेत्||१६:२१||"
.
जिन लोगों के साथ हम रहते हैं, उन के गुण हमारे में आये बिना नहीं रहते| अतः दुष्ट असुर/राक्षस प्रकृति के लोगों को दूर से ही नमन कर देना अच्छा है| साथ ही रहना है तो सदाचारी लोगों के साथ रहो, अन्यथा अकेले रहना ही ठीक है|
.
जो दूसरों को अपना मत मानने को बलात् बाध्य करते हैं वे ही असुर राक्षस हैं| आतताई से आत्म-रक्षा करना हमारा अधिकार ही नहीं कर्त्तव्य भी है| आतताई .... यानि जो क्रूर हिंसक दुष्ट प्रवृत्ति का व्यक्ति जिसका दमन कठिन हो, जो हमारे प्राण लेने, हमारी स्त्री, संतानों आदि का अपहरण करने, हमारी संपत्ति को लूटने व जलाने के लिए आ रहा हो, उसके लिए हमारे शास्त्रों में क्षमा का कोई प्रावधान नहीं है| उसके लिए मृत्यु दंड ही निर्धारित है| जो हमें मृत्यु देना चाहते हैं, उन्हें मृत्यु देना कोई पाप नहीं है|
भारत के भीतर व बाहर के शत्रुओं का, असत्य और अंधकार की शक्तियों का नाश हो| धर्म की जय हो|
ॐ तत्सत् | ॐ ॐ ॐ ||
कृपा शंकर
२१ फरवरी २०२०

महाशिवरात्रि पर भगवान परमशिव को नमन .....

महाशिवरात्रि पर भगवान परमशिव को नमन .....
.
भगवान शिव की परम कृपा हम सब पर बनी रहे| शिवभाव में स्थित होकर हम स्वयं ही स्वयं को नमन कर रहे हैं| महाशिवरात्रि हमारे लिए ज्योतिर्मय हो, हमारे चैतन्य में कोई असत्य और अंधकार का अवशेष न रहे| हमारा हर संकल्प, हर विचार और हर क्रिया शिवमय हो| हमारा शिवरात्रि का उपवास सफल हो| हमारे धर्म और राष्ट्र की रक्षा हो| भारत के भीतर और बाहर के शत्रुओं का नाश हो| भारत विजयी हो|
.
असत्य से निवृत होकर जीवात्मा तथा परमात्मा का योगस्थ होकर एक साथ रहना उपवास कहलाता है, शरीर को भूख से सुखाने का नाम उपवास नहीं है| पुराने जमाने के सक्षम लोग शिवरात्रि के दिन सूर्योदय से लेकर अगले दिन के सूर्योदय तक निर्जला व्रत करते थे और पूरी रात जागकर जप करते थे|
.
मृत संजीवनी मंत्र :----
"ॐ हौं ॐ जूँ ॐ सः ॐ भू: ॐ भुवः ॐ स्व: ॐ मह: ॐ जन: ॐ तप: ॐ सत्यम् |
तत्सवितुर्वरेण्यम् त्र्यंबकम् यजामहे सुगन्धिम् पुष्टिवर्धनम् भर्गो देवस्य धीमहि उर्वा रूकमीव बन्धनान् धियोयोनः प्रचोदयात् मृत्योर्मुक्षीय मामृतात् |
ॐ सत्यम ॐ तप: ॐ जन: ॐ मह: ॐ स्वः ॐ भुव: ॐ भू: ॐ स: ॐ जूँ ॐ हौं ॐ ||"
.
रुद्राष्टकम् :---
नमामीशमीशान निर्वाण रूपं, विभुं व्यापकं ब्रह्म वेदः स्वरूपम्‌ ।
निजं निर्गुणं निर्विकल्पं निरीहं, चिदाकाश माकाशवासं भजेऽहम्‌ ॥ (१)
निराकांर मोंकार मूलं तुरीयं, गिराज्ञान गोतीतमीशं गिरीशम्‌ ।
करालं महाकाल कालं कृपालं, गुणागार संसार पारं नतोऽहम्‌ ॥ (२)
तुषाराद्रि संकाश गौरं गभीरं, मनोभूत कोटि प्रभा श्री शरीरम्‌ ।
स्फुरन्मौलि कल्लोलिनी चारू गंगा, लसद्भाल बालेन्दु कण्ठे भुजंगा॥(३)
चलत्कुण्डलं शुभ्र सुनेत्रं विशालं, प्रसन्नाननं नीलकण्ठं दयालम्‌ ।
मृगाधीश चर्माम्बरं मुण्डमालं, प्रियं शंकरं सर्वनाथं भजामि ॥(४)
प्रचण्डं प्रकष्टं प्रगल्भं परेशं, अखण्डं अजं भानु कोटि प्रकाशम्‌ ।
त्रयशूल निर्मूलनं शूल पाणिं, भजेऽहं भवानीपतिं भाव गम्यम्‌ (५)
कलातीत कल्याण कल्पान्तकारी, सदा सच्चिदान्द दाता पुरारी |
चिदानन्द सन्दोह मोहापहारी, प्रसीद प्रसीद प्रभो मन्मथारी ॥(६)
न यावद् उमानाथ पादारविन्दं, भजन्तीह लोके परे वा नराणाम्‌ ।
न तावद् सुखं शांति सन्ताप नाशं, प्रसीद प्रभो सर्वं भूताधि वासं ॥(७)
न जानामि योगं जपं नैव पूजा, न तोऽहम्‌ सदा सर्वदा शम्भू तुभ्यम्‌ ।
जरा जन्म दुःखौध तातप्यमानं, प्रभोपाहि आपन्नामामीश शम्भो ॥(८)
रुद्राष्टकम् इदं प्रोक्तं विप्रेणहरोतषये, ए पठन्त‍ि नरा भक्तयां तेषां शंभो प्रसिदति।।
.
ॐ नमः पार्वतीपतये हर हर महादेव| ॐ नमः शिवाय| ॐ ॐ ॐ ||
कृपा शंकर
२१ फरवरी २०२०

