Sunday 31 December 2017

रूस की बहुत पुरानी स्मृतियाँ ......

रूस की बहुत पुरानी स्मृतियाँ ......

बहुत पुरानी स्मृतियाँ हैं रूस की| पचास वर्ष पूर्व सन १९६७ में मैं रूस में एक विशेष प्रशिक्षण ले रहा था| रूसी भाषा का अच्छा ज्ञान था| उन दिनों बोल्शेविक क्रांति की पचासवीं वर्षगाँठ मनाई जा रही थी| वहाँ की भव्य परेड और कुछ दिनों बाद उन की विराट सैन्य शक्ति का प्रदर्शन भी देखा| सर्दी के मौसम में चारों ओर बर्फ ही बर्फ जमी रहती थी| वहाँ रहकर बर्फ में स्केटिंग करना भी सीख लिया था| लगभग दो वर्षों तक वहाँ रहा| बड़े अच्छे अच्छे मित्र मिले वहाँ जिन की स्मृतियाँ वर्षों तक रही|

रूस के बारे में मेरा यह मत है कि साहित्य और कला का वहाँ खूब विकास हुआ| उन्नीसवी शताब्दी में तो वहाँ विश्व के तत्कालीन सर्वश्रेष्ठ साहित्य, संगीत व नृत्य की रचना हुई थी| साहित्यकारों व कलाकारों को वहाँ खूब सम्मान मिलता था, ऐसा सम्मान मैनें अन्यत्र कहीं भी नहीं देखा| भारतीय फ़िल्में वहाँ बहुत अधिक लोकप्रिय थीं, और राजकपूर लोकप्रिय फ़िल्मी नायक था| भारत के बारे में अधिकाधिक जानने की इच्छा वहाँ के लोगों में रहती थी| बैले नृत्य नाटिकाएँ बहुत लोकप्रिय हुआ करती थीं, जहाँ हर अच्छी प्रस्तुति के बाद मिनटों तक तालियाँ बजती रहती थीं| अंत में कलाकारों को बापस मंच पर आकर दर्शकों का आभार व्यक्त करना पड़ता था| शकुन्तला और रामायण पर आधारित नृत्य नाटिकाएँ भी लोकप्रिय थीं| सैनिक सेवा वहाँ अनिवार्य थी| १८ वर्ष का होते ही हर नवयुवक को दो वर्ष तक सेना में नौकरी करना अनिवार्य था|

भयानक ठण्ड और संघर्षमय अभावपूर्ण जीवन के कारण कुल मिलाकर रूस एक कष्टभूमि ही था| पर वहाँ के लोगों के जीवन में जो जिजीविषा थी वह बड़ी प्रशंसनीय थी| उस समय के कितने ही कष्टों और अभावों के बावजूद भी लोगों का जीवन के प्रति बड़ा उत्साह था| अब तो स्थिति बहुत बदल गयी है| रूसी साम्यवाद उस समय चरम शिखर पर था| उन दिनों वहाँ घरों में स्नानघर नहीं होते थे| सार्वजनिक स्नानघर होते थे पुरुषों व महिलाओं के लिए अलग अलग जो एक हॉल की तरह होते थे, जहाँ लोग सप्ताह में एक दिन नग्न होकर स्नान करते थे| साईबेरिया में तो लोग महीने में एक दिन ही स्नान करते थे| लोगों को सार्वजनिक रूप से राजनीतिक चर्चा करने की अनुमति नहीं थी| लोग राजनीति पर वही बात करते जैसा उन्हें करने का निर्देश मिलता था, बाकी हर विषय पर खूब बातें करते| लोग खूब मिलनसार थे|

इस प्रवास के २०-२१ वर्षों बाद संयोग से युक्रेन के प्रवास में सोवियत संघ के बिखराव का आरम्भ भी देखा| 
.
आज से ९५ वर्ष पूर्व आज ही के दिन ३० दिसंबर १९२२ को सोवियत संघ की स्थापना हुई थी जो ७० वर्षों तक विश्व की दूसरी सबसे बड़ी महाशक्ति रही| शायद पहली भी रही हो, कुछ कह नहीं सकते|

समय के साथ सब कुछ बदल जाता है| जीवन परिवर्तनशील है| सब कुछ भगवान की माया है| भगवान भी क्या क्या दृश्य दिखलाते हैं ! हे प्रभु, तुम्हारी इच्छा पूर्ण हो|
.
ॐ तत्सत् | ॐ शांति शांति शांति | ॐ ॐ ॐ !!
३० दिसम्बर २०१७

No comments:

Post a Comment