Wednesday 30 June 2021

हारिए न हिम्मत, बिसारिए न हरिः नाम ----

 हारिए न हिम्मत, बिसारिए न हरिः नाम ----

.
लाख बाधाएँ आयें, पर हिम्मत मत हारो, लगे रहो| हम सभी का अन्तःकरण बार-बार भागकर अंधकार की ओर आकर्षित होता है जहाँ माया का साम्राज्य है| वहाँ सारे विकार, निराशा और धोखा ही धोखा है|
लेकिन साथ-साथ अंतर्रात्मा को एक शक्ति प्रकाश की ओर भी खींच रही है, जहाँ तृप्ति, आनंद और संतुष्टि है| हर व्यक्ति के चैतन्य में यह भयंकर द्वंद्व चल रहा है जो बड़ा दुःखदायी है|
.
माया की दो शक्तियाँ हैं .... आवरण और विक्षेप| आवरण तो अज्ञान का पर्दा है जो सत्य को ढके रखता है| विक्षेप कहते हैं उस शक्ति को जो भगवान की ओर से ध्यान हटाकर संसार की ओर बलात् प्रवृत करती है| इस से मुक्त होना बड़ा कठिन है| दुर्गा सप्तशती में लिखा है ...
"ज्ञानिनामपि चेतांसि देवि भगवती हि सा| बलादाकृष्य मोहाय महामाया प्रयच्छति||"
बड़े बड़े ज्ञानियों को भी यह महामाया बलात् मोह में पटक देती है फिर सामान्य सांसारिक प्राणी तो हैं ही किस खेत की मूलीै?
.
परब्रह्म परमात्मा की परम कृपा से ही हम माया से पार पा सकते हैं, निज बल से नहीं| इसके लिए पराभक्ति, सतत निरंतर अभ्यास और वैराग्य की आवश्यकता है| गीता में भगवान कहते हैं ...
"शनैः शनैरुपरमेद्बुद्धया धृतिगृहीतया| आत्मसंस्थं मनः कृत्वा न किंचिदपि चिन्तयेत्‌||६:२५||
यतो यतो निश्चरति मनश्चञ्चलमस्थिरम्‌| ततस्ततो नियम्यैतदात्मन्येव वशं नयेत्‌||६:२६||"
अर्थात् शनैः शनैः अभ्यास करता हुआ उपरति यानी वैराग्य/उदासीनता को प्राप्त हो तथा धैर्ययुक्त बुद्धि द्वारा मन को परमात्मा में स्थित करके परमात्मा के सिवा और कुछ भी चिन्तन न करे|| यह स्थिर न रहने वाला और चंचल मन जिस जिस विषय के लिए संसार में विचरता है, उस उस विषय से हटाकर इसे बार बार परमात्मा में ही निरुद्ध करे|
.
भगवान को पूर्ण रूप से हृदय में बैठाकर, प्रयास पूर्वक अन्य सब ओर से ध्यान हटाने का अभ्यास करें| किसी भी अन्य विचार को मन में आने ही न दें| पूर्ण रूप से मानसिक मौन का अभ्यास करें| स्वयं को ही देवता बनाना होगा, ‘देवो भूत्वा देवं यजेत्’ ‘देवता होकर देवताका पूजन करे|’ परमात्मा को छोडकर अन्य सब प्रकार के चिंतन को रोकने का अभ्यास करना होगा| बाहरी उपायों में बाहरी व भीतरी पवित्रता का ध्यान रखना होगा, विशेषकर के भोजन सम्बन्धी| यह मार्ग "क्षुरस्य धारा निशिता दुरत्यया दुर्गं पथस्तत् कवयोवदन्ति" वाला मार्ग है| अब जब इस तीक्ष्ण छुरे की धार वाले मार्ग का चयन कर ही लिया है तो पीछे नहीं हटना है| अनुद्विग्नमना, विगतस्पृह, वीतराग, और स्थितप्रज्ञ मुनि की तरह निर्भय होकर चलते ही रहना है|
ॐ तत्सत् ! ॐ ॐ ॐ !!
कृपा शंकर
३० जून २०२०

2 comments:

  1. वर्तमान विकट समय में जब भारत की अस्मिता (सत्य_सनातन_हिन्दू_धर्म) पर मर्मांतक प्रहार हो रहे हैं, हमें उन्हीं देवी/देवताओं की ही उपासना करनी होगी जिन्होंने शत्रुओं के विनाश के लिए अस्त्र-शस्त्र धारण कर रखे हैं|
    .
    हमें सर्वप्रथम स्वयं की दुर्बलताओं को दूर करना होगा, तभी हम समाज व राष्ट्र की दुर्बलताओं को दूर कर पायेंगे| हमें उन देवी/देवताओं की तरह ही बल और बुद्धि से सम्पन्न होना होगा| धर्म तभी हमारी रक्षा करेगा जब हम धर्म की रक्षा करेंगे| हमारी उपासना सनातन_हिन्दू_धर्म व भारत की रक्षा के लिए हो|

    ReplyDelete
  2. एक आध्यात्मिक शक्ति भारत का उत्थान कर रही है जिसका सामना अधर्मी लोग नहीं कर सकते| भारत अखंड होकर द्विगुणित परम वैभव को प्राप्त करेगा| सनातन धर्म विश्वव्यापी होगा|
    .
    भारत के भीतर और बाहर के शत्रु, जो असत्य और अंधकार की शक्तियाँ हैं, अपने स्वयं के कर्मों से ही नष्ट हो जाएँगे|
    .
    भारत फिर से विश्वगुरु और आध्यात्मिक राष्ट्र होगा|

    ReplyDelete