आध्यात्मिक साधना के लिए विशेष चार रात्रियाँ ....

आध्यात्मिक साधना और मंत्र सिद्धि के लिए चार रात्रियों का बड़ा महत्त्व है| ये हैं .... (१) कालरात्रि (दीपावली), (२) महारात्रि (महाशिवरात्रि), (३) मोहरात्रि (जन्माष्टमी). और (४) दारुण रात्रि (होली)| इन रात्रियों को किया गया ध्यान, जप-तप, भजन ... कई गुणा अधिक फलदायी होता है| इस अवसर का लाभ अवश्य उठाना चाहिए| भौतिक देह की चेतना से ऊपर उठने की साधना तो नित्य ही अवश्य करनी चाहिए| आत्म-विस्मृति सब दुःखों का कारण है| इन रात्रियों को अपने आत्म-स्वरुप यानि सर्वव्यापी परमात्मा का ध्यान यथासंभव अधिकाधिक करें| इन रात्रियों में सुषुम्ना नाड़ी में प्राण-प्रवाह अति प्रबल रहता है अतः निष्ठा और भक्ति से की गई साधना निश्चित रूप से सफल होती है| इस सुअवसर का सदुपयोग करें और समय इधर उधर नष्ट करने की बजाय आत्मज्ञान ही नहीं बल्कि धर्म और राष्ट्र के अभ्युदय के लिए भी साधना करें| धर्म और राष्ट्र की रक्षा के लिए एक विराट आध्यात्मिक ब्रह्मशक्ति के जागरण की हमें आवश्यकता है| यह कार्य हमें ही करना पड़ेगा| अन्य कोई विकल्प नहीं है|
.
इस अवसर पर एक बार गीता के आत्मसंयमयोग का कुछ स्वाध्याय कर लेते हैं| भगवान कहते हैं ....
यं लब्ध्वा चापरं लाभं मन्यते नाधिकं ततः| यस्मिन्स्थितो न दुःखेन गुरुणापि विचाल्यते||६:२२||
भावार्थ : परमात्मा को प्राप्त करके वह योग में स्थित मनुष्य परम आनन्द को प्राप्त होकर इससे अधिक अन्य कोई सुख नहीं मानता हुआ भारी से भारी दुःख से भी चलायमान नहीं होता है।
.
तं विद्याद् दुःखसंयोगवियोगं योगसञ्ज्ञितम्| स निश्चयेन योक्तव्यो योगोऽनिर्विण्णचेतसा||६:२३||
भावार्थ : मनुष्य को चाहिये कि दृड़-विश्वास के साथ योग का अभ्यास करते हुए सभी सांसारिक संसर्ग से उत्पन्न दुखों से बिना विचलित हुए योग समाधि में स्थित रहकर कार्य करे।
.
सङ्‍कल्पप्रभवान्कामांस्त्यक्त्वा सर्वानशेषतः| मनसैवेन्द्रियग्रामं विनियम्य समन्ततः ||६:२४||
भावार्थ : मनुष्य को चाहिये मन से उत्पन्न होने वाली सभी सांसारिक इच्छाओं को पूर्ण-रूप से त्याग कर और मन द्वारा इन्द्रियों के समूह को सभी ओर से वश में करे।
.
शनैः शनैरुपरमेद्‍बुद्धया धृतिगृहीतया| आत्मसंस्थं मनः कृत्वा न किंचिदपि चिन्तयेत्‌ ||६:२५||
भावार्थ : मनुष्य को चाहिये क्रमश: चलकर बुद्धि द्वारा विश्वास-पूर्वक अभ्यास करता हुआ मन को आत्मा में स्थित करके, परमात्मा के चिन्तन के अलावा अन्य किसी वस्तु का चिन्तन न करे।
