Saturday 6 July 2019

भारत एक महाशक्ति बनेगा, चाहे इसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की हो .....

भारत एक महाशक्ति बनेगा, चाहे इसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की हो| यह एक चमत्कार से कम नहीं होगा| विश्व में अनेक चमत्कार हुए हैं| यहाँ मैं पिछले १५० वर्षों में ही हुए कुछ चमत्कारों की बात कर रहा हूँ|
.
क्या किसी ने कभी कल्पना की थी कि १९०५ में जापान जैसा छोटा सा देश रूस जैसे विशाल शक्तिशाली देश को हराकर रूस से मंचूरिया छीन लेगा, त्सूशीमा जलडमरूमध्य में रूस की सारी विशाल नौसेना को डूबो देगा, और कोरिया व रूसी सुदूर-पूर्व पर अधिकार कर लेगा? यदि रूस नहीं हारता तो कोरिया भी रूस का ही एक भाग होता, जैसे मंचूरिया था|
.
क्या किसी ने कभी कल्पना भी की थी कि अक्टूबर १९१७ में वोल्गा नदी में खड़े रूसी नौसेना के एक युद्धपोत "अरोरा" से आरम्भ हुआ एक नौसैनिक विद्रोह, बोल्शेविक क्रांति में परिवर्तित हो जाएगा और एक अति क्रूर साम्यवादी सता का सोवियत संघ के रूप में जन्म होगा ?
.
ऐसे ही चीन में माओ का लॉन्ग मार्च माओ की लोकप्रियता से नहीं, बल्कि रूसी सेना की सहायता से सफल हुआ था| माओ सत्ता में रूस की सैनिक सहायता से आया, न कि अपनी लोकप्रियता से| इसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी| यह भी एक चमत्कार ही था|
.
क्या किसी ने कभी कल्पना भी की थी कि सल्तनत-ए-उस्मानिया (Ottoman Empire) बिखर जायेगी और ख़िलाफ़त का अंत हो जाएगा| तुर्की में बुर्के व फैज़ टोपी पर और अरबी भाषा पर प्रतिबन्ध एक चमत्कार से कम नहीं था|
.
क्या किसी ने कल्पना भी की थी कि अँगरेज़ लोग भारत के क्रांतिकारियों से, आज़ाद हिन्द फौज व नौसेना विद्रोह से डर कर, और भारतीय सैनिकों द्वारा अँगरेज़ अधिकारियों के आदेश न मानने से उत्पन्न हुई परिस्थिति से डर कर भारत छोड़ने को विवश हो जायेंगे? यह भी एक चमत्कार ही था| अँगरेज़ लोग भारत में अहिंसा व चरखे से डर कर नहीं गए थे| वे भारतीय सिपाहियों द्वारा अँगरेज़ अधिकारियों के आदेश नहीं मानने के कारण उत्पन्न हुई परिस्थिति से डर कर गए थे|
.
क्या कभी किसी ने कल्पना भी की थी कि सोवियत संघ टूट कर बिखर जाएगा? यदि अफगानिस्तान में सोवियत सेनाएँ, अमेरिका के मानस पुत्रों .... तालिबान व छद्म वेश में लड़ रहे पाकिस्तानियों से नहीं हारतीं तो सोवियत संघ कभी नहीं बिखरता| मैं तत्कालीन पूरी परिस्थितियों से अवगत हूँ, इसलिए ऐसा लिख रहा हूँ| सोवियत संघ मुख्यतः अमेरिका की सफल कूटनीति से बिखरा था, न कि अन्य किसी कारण से|
.
भारत में कांग्रेस की पराजय और भाजपा का सत्ता में आना भी एक चमत्कार था| भारत में ऐसे ही कई चमत्कार होंगे और भारत अंततः एक आध्यात्मिक राष्ट्र होगा| भारत में छायी हुई असत्य और अन्धकार की शक्तियाँ पराभूत होंगी| ॐ तत्सत् !!
.
कृपा शंकर
४ जुलाई २०१९

1 comment:

  1. जिसने भारत में जन्म लेकर भी सत्संग नहीं किया, भगवान से प्रेम नहीं किया और परोपकार नहीं किया, वह वास्तव में अभागा है. विश्व में भारत ही एकमात्र ऐसा देश है जहाँ अहैतुकी परम प्रेम और पराभक्ति की अवधारणा है व समष्टि के कल्याण की कामना की जाती है.

    ReplyDelete