Friday, 13 November 2026

निःस्पृह व्यक्ति के लिए यह जगत् तृण के समान है ---

 निःस्पृह व्यक्ति के लिए यह जगत् तृण के समान है ---

.
जहाँ तक हो सके, भगवान से कभी भी कुछ भी याचना न करें। हम कोई भिक्षुक नहीं हैं। जब हम भगवान से कुछ भी माँगना छोड़ देते हैं, तब भगवान स्वयं ही हमें याद करने लगते हैं; वे तभी हमारा उद्धार करते हैं। भगवान से कुछ भी लेना नहीं है, बल्कि अपने स्वयं के अस्तित्व को, अपने सारे भेदों को उन्हें वापस समर्पित कर देना है। क्योंकि --
"देहीति वचनं श्रुत्वा हृदिस्थाः पञ्च देवताः।
मुखान्निर्गत्य गच्छन्ति श्रीह्रीधीधृतिकीर्तयः॥"
अर्थात् ... "कृपया मुझे यह वस्तु प्रदान करें" -- एक याचक के द्वारा उसके मुंह से निकले हुए इन शब्दों के सुनते ही उस व्यक्ति के हृदय में स्थित श्री (वैभव), लज्जा, बुद्धि , धैर्य तथा कीर्ति ये पाँच दैवीय गुण, तुरन्त पलायन कर जाते हैं।
.
"तृणं ब्रह्मविदः स्वर्गं तृणं शूरस्य जीवितम्।
जिताक्षस्य तृणं नारी निःस्पृहस्य तृणं जगत्॥"
अर्थात् -- निःस्पृह व्यक्ति के मन में के मन में किसी भी प्रकार की लालसा, चाह या इच्छा नहीं होती, उसके लिए यह संपूर्ण संसार तिनके के समान (तुच्छ या महत्वहीन) हो जाता है।
कहीं-कहीं उपरोक्त सुभाषित इस प्रकार लिखा हुआ मिलता है --
"उदारस्य तृणं वित्तं शूरस्य मरणं तृणम्।
विरक्तस्य तृणं भार्या निःस्पृहस्य तृणं जगत्॥"
.
जो भी वस्तु हमें भगवान से दूर करती है, वह उन्हें वापस लौटा देनी चाहिए। मुख्यतः हमारा अहंकार और लोभ ही हमें भगवान से दूर करते हैं। इन परम शत्रुओं को तो तुरंत वापस कर देना चाहिए। एक याचक को अपने आत्मसम्मान से तो वञ्चित होना ही पडता है, कालांतर में अन्य गुण और संपत्ति भी नष्ट हो जाते हैं। भगवान हमें तभी मिलते हैं जब हम स्वयं को ही उन्हें समर्पित कर देते हैं। जीवन में हमारे समस्त दुखों का कारण अहंकार और उससे उत्पन्न ममत्व, स्वार्थ और असंख्य कामनायें हैं।
.
निःस्पृह व्यक्ति के लिए यह संसार एक तिनके के समान है। भगवान जिस की ओट में हैं, वह तिनका यह संसार है। निःस्पृह का अर्थ है ... इच्छा, कामना आदि से रहित, निःस्वार्थ भाव वाला होना। किसी भी तरह की स्पृहा नहीं होनी चाहिए।
.
गीता में भगवान कहते हैं ...
"विहाय कामान्यः सर्वान्पुमांश्चरति निःस्पृहः।
निर्ममो निरहंकारः स शांतिमधिगच्छति॥२:७१॥"
अर्थात् जो पुरुष सब कामनाओं को त्यागकर, स्पृहारहित, ममभाव रहित, और निरहंकार हुआ विचरण करता है, वह शान्ति प्राप्त करता है||
.
इस स्थिति को हम उपासना द्वारा ही प्राप्त कर सकते हैं। भगवान की परम कृपा सब पर बनी रहे। ॐ तत् सत् !!
कृपा शंकर
झूञ्झुणु (राजस्थान)
१३ नवंबर २०२६