.
यतो यतो निश्चरति मनश्चञ्चलमस्थिरम्‌ | ततस्ततो नियम्यैतदात्मन्येव वशं नयेत्‌ ||६:२६||
भावार्थ : मनुष्य को चाहिये स्वभाव से स्थिर न रहने वाला और सदा चंचल रहने वाला यह मन जहाँ-जहाँ भी प्रकृति में जाये, वहाँ-वहाँ से खींचकर अपनी आत्मा में ही स्थिर करे।
.
प्रशान्तमनसं ह्येनं योगिनं सुखमुत्तमम्‌ | उपैति शांतरजसं ब्रह्मभूतमकल्मषम्‌ ||६:२७||
भावार्थ : योग में स्थित मनुष्य का मन जब परमात्मा में एक ही भाव में स्थिर रहता है और जिसकी रज-गुण से उत्पन्न होने वाली कामनायें भली प्रकार से शांत हो चुकी हैं, ऎसा योगी सभी पाप-कर्मों से मुक्त होकर परम-आनन्द को प्राप्त करता है।
.
युञ्जन्नेवं सदात्मानं योगी विगतकल्मषः| सुखेन ब्रह्मसंस्पर्शमत्यन्तं सुखमश्नुते||६:२८||
भावार्थ : इस प्रकार योग में स्थित मनुष्य निरन्तर योग अभ्यास द्वारा सभी प्रकार के पापों से मुक्त् होकर सुख-पूर्वक परब्रह्म से एक ही भाव में स्थिर रहकर दिव्य प्रेम स्वरूप परम-आनंद को प्राप्त करता है।
.
सर्वभूतस्थमात्मानं सर्वभूतानि चात्मनि| ईक्षते योगयुक्तात्मा सर्वत्र समदर्शनः||६:२९||
भावार्थ : योग में स्थित मनुष्य सभी प्राणीयों मे एक ही आत्मा का प्रसार देखता है और सभी प्राणीयों को उस एक ही परमात्मा में स्थित देखता है, ऎसा योगी सभी को एक समान भाव से देखने वाला होता है।
.
यो मां पश्यति सर्वत्र सर्वं च मयि पश्यति| तस्याहं न प्रणश्यामि स च मे न प्रणश्यति||६:३०||
भावार्थ : जो मनुष्य सभी प्राणीयों में मुझ परमात्मा को ही देखता है और सभी प्राणीयों को मुझ परमात्मा में ही देखता है, उसके लिए मैं कभी अदृश्य नहीं होता हूँ और वह मेरे लिए कभी अदृश्य नहीं होता है।
.
सर्वभूतस्थितं यो मां भजत्येकत्वमास्थितः| सर्वथा वर्तमानोऽपि स योगी मयि वर्तते ||६:३१||
भावार्थ : योग में स्थित जो मनुष्य सभी प्राणीयों के हृदय में मुझको स्थित देखता है और भक्ति-भाव में स्थित होकर मेरा ही स्मरण करता है, वह योगी सभी प्रकार से सदैव मुझमें ही स्थित रहता है |
.
आत्मौपम्येन सर्वत्र समं पश्यति योऽर्जुन| सुखं वा यदि वा दुःखं स योगी परमो मतः||६:३२||
भावार्थ : हे अर्जुन! योग में स्थित जो मनुष्य अपने ही समान सभी प्राणीयों को देखता है, सभी प्राणीयों के सुख और दुःख को भी एक समान रूप से देखता है, उसी को परम पूर्ण-योगी समझना चाहिये।
.
आप सब को नमन और महाशिवरात्रि व होली की हार्दिक शुभ कामनाएँ!
ॐ तत्सत् ॐ ॐ ॐ !!
कृपा शंकर
२० मार्च २०२०

