Saturday 29 September 2018

जैसी हमारी श्रद्धा और विश्वास होते है वैसे ही हम बन जाते हैं .....

जैसी हमारी श्रद्धा और विश्वास होते है वैसे ही हम बन जाते हैं .....
.
हमारा निर्माण संस्कारों द्वारा होता है| संस्कार चिंतन से बनते हैं| जैसा हमारा चिंतन होता है वैसे ही हम बन जाते हैं| भगवान श्रीकृष्ण गीता में कहते हैं .....
"सत्त्वानुरूपा सर्वस्य श्रद्धा भवति भारत| श्रद्धामयोऽयं पुरुषो यो यच्छ्रद्धः स एव सः||१७:३||"
अर्थात् हे भारत सभी मनुष्यों की श्रद्धा उनके सत्त्व (स्वभाव संस्कार) के अनुरूप होती है| यह पुरुष श्रद्धामय है, इसलिए जो पुरुष जिस श्रद्धा वाला है वह स्वयं भी वही है|
.
जैसी जिसकी श्रद्धा और विश्वास होता है वैसा ही उसका स्वरूप हो जाता है|
"श्रद" का अर्थ होता है हृदय, और "धा" का अर्थ है जो धारण किया है| जिस भाव को हमने हृदय में धारण किया है वही हमारी श्रद्धा है|
.
जिस परमात्मा को हमने वरण कर लिया है उसके अतिरिक्त हृदय में अन्य कोई भी भाव न हो, स्वयं के पृथक अस्तित्व का भी, तभी हम श्रद्धावान हैं| बार बार निरंतर इसका अभ्यास करना पड़ता है|
.
मेरे एक सम्बन्धी का छोटा लड़का अपनी लम्बाई में ठिगना था, उसकी लम्बाई नहीं बढ़ रही ही थी| घर में सब उसे छोटू बोलकर बुलाते थे, अतः उसके मन में यह भाव बैठ गया कि मैं सचमुच ही छोटू हूँ, और उसकी लम्बाई बढ़नी बंद हो गयी| एक दिन उसने अपनी व्यथा मुझे बताई| मैंने तुरंत ही उसका नाम बदल कर उत्कर्ष करा दिया और उसे सलाह दी कि वह निरंतर यह भाव रखे कि मैं लंबा हूँ| उसके घर वालों ने भी उसे छोटू बोलना बंद कर दिया| अप्रत्याशित रूप से दो वर्षों में ही उसकी लम्बाई बढ़ कर ४'११" से ५'११" हो गयी|
.
इन पंक्तियों के सारे पाठक समझदार और विद्वान हैं, अतः और नहीं लिखना चाहता| जो हमारे हृदय में भाव हैं वे ही हमारी श्रद्धा है, और जो हमारी श्रद्धा है, वही हम हैं| आप सब निजात्माओं को नमन !
.
हरि ॐ तत्सत् ! हरि ॐ तत्सत् ! हरि ॐ तत्सत् !
कृपा शंकर
२९ सितम्बर २०१८

No comments:

Post a Comment