Friday 7 December 2018

हम एक कण नहीं अपितु सम्पूर्ण प्रवाह हैं ....

हम एक कण नहीं अपितु सम्पूर्ण प्रवाह हैं ....
>>>
सागर की लहरें उठती हैं, गिरती हैं, फिर उठती हैं और निरंतर प्रवाहित होती रहती हैं| उनमें अनंत कण हैं जल के| यह समस्त सृष्टि भी एक प्रवाह है| कुछ भी स्थिर नहीं है| सब कुछ गतिशील है| इसके पीछे एक अनंत ऊर्जा है| उस अनंत ऊर्जा का सतत प्रवाह ही यह सृष्टि है| वह सम्पूर्ण प्रवाह हम स्वयं ही हैं|
.
हम एक कण नहीं अपितु सम्पूर्ण प्रवाह हैं| सम्पूर्ण प्रवाह ही नहीं यह महासागर भी हम स्वयं ही हैं| उसके पीछे की समस्त ऊर्जा और विचार भी हम स्वयं ही हैं| रात्रि की नि:स्तब्धता में सृष्टि और प्रकृति का जो अनंत विस्तार दिखाई देता है, वह अनंतता भी हम ही हैं|
.
दिन का प्रकाश और रात्रि का अन्धकार हम ही हैं| प्रकृति का सौंदर्य, फूलों की महक, पक्षियों की चहचहाहट, सूर्योदय और सूर्यास्त, प्रकृति की सौम्यता और विकरालता सब कुछ हम ही हैं| दुनिया की सारी भागदौड़, सारी चाहतें, अपेक्षाएँ और कामनाएँ भी हम ही हैं| सारा विस्तार हमारा ही विस्तार है|
.
सर्वव्यापकता, सर्वशक्तिमता, सर्वज्ञता, सारे विचार, सारे दृश्य और सम्पूर्ण अस्तित्व ..... हम से परे कुछ भी अन्य नहीं है| जो कुछ भी परमात्मा का है वह सब हम ही है| उस होने पर हमारा जन्मसिद्ध अधिकार है| हम उसके अमृतपुत्र हैं, हम यह देह नहीं, शाश्वत आत्मा हैं|
.
परमात्मा को अपने भीतर प्रवाहित होने दो| फिर उस प्रवाह में सब कुछ समर्पित कर दो| कहीं पर भी कोई अवरोध नहीं होना चाहिए| जो भी अवरोध आये उसे ध्वस्त कर दो| परमात्मा से पृथकता ही सब दु:खों का कारण है| अन्य कोई कारण नहीं है| उससे जुड़ाव ही आनंद है| बाकि सारी खोज एक मृगमरीचिका है जिसकी परिणिति मृत्यु है|
.
ॐ तत्सत् | ॐ ॐ ॐ ||
कृपा शंकर
५ दिसंबर २०१७

1 comment:

  1. भीड़ में अकेला हूँ, पर अपनी मान्यताओं पर दृढ़ हूँ| मेरी मान्यता है कि वास्तविक विकास आत्मा का विकास है| देशभक्त, स्वाभिमानी, चरित्रवान, ईमानदार, निष्ठावान, शिक्षित, कार्यकुशल और राष्ट्र को समर्पित नागरिक ही राष्ट्र की वास्तविक संपत्ति हैं| वे होंगे तो सब कुछ सही होगा| हमें अपनी अस्मिता और राष्ट्रीय चरित्र की रक्षा करनी चाहिए| साफ सुथरी चौड़ी चौड़ी सड़कें और अति सुन्दर बड़े बड़े भवनों से ही राष्ट्र विकसित नहीं होता|
    कृपा शंकर
    १२ दिसंबर २०१८

    ReplyDelete