मेरा अस्तित्व 'कूटस्थ चैतन्य' है .....

इस जन्म में ही नहीं, सभी जन्मों में मैं अब तक जितने भी लोगों से मिला हूँ, साक्षात् कूटस्थ परमशिव पारब्रह्म परमात्मा से ही मिला हूँ| अब तक जहाँ कहीं भी गया हूँ, मैनें परमात्मा में ही विचरण किया है| अन्य कोई या कुछ भी है ही नहीं| परमात्मा ही यह "मैं" बन जाता है| पृथकता का बोध एक भ्रम मात्र है| मेरा एकमात्र संबंध, और नित्य का लोक-व्यवहार भी परमात्मा से ही है| जहाँ भी मैं हूँ, वहीं परमात्मा हैं| वे मुझ से पृथक नहीं हो सकते| वे मेरे शाश्वत साथी हैं| इस जन्म से पूर्व भी वे ही मेरे साथ थे, और इस जन्म की मृत्यु के पश्चात भी वे ही मेरे साथ रहेंगे| सभी जन्मों में वे ही माता-पिता, भाई-बहिन और सभी संबंधियों, मित्रों व शत्रु के रूप में आये| इस भौतिक हृदय में वे ही धड़क रहे हैं, इन आँखों से वे ही देख रहे हैं, इन पैरों से वे ही चल रहे हैं, और इन नासिकाओं से वे ही सांसें ले रहे हैं| सारी दृष्टि, दृश्य और दृष्टा वे ही हैं| मेरा अस्तित्व 'कूटस्थ चैतन्य' है जिसका केंद्र सर्वत्र है, परिधि कहीं भी नहीं|
.
ॐ तत्सत् !! ॐ नमो भगवते वासुदेवाय !! ॐ नमः शिवाय !! ॐ ॐ ॐ !!!
कृपा शंकर
१९ फरवरी २०२०

Wednesday 4 March 2020

शिवरात्रि की शुभ कामनायें .....

