Monday 9 April 2018

मेरा धर्म और मेरी राजनीति ......

अब तक मेरे इस लौकिक जीवन का अधिकाँश भाग व्यतीत हो चुका है, बहुत थोड़ा सा समय बाकी है, वह भी अनिश्चित है| जो समय बीत चुका है वह तो बापस आ नहीं सकता, पर जितना भी अनिश्चित समय बचा है, उसमें मेरा इसी क्षण से एक ही धर्म है और एक ही राजनीति है, वह है ..... निरंतर ईश्वर में रमण, उसी का चिंतन और उसी का ध्यान, उसके अतिरिक्त अन्य कुछ भी नहीं|

आध्यात्मिक और बौद्धिक रूप से कहीं भी कण मात्र की भी कोई शंका या संदेह नहीं है, और भगवान की परम कृपा से आगे का पूरा मार्ग स्पष्ट है| एक परावस्था की मैं कल्पना किया करता था, पर अब पाता हूँ कि जहाँ मैं अवस्थित हूँ वही परावस्था है| जहाँ पर मैं हूँ वहीं भगवान स्वयं हैं, कहीं पर भी कोई भेद नहीं है| अब कहीं भी कोई यात्रा नहीं है, सारी यात्राएँ पूर्ण हो चुकी हैं|

हर तरह की अन्य सामाजिकता, राजनीति और मनोरंजन से दूर हट रहा हूँ| अनावश्यक लेख भी नहीं लिखूंगा, और संपर्क व सम्बन्ध भी सिर्फ समान विचारधारा के लोगों से ही रहेगा| अब तक जीवन में भगवान स्वयं ही मित्रों, सम्बन्धियों व अन्य सब के रूप में आये| उन सब के रूप में भगवान परमशिव को नमन !

किसी की भी निंदा, आलोचना , उलाहना, प्रतिवाद व शिकायत करने को मेरे पास अब कुछ भी नहीं है|
ॐ तत्सत ! ॐ ॐ ॐ !!
१० अप्रेल २०१८

No comments:

Post a Comment