Sunday 9 September 2018

आज भाद्रपद की अमावस्या को राजस्थान के शेखावाटी क्षेत्र में दो महत्वपूर्ण उत्सव हैं .....

आज भाद्रपद की अमावस्या को राजस्थान के शेखावाटी क्षेत्र में दो महत्वपूर्ण उत्सव हैं .....
.
(१) ठाकुर जी की पालकी के पीछे पीछे लोहार्गल तीर्थ से बाबा मालकेतु पर्वत (अपभ्रंस बोली में मालखेत) की २४ कोसीय परिक्रमा जो खाकी अखाड़े के महंत दिनेशदास जी महाराज के नेतृत्व में सैकड़ों वैष्णव साधु-संतों की टोली और लाखों श्रद्धालुओं के साथ गोगा नवमी को आरम्भ हुई थी, आज अपराह्न में पूर्ण हो जायेगी|
बरसते पानी में खुले आसमान के नीचे तीर्थपरिक्रमार्थी श्रद्धालु महिलाएँ और पुरुष सूने पर्वतीय क्षेत्र में विश्राम और यात्रा कर रहे हैं| भोर में साधू-संतों के साथ साथ ठाकुर जी की पालकी के पीछे पीछे सारे श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए पुनश्चः चल देंगे और अपराह्न में बापस लोहार्गल पहुँच जायेंगे| आज अमावस्या के दिन लोहार्गल के सूर्यकुण्ड में महास्नान होगा| अरावली पर्वतमाला की दुर्गम पर इन दिनों हरी भरी पहाड़ियों के मध्य एक सप्ताह से आस्था की यह परिक्रमा चल रही है जिसमें राजस्थान के अलावा हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश से भी आये श्रद्धालु हैं|
आसपास के ग्रामीणों ने और पुलिस व प्रशासन ने यथासंभव अच्छे से अच्छा प्रबंध कर रखा है|
इस २४ कोस की परिक्रमा में लाखों श्रद्धालु मालकेतु पर्वत के चारों ओर भगवान विष्णु की कृपा से निकली इन ७ जल धाराओं के दर्शन करते हैं जहां ये सात तीर्थ भी हैं .... लोहार्गल, किरोड़ी, शाकंभरी, नाग कुण्ड, टपकेश्वर महादेव, शोभावती और खोरी कुण्ड|
.
(२) आज सभी सती मंदिरों का मुख्य आराधना दिवस है| झुंझुनू के विश्व प्रसिद्ध श्री राणी सती जी मंदिर का भी आज वार्षिकोत्सव व मुख्य आराधना दिवस है| पूरे भारत से आये लाखों श्रद्धालु इसमें भाग लेंगे| ये सभी सतियाँ वीरांगणाएँ थीं जिन्होनें रण भूमि में शत्रु सेनाओं से अंत समय तक युद्ध किया| कई सौ वर्षों के पश्चात आज तक भी जन मानस में इनके प्रति श्रद्धा है|
.
हमारे परिवार के सदस्य आज भाद्रपद अमावस्या के दिन एक विशेष उत्सव मनाते हैं जो बाहरी विश्व के लिए ३ सितम्बर को था|
.
सभी को नमन और शुभ कामनाएँ ! ॐ तत्सत् !
९ सितम्बर २०१८ 

No comments:

Post a Comment