तीन दिन पश्चात शिवरात्रि आने वाली है| शिव परमतत्व है जिसका बोध हरिःकृपा से ही होता है| शिव का अर्थ होता है 'कल्याण', 'मंगल' और 'शुभ'| जो सब का कल्याण, मंगल और शुभ करते हैं, वे शिव हैं| भगवान शिव परम चैतन्य हैं| वे दुःख-तस्कर हैं| भगवान शिव अपने भक्तों के दुःख कष्ट हर लेते हैं, अतः अनंत काल से वे हमारे उपास्य देवता रहे हैं| वे जीवात्मा को संसारजाल, कर्मजाल और मायाजाल से मुक्त कराते हैं| जीवों को स्थूल, सूक्ष्म और कारण देह के तीन पुरों को ध्वंश कर महाचैतन्य में प्रतिष्ठित कराते है अतः वे त्रिपुरारी हैं|
.
अनंत सर्वव्यापी परम-चैतन्य परम-तत्व का प्रतीक है शिवलिंग| जिसके अन्दर सबका विलय होता है उसे लिंग कहते हैं| स्थूल जगत का सूक्ष्म जगत में, सूक्ष्म जगत का कारण जगत में और कारण जगत का सभी आयामों से परे -- तुरीय चेतना --- में विलय हो जाता है| उस तुरीय चेतना का प्रतीक है ---- शिवलिंग, जो साधक के कूटस्थ चैतन्य में स्वयं निरंतर जागृत रहता है| उसके समक्ष साधना करने से चेतना ऊर्ध्वमुखी होने लगती है| इसकी अनुभूति अधिकांश साधक करते हैं| शिवलिंग अनंत, सर्वव्यापी, परम चैतन्य या परम तत्व का एक प्रतीक हैं जिसकी विधिवत साधना से शिवलिंग प्रत्यक्ष चैतन्य हो जाता है|
.
शिव तत्व पर अनेक रहस्य की बाते हैं जिनकी चर्चा सिर्फ अति निष्ठावान उन्नत साधकों के समक्ष ही की जा सकती हैं, सार्वजनिक मंच पर नहीं|
ॐ नमः शम्भवाय च मयोभवाय च नमः शंकराय च मयस्कराय च नमः शिवाय च शिवतराय च|| ऊँ तत्पुरुषाय विद्महे महादेवाय धीमहि तन्नो रुद्रः प्रचोदयात्||
ॐ नमः शिवाय| ॐ नमः शिवाय| ॐ नमः शिवाय| ॐ ॐ ॐ ||
कृपा शंकर
१७ फरवरी २०२०

शैतान एक वास्तविकता है जिसका मैं साक्षी हूँ .....

