Monday 13 May 2019

अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस की शुभ कामनाएँ .....

अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस की शुभ कामनाएँ .....
------------------------------------------------
एक मई को आज अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस है| हम सब भी भगवान के मजदूर बनें| जितनी मजदूरी करेंगे उतना ही पारिश्रमिक मिलेगा| अतः पूरी ईमानदारी से मन लगाकर मजदूरी करें|
"तुलसी विलंब न कीजिये भजिये नाम सुजान | जगत मजूरी देत है क्यों राखें भगवान ||"
.
हम कुछ दशाब्दियों के लिए यह देह धारण करते हैं| अनंत जीवन में इन दशाब्दियों का क्या महत्व है? जीवन बहुत छोटा है अतः कैसे इस का सदुपयोग किया जाए इस पर विचार भी करना चाहिए| कुछ लोग कहते हैं कि जब हाथ पैर काम करना बंद कर देंगे तब हमारा समय आयेगा| क्या यह सत्य है? क्या उनका समय कभी आयेगा?
.
हमारी आतंरिक दृष्टि यानि हमारी चेतना सदा परमात्मा की ओर ही रहे| किसी भी शिवालय में देखिये, शिव के वाहन नंदी का मुँह सदा भगवान शिव की ओर होता है| नंदी भगवान शिव का वाहन है और उसकी दृष्टि सदा भगवान शिव की ओर है, वैसे ही हमारी यह देह भी आत्मा का वाहन है, जिसकी दृष्टि यानि चेतना सदा आत्म-तत्व की ओर होनी चाहिए| यह भी भगवान की मजदूरी है जिसका पारिश्रमिक पुरस्कार भी अवश्य मिलता है|
.
हमारी इस देह में भ्रूमध्य पूर्व दिशा है, शिखास्थल पश्चिम है, सहस्त्रार उत्तर दिशा है, और उस से विपरीत दिशा दक्षिण है| योगियों को भगवान के चरण-कमलों की अनुभूति गहन ध्यान में सहस्त्रार में होती है| सहस्त्रार व ब्रह्मरंध्र से परे की अनंतता स्वयं परमशिव हैं| हम जब तक मायावी पाशों से बंधे हुए हैं तब तक पशु है| इन पाशों से मुक्त भगवान परमशिव ही करते हैं अतः वे पशुपतिनाथ पंचमुखी महादेव हैं जिनके दर्शन समाधि की अवस्था में कूटस्थ के सूर्यमंडल में होते हैं| अपनी चेतना सदा भगवान की ओर रखें, यह भगवान की बड़ी से बड़ी मजदूरी है|
.
पुनश्चः अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस की हम सभी मजदूरों को शुभ कामनाएँ|
कृपा शंकर
१ मई २०१९

No comments:

Post a Comment