Sunday 29 April 2018

भाजपा और २०१९ के आम चुनाव ......

भाजपा को २०१९ से पूर्व निम्न प्रश्नों का उत्तर तो देना ही होगा. हमें granted या अंधभक्त न समझा जाए....
(१) समान नागरिक संहिता के लिए कितना समय और लगेगा ? देश के सभी नागरिकों को समान अधिकार मिलने चाहियें, सभी के लिए एक ही क़ानून हो|
(२) धारा ३७० व ३५-ऐ की समाप्ति के लिए कितना समय और लगेगा ? "भाजपा" के पूर्व नाम "भारतीय जनसंघ" की स्थापना ही कश्मीर के भारत में पूर्ण विलय के लिए डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी द्वारा हुई थी, जिनको आपने पूरी तरह भुला दिया है| डॉ.मुखर्जी के नाम पर देश में कोई स्मारक या संस्था नहीं है|
(३) राममंदिर के निर्माण के लिए कितना समय और लगेगा ?
(४) रोहिन्गिया घुसपैठियों की बापसी कब होगी ?
(५) सुप्रीम कोर्ट के SC/ST वाले निर्णय में क्या गलत था ? बिना कोई अपराध सिद्ध हुए सिर्फ आरोपों पर किसी को बंदी बनाना क्या न्यायोचित है ?
(६) जम्मू-कश्मीर पर आप की नीति कुछ समझ में नहीं आ रही है. कब तक जवानों के मरने का क्रम चलता रहेगा ?
(७) विष वमन करती समाचार मिडिया पर अंकुश कब लगेगा?
(८) गौ-ह्त्या कब बंद होगी?
(९) जनता ने सुशासन और भ्रष्टाचार मिटाने के वायदे पर स्पष्ट बहुमत दिया था। भ्रष्टाचार को आपने अभयदान क्यों दिया हुआ है?
(१०) कश्मीर से भगाए गए हिन्दुओं को न्याय कब मिलेगा ?
(११) क्या जम्मू के हिन्दू भारतीय नहीं हैं? उनके साथ अब अत्याचार क्यों हो रहे हैं?
(१२) नेपाल, श्रीलंका, म्यानमार, व मालदीव जैसे देश चीन की गोद में क्यों चले गए? क्या आप की पड़ोसियों के प्रति विदेश नीति सफल रही है?
(१३) देश के कई राज्यों में व्याप्त अराजकता की स्थिति कब तक समाप्त होगी ?
(१४) तुष्टिकरण की नीति पर आप क्यों चल पड़े हैं? बसपा, सपा और कोंग्रेस का वोट बैंक आप कभी नहीं तोड़ सकते, फिर उनके वोट बैंक का भद्दा तुष्टिकरण कर अपने स्वयं के मतदाताओं का विश्वास खो रहे हो|
(१५) क्या आप राहुल गांधी की आक्रामकता से डर गए हैं? क्या आपका स्वयं के लोगों से विश्वास उठ गया है?
(१६) स्वयं की पार्टी की घोषित नीतियों से आप दूर क्यों हो गए हो?
(१७) हिन्दू मंदिरों की सरकारी लूट कब बंद होगी ? तथाकथित अल्पसंख्यक और बहुसंख्यक का भेद कब समाप्त होगा ?
.
२०१९ अधिक दूर नहीं है| आप एकसौ करोड़ लोगों द्वारा चुने गए हैं, किसी एक नेता विशेष भीम बाबा से नहीं| आप अपनी जड़ों से कट कर स्वयं को नहीं बचा सकते| आपके कारण तिल तिल कर जल मरने की बजाय लोग कोंग्रेस को वोट देकर एक साथ आत्मह्त्या करना अधिक पसंद करेंगे|

1 comment:

  1. सरकार से कुछ अपेक्षाएँ .....

    २०१४ में हमारी कुछ अपेक्षाएँ थीं इस सरकार से जो अभी भी हैं| कांग्रेस तो इन अपेक्षाओं को कभी भी पूरी नहीं कर सकतीं क्योंकि ये विषमताएँ कांग्रेस की ही देन हैं| २०१९ के पश्चात भी ये अपेक्षाएं रहेंगी|

    (1) हिन्दू मंदिरों को सरकारी अधिकार से मुक्त कराकर धर्माचार्यों की समिति द्वारा गठित ट्रस्ट को सौंपना| उनकी आय का उपयोग सिर्फ उनकी देखभाल और हिन्दू धर्म प्रचार में ही हो|

    (2) तथाकथित अल्पसंख्यकों को अपनी सरकारी अनुदानित शिक्षण संस्थाओं में अपने धर्म के अध्यापन की जो अनुमति है वह हिन्दू शिक्षण संस्थाओं को भी हो| इसके लिए संविधान में संशोधन किया जाए|

    (3) प्रत्येक भारतीय सिर्फ भारतीय ही हो, कोई अल्पसंख्यक-बहुसंख्यक नहीं| पन्थ के नाम पर कोई भेदभाव ना हो| अल्पसंख्यक आयोग को समाप्त किया जाए|

    (4) भारत में पंजीकृत धार्मिक संस्थाओं के अध्यक्ष और निर्देशक सिर्फ भारतीय ही हों, विदेशी नागरिक तो बिलकुल नहीं|

    (5) भारत का आधिकारिक नाम सिर्फ "भारत" ही हो, इंडिया तो बिलकुल नहीं| इंडिया शब्द सिर्फ इतिहास का विषय रह जाए|

    (6) जिन टेलिविज़न समाचार चैनलों और समाचारपत्रों के मालिक विदेशी हैं उन पर प्रतिबन्ध लगाया जाए| इनका स्वामित्व सिर्फ भारतीयों के पास ही हो |

    उपरोक्त परिवर्तन बड़े क्रन्तिकारी होंगे| जय जननी जय भारत |

    ReplyDelete