शैतान एक वास्तविकता है जिसका मैं साक्षी हूँ (The Devil exists, This is my testimony)
.
शैतान (Satan या Devil) की परिकल्पना इब्राहिमी (Abrahamic) मजहबों (यहूदी, इस्लाम और ईसाईयत) की है| भारत में उत्पन्न किसी भी मत में शैतान की परिकल्पना नहीं है| शैतान .... इब्राहिमी मज़हबों में सबसे दुष्ट हस्ती का नाम है, जो दुनियाँ की सारी बुराई का प्रतीक है| इन मज़हबों में ईश्वर को सारी अच्छाई प्रदान की जाती है और बुराई शैतान को| इब्राहिमी मतों के अनुसार शैतान पहले ईश्वर का एक फ़रिश्ता था, जिसने ईश्वर से ग़द्दारी की और इसके बदले ईश्वर ने उसे स्वर्ग से निकाल दिया| शैतान पृथ्वी पर मानवों को पाप के लिये उकसाता है|
.
हिन्दू परम्परा में शैतान जैसे किसी व्यक्ति का कोई अस्तित्व नहीं है, क्योंकि हिन्दू मान्यता कहती है कि मनुष्य अज्ञान वश पाप करता है जो दुःखों की सृष्टि करते हैं| मनुष्य का यह अज्ञान ही शैतान है जो हमारे लोभ और अहंकार के रूप में व्यक्त होता है| वास्तव में हमारा लोभ और अहंकार ही शैतान है जो हमारी सब बुराइयों और सब पापों का कारण है|
.
जिस तरह से दैवीय जगत होता है वैसे ही आसुरी और पैशाचिक जगत भी होते हैं जो हमारे जीवन पर निरंतर प्रभाव डालते रहते हैं| जैसे देवता हमारी सहायता करते हैं वैसे ही असुर भी निरंतर हमारे ऊपर अधिकार कर हमें बुराई की और धकेलने का प्रयास करते रहते हैं| कई बार हम ऐसे गलत कार्य कर बैठते हैं जिनका हमें स्वयं को भी विश्वास नहीं होता कि हमारे रहते हुए भी ऐसा क्यों हुआ| हमें पता भी नहीं चलता कि कब किसी आसुरी शक्ति ने हमें अपना उपकरण बना कर हमारा प्रयोग या उपयोग कर लिया|
.
मैंने स्पष्ट रूप से एक दैवीय जगत को भी स्पष्ट अनुभूत किया है और एक अति शक्तिशाली आसुरी जगत को भी| सूक्ष्म जगत में कई बड़े बड़े शक्तिशाली असुर हैं जिनसे भगवान ही हमारी रक्षा कर सकते हैं| जिन मनुष्यों को हम पापी या दुष्ट कहते हैं वे तो शैतान यानि आसुरी जगत के शिकार हैं, इसमें उनका क्या दोष? हम स्वयं आसुरी प्रभाव से पूर्णतः मुक्त होकर ही उनकी सहायता कर सकते हैं|
ॐ तत्सत् ॐ ॐ ॐ ||
कृपा शंकर

भारत की वर्तमान परिस्थितियों में भांग-गांजे पर से प्रतिबंध हटा देने चाहियें ....

