Thursday 20 April 2017

मेरे भावो की अभिव्यक्तियाँ ......

मेरे भावों की अभिव्यक्तियाँ ........

मेरे द्वारा जो कुछ भी लिखा जाता है वह स्वयं के भावों की ही अभिव्यक्ति मात्र है, अन्य कुछ नहीं| अधिकांशतः मेरा एक ही विषय रहता है .... "परमात्मा से प्रेम", बाकी सब इसी का विस्तार है| पुराने गहरे संस्कारों के कारण कभी कभी हिन्दू राष्ट्रवाद की भावनाएँ भी छलक उठती हैं| इसके अतिरिक्त और कुछ मुझे आता जाता भी नहीं है|

मेरे विचार .....

(१) परमात्मा को हम सीमित नहीं कर सकते, वह साकार भी है और निराकार भी| जो कुछ भी सृष्ट हुआ है वह साकार है| सारे रूप-गुण उसी के हैं|

(२) ज्ञान मार्ग और भक्ति मार्ग दोनों एक ही हैं, इनमें कोई अंतर नहीं है| अंतर अपनी अपनी समझ का है| आध्यात्म का कोई भी मार्ग हो, बिना भक्ति के एक क़दम भी आगे नहीं बढ़ सकते| भक्ति ही सबसे बड़ा गुण है| वास्तविक भक्ति होने पर अन्य सभी गुण स्वतः ही खिंचे चले आते हैं| मार्ग की प्राप्ति प्रारब्ध से होती है| परमात्मा के प्रति परम प्रेम ही भक्ति है|

(३) जो परम ब्रह्म परमात्मा हैं, वे सब नाम-रूपों से परे हैं ..... साकार रूप में वे ही भगवान श्रीकृष्ण, श्रीराम और शिव आदि हैं| ओंकार रूप में भी साकार वे ही हैं, और कूटस्थ ज्योति व प्रणव नाद भी उन्हीं की साकारता है| अपने दिन का प्रारम्भ उनके ध्यान से करें| रात्रि को सोने से पूर्व उनका गहन ध्यान कर के ही सोयें| हर समय उनकी स्मृति बनाए रखें|

(४) सहस्त्रार के मध्य में एक विराट श्वेत ज्योति सदैव बिराजमान रहती है| हमारी चेतना का केंद्र वहीं है|

(५) प्राण तत्व .... मेरु शीर्ष (शिखा स्थान) से देह में प्रवेश कर मेरु-दंड के सभी चक्रों में प्रवेश कर पूरी देह को जीवंत रखता है| समस्त ऊर्जा वहीं से प्राप्त होती है|

(६) अपनी ऊर्जा को फालतू के कार्यों में व्यर्थ न कर चेतना के ऊर्ध्वगमन में ही खर्च करें| अपनी चेतना को निरंतर आज्ञा चक्र और सहस्त्रार के मध्य रखें और प्रणव ध्वनी को सुनते रहें|

(७) परमात्मा के निरंतर चिंतन से स्वयं परमात्मा ही हमारी चिंता करने लगते हैं|
परमात्मा के साकार रूप आप सब को मेरा सादर नमन|

ॐ तत्सत् | ॐ ॐ ॐ ||
कृपा शंकर

No comments:

Post a Comment