Friday 20 March 2020

परमशिव एक अनुभूति है ....

हमारा शिव-संकल्प, अंतर्दृष्टि, प्राण-तत्व और गुरुकृपा ..... ये साधन हैं, जिनकी सहायता से परमशिव का ध्यान किया जाता है| परमशिव एक अनुभूति है जो परमात्मा की परमकृपा से उनके द्वारा भेजे हुए सद्गुरु के मार्गदर्शन से होती है| गुरु का भौतिक देहधारी होना आवश्यक नहीं है| सूक्ष्म जगत की महान आत्मायें भी गुरु रूप में मार्ग-दर्शन कर सकती हैं|
प्राण का घनीभूत रूप कुंडलिनी महाशक्ति है| कुंडलिनी महाशक्ति और परमशिव का मिलन 'योग' है|
.
जब हृदय में भगवान से परमप्रेम (भक्ति) और उन्हें पाने की अभीप्सा जागृत होती है, तब सद्गुरु लाभ होता है| भगवान श्रीकृष्ण स्वयं परात्पर गुरु रूप में निष्ठावान साधकों का मार्गदर्शन और रक्षा कर रहे हैं| भगवद्गीता के रहस्य उन्हीं की कृपा से समझ में आ सकते हैं, अन्यथा नहीं| वे हमारे अंतर में सर्वदा बिराजमान हैं| उनका आभास उनकी परमकृपा से ही होता है| हमारे हिमालय जैसे बड़े बड़े पाप भी उनके विराट कृपासिंधु में छोटे-मोटे महत्वहीन कंकर-पत्थर से अधिक नहीं हैं| सब कर्मफलों से मुक्ति और आगे की गतियाँ उनकी कृपा से होती हैं| वे ही परमब्रह्म हैं, वे ही जगन्माता हैं|
.
ब्रह्मरंध्र से परे अनंत महाकाश है| उस से भी बहुत परे श्वेत क्षीरसागर है जहाँ भगवान नारायण, परमशिव के रूप में बिराजमान हैं| उनके दर्शन एक विराट पंचकोणीय श्वेत नक्षत्र के रूप में होते हैं| वे पंचमुखी महादेव हैं| उनके संकल्प से ही यह सारी सृष्टि निर्मित हुई और चलायमान है| गीता में उस लोक के बारे में कहा गया है ....
"न तद्भासयते सूर्यो न शशाङ्को न पावकः| यद्गत्वा न निवर्तन्ते तद्धाम परमं मम||"
श्रुति भगवती कहती है .....
"न तत्र सूर्यो भाति न चन्द्रतारकं नेमा विद्युतो भान्ति कुतोऽयमग्निः| तमेव भान्तमनुभाति सर्वं तस्य भासा सर्वमिदं विभाति||"
.
उन परमात्मा की परमकृपा मुझ अकिंचन पर और हम सब पर सदा बनी रहे|
"वायुर्यमोऽग्निर्वरुणः शशाङ्कः प्रजापतिस्त्वं प्रपितामहश्च| नमो नमस्तेऽस्तु सहस्रकृत्वः पुनश्च भूयोऽपि नमो नमस्ते||
नमः पुरस्तादथ पृष्ठतस्ते नमोऽस्तु ते सर्वत एव सर्व| अनन्तवीर्यामितविक्रमस्त्वं सर्वं समाप्नोषि ततोऽसि सर्वः||"
ॐ नमो भगवते वासुदेवाय! ॐ नमः शिवाय! ॐ नमः शिवाय! ॐ नमः शिवाय! ॐ ॐ ॐ!!
कृपा शंकर
२४ फरवरी २०२०

No comments:

Post a Comment