भारत की वर्तमान परिस्थितियों में भांग-गांजे पर से प्रतिबंध हटा देने चाहियें ....
----------------------------------------------------------------------------------
ईसा की उन्नीसवीं शताब्दि तक उत्तरी व दक्षिणी अमेरिकी महाद्वीपों में, विशेषकर संयुक्त राज्य अमेरिका में भांग-गांजे का सेवन पूरे विश्व में सबसे अधिक होता था| वहाँ के मूल निवासी, गरीब काले नीग्रो और गरीब गोरे लोग भांग-गांजे का खूब सेवन करते थे| अमीर गोरे लोग शराब पीते थे| शराब मंहगी होती थी और उसे अमीर लोग ही पी सकते थे| भांग के पौधे free होते थे जिन्हें कहीं पर भी उगाया जा सकता था, इस लिए गरीब अमेरिकन लोग खूब भांग खाते थे| वहाँ की सरकार भी इसे प्रोत्साहित करती थी| फिर एक समय ऐसा आया कि शराब बनाने वाली कंपनियों ने अपने डॉलरों के जोर से अमेरिकी सरकार पर दबाव डाल कर अमेरिका में ही नहीं पूरे विश्व में भांग-गांजे पर प्रतिबंध लगवा दिया ताकि शराब खूब बिके| सरकारों को भी शराब की बिक्री से खूब टेक्स मिलने लगा इसलिए सरकारों ने भी शराब की बिक्री को खूब बढ़ावा दिया और फ्री में मिलने वाले भांग-गांजे पर और भी अधिक सख्ती से प्रतिबंध लगा दिया|
.
आजकल नई मेडिकल शोधों में भांग में कैंसर रोधी तत्व पाये गए हैं और यह देखा गया है कि भांग खाने वालों को केन्सर नहीं होता| अब अमेरिका में एक आन्दोलन चल पड़ा है भांग-गांजा फिर से free करने के लिए| उनका तर्क है कि जहाँ तंबाकू और शराब का सेवन कर हर वर्ष हजारों लोग मरते हैं, वहाँ आज तक के पूरे विश्व के इतिहास में भाँग-गांजे के सेवन से एक भी आदमी नहीं मरा है|
.
भारत में नियम बड़े सख्त हैं| बिना लाइसेंस के भांग-गाँजा और अफीम उगाना एक अपराध है जिसमें जमानत भी नहीं होती और बहुत अधिक सजा का प्रावधान है| अतः भांग-गांजा पास में भी रखने जैसी गलती भूल कर भी न करें| भारत में इनके सेवन करने के लिए लाइसेंस लेना पड़ता है, अन्यथा इनको पास में रखना भी गंभीर अपराध है| इसलिए सावधान रहें|
.
आजकल भारत में बढ़ रही शराब के नशे की प्रवृति बड़ी दुखद है| समाज के हर वर्ग में, क्या अमीर और क्या गरीब,यहाँ तक कि महिलाओं में भी पनप रही शराब पीने की प्रवृति बड़ी दुखद है| यह भ्रष्टाचार से भी अधिक भयावह है| यह भारत को खोखला कर रही है| भारत में अंग्रेजों के आने से पूर्व मद्यपान बहुत कम लोग करते थे| अंग्रेजों ने इसे लोकप्रिय बनाया| अंग्रेजों के आने से पूर्व नशा करने वाले भांग खाते थे और गांजा पीते थे जो बहुत कम हानि करता था| भांगची और गंजेड़ी लोग अपनी पत्नियों को नहीं पीटते थे, और किसी का कोई नुकसान नहीं करते थे| पर सरकारों को इसमें कोई टेक्स नहीं मिलता था इसलिए सरकारों ने इस पर प्रतिबन्ध लगा दिया| शराब की बिक्री से सरकार को 40% कर मिलता है इसलिए सरकारें शराब को प्रोत्साहन देती हैं|
.
मेरी बात कुछ लोगों को बुरी लग सकती है| मैं किसी भी तरह का नशा नहीं करता| देश-विदेशों में खूब घूमा हूँ| जीवन का सर्वश्रेष्ठ भाग विदेशों में ही बीता है| अपने अनुभव से कह रहा हूँ कि भारत में जनता को शराब, ड्रग्स, गुटखा आदि के नशे से मुक्त करने के लिए सरकार को चाहिए कि भांग और गांजे पर से सारे प्रतिबंध हटा ले| हर वर्ष तंबाकू के सेवन से हजारो लोग केंसर से मरते हैं| गाँजा पी कर विश्व के पूरे इतिहास में आज तक एक भी आदमी नहीं मरा है| शराब के नशे से भांग का नशा बहुत कम हानि पहुंचाता है| शराब पीने से लीवर खराब होता है, पर अति अल्प मात्रा में भांग खाने वाले को कभी केंसर नहीं होता| इस विषय पर वैज्ञानिक शोध होने चाहिये| शिवजी को प्रिय भांग औषधीय गुणों से भरा पडा है|
.
भारत में साधू संत अति प्राचीन काल से भांग गांजे का सेवन करते आ रहे हैं| जंगलों में और पहाड़ों की दुर्गम ऊंची चोटियों पर रहने वाले साधु स्वस्थ रहने के लिए भांग-गांजे का सेवन करते हैं और बीमार पड़ने पर शंखिया नाम के जहर का एक कण खाते हैं, इस से वे ठीक हो जाते हैं| किसी दवा का कोई साधन उनके पास नहीं होता और वे इन्हीं से काम चलाते हैं| सीमित मात्रा में नियमित भांग खाने वालों ने बहुत लम्बी उम्र पाई है| अधिक तो खाना खाने से भी हानि होती है|
.
प्राचीन भारत के राजा बड़े गर्व से कहते थे कि मेरे राज्य में कोई चोर नहीं है और कोई शराब नहीं पीता| भगवान से प्रार्थना करता हूँ कि भारत में एक दिन ऐसा अवश्य आये जब कोई चोर, दुराचारी और शराबी नहीं हो|
ॐ तत्सत् ॐ ॐ ॐ
कृपा शंकर
१६ फरवरी २०२०