Sunday, 22 February 2026

'सत्संग' की मेरी अवधारणा ----

'सत्संग' की मेरी अवधारणा ----

कुसंग के सर्वदा त्याग और सत्संग की महिमा से हमारे ग्रन्थ भरे पड़े हैं| पर आज के परिप्रेक्ष्य में सत्संग को परिभाषित करना भी अत्यंत आवश्यक है| सामान्य भाषा में सत्संग का अर्थ होता है -- 'सत्य' का संग| पर 'सत्य' क्या है इसकी भी स्पष्ट अवधारणा होनी चाहिए| 'सत्य' अपने आप में इतना विराट है कि उस के अर्थ को सीमित करना असम्भव है| यह एक कटोरी में महासागर को भरने के प्रयास जैसा है| सीमित बुद्धि से इसे समझने का प्रयास भी कनक कसौटी पर हीरे को कसना है|
पर क्या 'सत्य' वास्तव में अपरिभाष्य है?
इसकी अनुभूति की जा सकती है, इसकी झलक पाई जा सकती है; ऐसा मेरा अनुभव है| शब्दों में ही व्यक्त करना चाहें तो असम्भव है| अधिक से अधिक इतना ही कह सकते हैं कि भगवान ही एकमात्र सत्य हैं| भगवान को भी 'सच्चिदानंद' से अधिक और कुछ कहना कम से कम मेरे लिए तो सम्भव नहीं है| मैं ना तो भगवान को सीमित कर सकता हूँ और ना ही गुरु तत्व को|
दूसरी बात जो मैं कहना चाहता हूँ वह यह है कि इस सृष्टि में 'निराकार' कुछ भी नहीं है| सब कुछ 'साकार' है| जो भी सृष्ट हुआ है वह साकार है| जो साधक अपने को निराकार के साधक कहते हैं वे भी या तो भ्रूमध्य में प्रकाश, किसी पवित्र मन्त्र, या अपने गुरु के भौतिक स्वरुप का ध्यान करते हैं| यह भी साकारता ही है, इसमें निराकारता कहाँ हुई? परमात्मा की सर्वव्यापकता का आभास और उस में समर्पण भी साकारता ही है| सृष्टि निरंतर परिवर्तनशील है| विचार और चेतना भी परिवर्तित होती रहती है| अतः जो भी साकार है वह भी परिवर्तनशील है|
अतः कुछ ना कुछ या किसी ना किसी रूप में परमात्मा की साकारता की भी परिकल्पना करनी ही होगी और उस का नित्य निरंतर संग भी करना होगा|
मेरे विचार से यही 'सत्संग' है|
जो भी इससे परे ले जाए वह चाहे कोई व्यक्ति हो या कोई विचार, उसका संग ही कुसंग है जो सर्वदा त्याज्य है|
अब मैं मेरी व्यक्तिगत बात करूँगा जिसमें मेरी चिंतनधारा को व्यक्त करने का प्रयास है| यह कोई अहंकार की यात्रा नहीं है| इसका कोई उद्देष्य नहीं है|
जैसे नदी बहती है, फूल खिल कर अपनी सुगंध फैलाते हैं व प्रकृति अपना कार्य करती है --- उसका कोई उद्देष्य नहीं है| यह उसका स्वभाव है| वैसे ही प्रेम मेरा स्वभाव है जो व्यक्त हुए बिना नहीं रह सकता| मेरे लिए प्रभु के प्रेम में मग्न रहना ही 'सत्संग' है| इससे परे और कुछ भी मेरे लिए नहीं है|
मैं उन सब को नमन करता हूँ जो भगवान को प्रेम करते है| मैं उन के चरणों का सेवक मात्र हूँ, उस से अधिक कुछ भी नहीं|
परमात्म रूप में व्यक्त आप सब को मेरा प्रणाम| ॐ ॐ ॐ ||
२२ फरवरी २०१४

No comments:

Post a Comment