Monday 16 September 2024

बड़े भाई साहब स्व. डॉ. दया शंकर बावलिया जी की वार्षिक पुण्य तिथि पर श्रद्धांजलि ---

आज से चार वर्ष पूर्व १४ सितंबर २०२० को इस क्षेत्र के प्रसिद्ध नेत्र शल्य चिकित्सक, रा.स्व.से.संघ के सीकर विभाग के संघ चालक, सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता, और समाज में अति लोकप्रिय, मेरे बड़े भाई साहब डॉ. दया शंकर बावलिया जी सायं लगभग ८ बजे जयपुर के E.H.C.C. हॉस्पिटल में जहाँ उनका उपचार चल रहा था, अपनी नश्वर देह को त्याग कर एक अज्ञात अनंत यात्रा पर चले गये। आज के दिन यानि १५ सितंबर २०२० को उनकी देह का अंतिम संस्कार झुंझुनूं के बिबाणी धाम श्मशान गृह में कोविड-१९ के कारण तत्कालीन सरकारी नियमानुसार कर दिया गया था। भगवान अर्यमा की कृपा से निश्चित रूप से उन्हें सद्गति प्राप्त हुई है। आज उनकी पुण्य तिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा हूँ।

.
नित्य फोन पर वे मुझसे अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रम पर चर्चा करते थे। समसामयिक घटनाक्रमों पर उनकी पकड़ बहुत गहरी थी। बहुत बड़े-बड़े लोगों से उनका संपर्क और मिलना-जुलना था। उपनिषदों और भगवद्गीता पर उनका अध्ययन बहुत अधिक गहरा था। वे एक विख्यात नेत्र चिकित्सक तो थे ही, एक सामाजिक कार्यकर्ता भी थे। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के वे बचपन से ही स्वयंसेवक थे। देवलोक गमन के समय वे संघ के सीकर विभाग (झुंझुनूं, सीकर व चूरू जिलों) के विभाग संघ चालक थे। जिला नागरिक मंच झुंझुनूं, झुंझुनूं जिला गौड़ ब्राह्मण महासभा, राजस्थान ब्राह्मण महासभा, व अन्य अनेक सामाजिक संस्थाओं के वे मुख्य संरक्षक थे। जिले का ब्राह्मण समाज तो आज भी उनके बिना अपने आप को अनाथ सा अनुभूत कर रहा है, क्योंकि उनके मुख्य संरक्षक नहीं रहे। उनको अश्रुपूरित सादर विनम्र श्रद्धांजलि !! ॐ ॐ ॐ !!
.
"ॐ ईशावास्यमिदम् सर्वं यत्किंच जगत्यां जगत |
तेनत्येक्तेन भुञ्जीथा मा गृध: कस्य स्विद्धनम् ||१||"
"वायुरनिलममृतमथेदं भस्मान्तं शरीरम् |
ॐ क्रतो स्मर कृतं स्मर क्रतो स्मर कृतं स्मर ||१७||"
ॐ पूर्णमद: पूर्णमिदं पूर्णात् , पूर्ण मुदच्यते, पूर्णस्य पूर्णमादाय, पूर्ण मेवा वशिष्यते |
ॐ शांति: शांति: शांतिः ||
कृपा शंकर
१५ सितंबर २०२४
.
पुनश्च: --- अपने आध्यात्मिक जीवन का आरंभ उन्होने अपने से वरिष्ठ नेत्र-चिकित्सक डॉ.योगेश चन्द्र मिश्र (पीतांबरा पीठ, दतिया के स्वामीजी महाराज के शिष्य) से बगलामुखी दीक्षा लेकर आरंभ किया था| संत-सेवा भी उनके स्वभाव में थी| रामानंदी संप्रदाय के एक विद्वान सिद्ध संत अवधेश दास (औलिया बाबा) जी महाराज से उन्हें विशेष प्रेम था| उन की उन्होने खूब सेवा की| जयपुर ले जा कर अच्छे से अच्छे अस्पतालों में उनका उपचार करवाया था| नाथ संप्रदाय के एक सिद्ध संत रतिनाथ जी से भी उनका विशेष प्रेम और खूब मिलना-जुलना था| क्षेत्र के सभी संत-महात्माओं से उनके बहुत अच्छे संबंध और प्रेम-भाव था|

No comments:

Post a Comment