Sunday 1 April 2018

"समत्व" ही योग है. समाधि कोई क्रिया नहीं, एक अवस्था का नाम है ......

"समत्व" ही योग है. समाधि कोई क्रिया नहीं, एक अवस्था का नाम है ......
.
समाधि कोई क्रिया नहीं, एक अवस्था का नाम है जिसमें उपासनारत उपासक समभाव में अधिष्ठित हो जाता है| समभाव में स्थिति ही समाधि है| जब साधक स्थूल, सूक्ष्म, कारण एवं तुरीय भूमियों पर एक ही दशा में अवस्थान करते हैं, उसे समाधि कहते हैं| जब ध्येय ध्याता और ध्यान, ज्ञेय ज्ञाता और ज्ञान, दृष्टा दृश्य और दर्शन ..... इन सब का लय हो जाता है वह समाधि की अवस्था है| यह समत्व ही योग है| तंत्र की भाषा में महाशक्ति कुण्डलिनी का परमशिव से मिलन ... योग है, पर बिना भक्ति के तंत्र भी एक शब्दजाल मात्र है|
.
किसी भी तरह के बौद्धिक जंजाल में न पड़कर, जब भी भगवान के प्रति परमप्रेम की अनुभूतियाँ हों तब उस प्रेम में समर्पित होकर स्वयं ही परम प्रेममय हो जाएँ| यही भगवान की भक्ति है| बौद्धिक ज्ञान सिर्फ प्रेरणा दे सकता है पर अंततः काम तो भगवान की भक्ति ही आयेगी| भगवान से इतना प्रेम करो कि उनसे कोई भेद नहीं रह जाय| फिर सब कुछ जो भी आवश्यक है, वह स्वतः ही समझ में आ जाएगा|
.
"भगवान मुझ से प्रसन्न हों" ... यह भाव भी छोड़ देना चाहिए| सब तरह की आशाएँ भी आसक्ति हैं जिनका त्याग कर देना चाहिए| अन्तःकरण की शुद्धि से उत्पन्न होनेवाली ज्ञानप्राप्ति तो सिद्धि है, और ज्ञानप्राप्ति का न होना असिद्धि है| ऐसी सिद्धि और असिद्धि में समभाव होने की अवर्णनीय अवस्था "योग" है जहाँ भगवान से कोई भेद नहीं रहता|
.
गीता में भगवान कहते हैं....
"योगस्थः कुरु कर्माणि सङ्गं त्यक्त्वा धनञ्जय | सिद्ध्यसिद्ध्योः समो भूत्वा समत्वं योग उच्यते ||२:४८||
अर्थात् .... हे धनञ्जय, तूँ आसक्ति का त्याग करके सिद्धि-असिद्धिमें सम होकर योगमें स्थित हुआ कर्मोंको कर, क्योंकि समत्व ही योग कहा जाता है|
.
गीता में ही भगवान कहते हैं .....
"ब्रह्मभूतः प्रसन्नात्मा न शोचति न काङ्क्षति | समः सर्वेषु भूतेषु मद्भक्तिं लभते पराम् ||१८:५४||
अर्थात् वह ब्रह्मभूतअवस्थाको प्राप्त प्रसन्न मनवाला साधक न तो किसीके लिये शोक करता है और न किसीकी इच्छा करता है| ऐसा सम्पूर्ण प्राणियोंमें समभाव वाला साधक मेरी पराभक्तिको प्राप्त हो जाता है|
.
इस अवस्था में कुछ भी जानने को बाकि नहीं रहता है| यही पराभक्ति है, यही परमसिद्धि है, यही योग है, और यही हमारे जीवन का उद्देश्य है|
.
निजात्मगण आप सब महान आत्माओं को नमन | ॐ तत्सत् ! ॐ ॐ ॐ !!
कृपा शंकर
१ अप्रेल २०१८