Wednesday 4 March 2020

भारत की वर्तमान परिस्थितियों में भांग-गांजे पर से प्रतिबंध हटा देने चाहियें ....

भारत की वर्तमान परिस्थितियों में भांग-गांजे पर से प्रतिबंध हटा देने चाहियें ....
----------------------------------------------------------------------------------
ईसा की उन्नीसवीं शताब्दि तक उत्तरी व दक्षिणी अमेरिकी महाद्वीपों में, विशेषकर संयुक्त राज्य अमेरिका में भांग-गांजे का सेवन पूरे विश्व में सबसे अधिक होता था| वहाँ के मूल निवासी, गरीब काले नीग्रो और गरीब गोरे लोग भांग-गांजे का खूब सेवन करते थे| अमीर गोरे लोग शराब पीते थे| शराब मंहगी होती थी और उसे अमीर लोग ही पी सकते थे| भांग के पौधे free होते थे जिन्हें कहीं पर भी उगाया जा सकता था, इस लिए गरीब अमेरिकन लोग खूब भांग खाते थे| वहाँ की सरकार भी इसे प्रोत्साहित करती थी| फिर एक समय ऐसा आया कि शराब बनाने वाली कंपनियों ने अपने डॉलरों के जोर से अमेरिकी सरकार पर दबाव डाल कर अमेरिका में ही नहीं पूरे विश्व में भांग-गांजे पर प्रतिबंध लगवा दिया ताकि शराब खूब बिके| सरकारों को भी शराब की बिक्री से खूब टेक्स मिलने लगा इसलिए सरकारों ने भी शराब की बिक्री को खूब बढ़ावा दिया और फ्री में मिलने वाले भांग-गांजे पर और भी अधिक सख्ती से प्रतिबंध लगा दिया|
.
आजकल नई मेडिकल शोधों में भांग में कैंसर रोधी तत्व पाये गए हैं और यह देखा गया है कि भांग खाने वालों को केन्सर नहीं होता| अब अमेरिका में एक आन्दोलन चल पड़ा है भांग-गांजा फिर से free करने के लिए| उनका तर्क है कि जहाँ तंबाकू और शराब का सेवन कर हर वर्ष हजारों लोग मरते हैं, वहाँ आज तक के पूरे विश्व के इतिहास में भाँग-गांजे के सेवन से एक भी आदमी नहीं मरा है|
.
भारत में नियम बड़े सख्त हैं| बिना लाइसेंस के भांग-गाँजा और अफीम उगाना एक अपराध है जिसमें जमानत भी नहीं होती और बहुत अधिक सजा का प्रावधान है| अतः भांग-गांजा पास में भी रखने जैसी गलती भूल कर भी न करें| भारत में इनके सेवन करने के लिए लाइसेंस लेना पड़ता है, अन्यथा इनको पास में रखना भी गंभीर अपराध है| इसलिए सावधान रहें|
.
आजकल भारत में बढ़ रही शराब के नशे की प्रवृति बड़ी दुखद है| समाज के हर वर्ग में, क्या अमीर और क्या गरीब,यहाँ तक कि महिलाओं में भी पनप रही शराब पीने की प्रवृति बड़ी दुखद है| यह भ्रष्टाचार से भी अधिक भयावह है| यह भारत को खोखला कर रही है| भारत में अंग्रेजों के आने से पूर्व मद्यपान बहुत कम लोग करते थे| अंग्रेजों ने इसे लोकप्रिय बनाया| अंग्रेजों के आने से पूर्व नशा करने वाले भांग खाते थे और गांजा पीते थे जो बहुत कम हानि करता था| भांगची और गंजेड़ी लोग अपनी पत्नियों को नहीं पीटते थे, और किसी का कोई नुकसान नहीं करते थे| पर सरकारों को इसमें कोई टेक्स नहीं मिलता था इसलिए सरकारों ने इस पर प्रतिबन्ध लगा दिया| शराब की बिक्री से सरकार को 40% कर मिलता है इसलिए सरकारें शराब को प्रोत्साहन देती हैं|
.
मेरी बात कुछ लोगों को बुरी लग सकती है| मैं किसी भी तरह का नशा नहीं करता| देश-विदेशों में खूब घूमा हूँ| जीवन का सर्वश्रेष्ठ भाग विदेशों में ही बीता है| अपने अनुभव से कह रहा हूँ कि भारत में जनता को शराब, ड्रग्स, गुटखा आदि के नशे से मुक्त करने के लिए सरकार को चाहिए कि भांग और गांजे पर से सारे प्रतिबंध हटा ले| हर वर्ष तंबाकू के सेवन से हजारो लोग केंसर से मरते हैं| गाँजा पी कर विश्व के पूरे इतिहास में आज तक एक भी आदमी नहीं मरा है| शराब के नशे से भांग का नशा बहुत कम हानि पहुंचाता है| शराब पीने से लीवर खराब होता है, पर अति अल्प मात्रा में भांग खाने वाले को कभी केंसर नहीं होता| इस विषय पर वैज्ञानिक शोध होने चाहिये| शिवजी को प्रिय भांग औषधीय गुणों से भरा पडा है|
.
भारत में साधू संत अति प्राचीन काल से भांग गांजे का सेवन करते आ रहे हैं| जंगलों में और पहाड़ों की दुर्गम ऊंची चोटियों पर रहने वाले साधु स्वस्थ रहने के लिए भांग-गांजे का सेवन करते हैं और बीमार पड़ने पर शंखिया नाम के जहर का एक कण खाते हैं, इस से वे ठीक हो जाते हैं| किसी दवा का कोई साधन उनके पास नहीं होता और वे इन्हीं से काम चलाते हैं| सीमित मात्रा में नियमित भांग खाने वालों ने बहुत लम्बी उम्र पाई है| अधिक तो खाना खाने से भी हानि होती है|
.
प्राचीन भारत के राजा बड़े गर्व से कहते थे कि मेरे राज्य में कोई चोर नहीं है और कोई शराब नहीं पीता| भगवान से प्रार्थना करता हूँ कि भारत में एक दिन ऐसा अवश्य आये जब कोई चोर, दुराचारी और शराबी नहीं हो|
ॐ तत्सत् ॐ ॐ ॐ
कृपा शंकर
१६ फरवरी २०२०

No comments:

Post a Comment