भगवान की उपासना ---
.
भगवान की "उपासना" पूर्ण भक्तिपूर्वक "जपयोग" से आरंभ करनी चाहिए। "जप" करते-करते "निदिध्यासन" अपने आप होने लगता है। "निदिध्यासन" करते-करते "ध्यान" भी अपने आप ही लग जाता है। "ध्यान" के लिए अलग से प्रयास नहीं करना पड़ता। सीधे ही जब "ध्यान" करने का प्रयास करते हैं, तब "विक्षेप" आये बिना नहीं रहता। माया के दो ही अस्त्र हैं -- "आवरण" और "विक्षेप", जिनसे वह संसार को भटकाती है। आवरण है "अज्ञान", और विक्षेप है "भटकाव"।
.
एक सामान्य साधक के हृदय में जब भगवान के प्रति "परमप्रेम" (भक्ति) जागृत हो, तब उसे भगवान के भौतिक या मानसिक साकार विग्रह के समक्ष खूब नाम "जप" करना चाहिए। गीता में भगवान श्रीकृष्ण ने कहा है --
"महर्षीणां भृगुरहं गिरामस्म्येकमक्षरम्।
यज्ञानां जपयज्ञोऽस्मि स्थावराणां हिमालयः॥१०::२५॥"
अर्थात् -- " मैं महर्षियों में भृगु और वाणी (शब्दों) में एकाक्षर ओंकार हूँ। मैं यज्ञों में जपयज्ञ और स्थावरों (अचलों) में हिमालय हूँ॥"
.
नाम "जप" करते-करते "निदिध्यासन" होने लगता है, जो "उपासना" का सबसे अधिक प्रभावशाली अंग है जिसके बिना "भक्ति" क्षीण होने लगती है। जब एक बर्तन से दूसरे बर्तन में तेल डालते हैं, तब तेल की धार खंडित नहीं होती। उसी तेल की धार की तरह अखंड अविछिन्न रूप से भगवान के स्मरण, चिंतन, मनन और श्रवण को "निदिध्यासन" कहते हैं।
.
"भक्ति" शब्द का एकमात्र अर्थ -- "भगवान से परम प्रेम" है। कोई दूसरा अर्थ नहीं है। भक्ति में कोई शर्त या माँग नहीं होती, सिर्फ समर्पण होता है। भगवान एक अनुभूति है, जिन्हें शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। विष्णु-पुराण में ही एक स्थान पर "भगवान" को परिभाषित किया गया है, जिसकी व्याख्या अनेक स्वनामधान्य महान आचार्यों ने की है। जब भगवान से प्रेम होता है, तब सारे सिद्धांत गौण हो जाते हैं। भगवान सब सिद्धांतों से ऊपर हैं, और किसी भी सिद्धांत के बंधन में नहीं हैं। परमात्मा को पाने का मार्ग बताकर उनकी अनुभूति करा देना सद्गुरु का काम है। शिष्य को भी शिष्यत्व की पात्रता विकसित करनी पड़ती है, अन्यथा सद्गुरु भी कोई सहायता नहीं कर सकता।
.
भगवान के समीप बैठना, उनकी "उपासना" है। स्वयं की पृथकता के बोध को भूलकर सिर्फ परमात्मा की चेतना में स्थिति "ध्यान" है। गीता में बताई हुई समत्व में स्थिति का नाम "समाधि" है। भगवान से जब परमप्रेम होता है, तब सारे द्वार स्वतः ही खुल जाते है, कहीं कोई अंधकार नहीं रहता, सारे दीप अपने आप जल जाते हैं। सारा "ज्ञान" भी स्वतः ही प्राप्त हो जाता है, और सारे गुण भी पीछे-पीछे चलने लगते हैं।
.
हो सकता है कि आध्यात्मिक साधना पर यह मेरा अंतिम लेख हो। अब मेरे इस शरीर-महाराज की क्षमता बहुत कम हो गई है, और निरंतर कम होती जा रही है। इससे अधिक लिखना अब संभव नहीं होगा। इस शरीर महाराज को धन्यवाद देता हूँ, कि इस जीवन की लोकयात्रा में इसने मेरा बहुत अच्छा साथ दिया है। इस संसार में मेरा परिचय इस शरीर-महाराज के रूप में ही है। जहाँ तक मेरा प्रश्न है, मैं एक नित्य-मुक्त-शाश्वत् आत्मा हूँ, जिसका एकमात्र शाश्वत संबंध सिर्फ परमात्मा से है।
.
इस छल-कपट और झूठ से भरे संसार में रहने की अब और जरा सी भी रुचि नहीं रही है। इससे अधिक लिखना अब संभव नहीं होगा। मैं अकेला हूँ, कोई सहायक साथी भी नहीं है; और स्वयं साक्षात् परमात्मा के अतिरिक्त अन्य किसी का कोई सहारा/आश्रय नहीं है। भगवान की परम कृपा है कि वे हर समय मेरे साथ रहते हैं, एक क्षण के लिए भी साथ नहीं छोड़ते। उन्हें भी मुझसे प्रेम हो गया है।
.
आप सभी महान आत्माओं को नमन !! ॐ तत्सत् !!
कृपा शंकर
२८ जुलाई २०२२