Wednesday, 25 February 2026

कुछ विचार ---

 (1) ब्रह्म ह्त्या ........

(2) जीव की अंतिम नियति ही है ..... पूर्ण समर्पण .......
(3) संक्षिप्त में कुछ विचार ......
.
(1) ब्रह्म हत्या ......
^^^^^^^^^^^^^^^
ब्रह्महत्या को सबसे बड़ा पाप माना गया है| मेरी अल्प और सीमित समझ से ब्रह्महत्या के दो अर्थ हैं ..... एक तो अपने स्वयं में अन्तस्थ परमात्मा को विस्मृत कर देना, और दूसरा है किसी ब्रह्मनिष्ठ महात्मा की ह्त्या कर देना|
श्रुति भगवती कहती है कि अपने आत्मस्वरूप को विस्मृत कर देना भी उसका हनन यानि ह्त्या है| सांसारिक उपलब्धियों को हम अपनी महत्वाकांक्षा, लक्ष्य और दायित्व बना लेते हैं| पारिवारिक, सामाजिक व सामुदायिक सेवा कार्य भी हमें करने चाहियें क्योंकि इनसे पुण्य मिलता है, पर इनसे आत्म-साक्षात्कार नहीं होता|
हमारे कूटस्थ ह्रदय में सच्चिदानन्द ब्रह्म यानि स्वयं भगवान बैठे हुए हैं| हम संसार की हर वस्तु की ओर ध्यान देते हैं पर परमात्मा की ओर नहीं| हम कहते हैं कि हमारा यह कर्तव्य बाकी है और वह कर्तव्य बाकी है पर सबसे बड़े कर्तव्य को भूल जाते हैं कि हमें ब्रह्मज्ञान प्राप्त करना है| बच्चों की शिक्षा, बच्चों को काम पर लगाना, व्यापार की सँभाल करना आदि आदि में ही जीवन व्यतीत हो जाता है| जो लोग कहते हैं कि हमारा समय अभी तक नहीं आया है, उनका समय कभी आयेगा भी नहीं|
भगवान को भूलना भी ब्रह्म-ह्त्या का पाप है| आजकल गुरु बनने और गुरु बनाने का भी खूब प्रचलन हो रहा है| गुरु पद पर हर कोई आसीन नहीं हो सकता| एक ब्रह्मनिष्ठ श्रौत्रीय और परमात्मा को उपलब्ध महापुरुष ही गुरु हो सकता है जिसे अपने गुरु द्वारा अधिकार मिला हुआ हो|
सार कि बात यह कि भगवान को भूलना भी ब्रह्महत्या है, और भगवान को भूलने वाले ब्रह्महत्या के दोषी हैं जो सबसे बड़ा पाप है|
.
(2) जीव की अंतिम नियति ही है --- पूर्ण समर्पण .......
^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^
मनुष्य योनी में जीव का जन्म होता ही है पूर्ण समर्पण का पाठ सीखने के लिए| अन्य सब बातें इसी का विस्तार हैं| यह एक ही पाठ प्रकृति द्वारा निरंतर सिखाया जा रहा है| कोई इसे देरी से सीखता है, कोई शीघ्र| जो नहीं सीखता है वह इसे सीखने को बाध्य कर दिया जाता है|
.
लोकयात्रा के लिए हमें जो देह रूपी वाहन दिया गया है वह नश्वर और अति अल्प क्षमता से संपन्न है| बुद्धि भी अति अल्प और सिमित है, जो कुबुद्धि ही है| चित्त नित-नूतन वासनाओं से भरा है| अहंकार महाभ्रमजाल में उलझाए हुए है| मन अति चंचल और लालची है| ये सब मिलकर इस मायाजाल में फँसाए हुए है जिसे तोड़ने का पूर्ण समर्पण के अतिरिक्त अन्य कोई मार्ग ही नहीं है| हमें आता जाता कुछ नहीं है पर सब कुछ जानने का झूठा भ्रम पाल रखा है|
.
(3) संक्षिप्त में कुछ विचार .......
^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^^
माता पिता परमात्मा के अवतार हैं, उनका पूर्ण सम्मान करें|
प्रातः और सायं विधिवत साधना करनी चाहिए| निरंतर प्रभु का स्मरण रहे|
गीता के कम से कम पाँच श्लोकों का नित्य पाठ करना चाह्हिए|
कुसंग का सर्वदा त्याग|
कर्ताभाव से मुक्ति|
किसी भी प्रकार के नशे का त्याग|
सात्विक भोजन|
एकाग्रता से अनन्य भक्ति|
वैराग्य और एकांत का अभ्यास|
भगवान का अनन्य भक्त ही ब्राह्मण है| हर श्रद्धालु क्षत्रिय है|
सिर्फ नाम या वस्त्र बदलने से कोई विरक्त नहीं होता|
वैराग्य प्रभु कि कृपा से ही प्राप्त होता है|
गुरुलाभ भी भगवान की कृपा से ही प्राप्त होता है|
संन्यास मन की अवस्था है|
तामसिक साधनाओं से बचें|
साधना के फल का भगवान को अर्पण|
.
ॐ नमः शिवाय| ॐ ॐ ॐ ||
२५ फरवरी २०१६

आसुरी आत्माएं कभी कभी बहुत परेशान करती हैं। भगवान उनसे हमारी रक्षा भी करते हैं।

आज प्रातःकाल उठते ही प्रेरणा मिली कि मैं आज प्राण-तत्व, आकाश-तत्व और परमशिव के बारे में कुछ लिखूं| पर ज्यों ही लिखने को उद्यत हुआ तब सूक्ष्म जगत में भटक रही एक-दो नरपिशाच रही आसुरी प्रेतात्माओं की स्मृति आ गयी जिन्होनें तुरंत आकर मेरे दिमाग में एक ऐसा विक्षेप डाल दिया कि मैं विषय से भटक गया और उपरोक्त विषयों पर कुछ भी लिखना असंभव हो गया| साधना के मार्ग पर देवता भी मिलते हैं और असुर भी जिनसे रक्षा गुरु महाराज के रूप में जगन्माता ही करती हैं|

मेरा सौभाग्य देखिये कि यहाँ से सैंकड़ों मील दूर वर्तमान में नर्मदा तट के पास प्रवास कर रहे एक सिद्ध सन्यासी महात्मा जी का अपने आप ही एक घंटे पूर्व एक विडिओ कॉल आया जिसमें उन्होंने मुझे प्रत्यक्ष लगभग एक घंटे तक उपदेश और सत्संग लाभ देकर मेरे उद्वेलित मन को तो शांत किया ही, मानस में छिपे हुए सारे अव्यक्त प्रश्नों का उत्तर भी दे दिया| अब कोई जिज्ञासा या ऐसी बात नहीं रही है जो कोई रहस्य हो|
अभी तो परमात्मा का ध्यान करने की प्रेरणा मिल रही है| फिर कभी सार की बात लिखूंगा|
ॐ तत्सत् ! ॐ नमो भगवते वासुदेवाय ! श्रीगुरवे नमः !
कृपा शंकर
२५ फरवरी २०१९