Saturday 7 December 2019

जो हम प्राप्त करना चाहते हैं, और जो हम होना चाहते हैं, दोनों में बहुत अधिक अंतर है .....

जो हम प्राप्त करना चाहते हैं, और जो हम होना चाहते हैं, दोनों में बहुत अधिक अंतर है .....
.
प्राप्त करने योग्य तो एक ही वस्तु है जिस के बारे में भगवान श्रीकृष्ण गीता में कहते हैं ......
"यं लब्ध्वा चापरं लाभं मन्यते नाधिकं ततः| यस्मिन्स्थितो न दुःखेन गुरुणापि विचाल्यते||६:२२||"
.
क्या होना चाहते हैं व कैसे हो ? इसके बारे में हमारे सारे उपनिषद और गीता बहुत स्पष्ट शब्दों में कहती हैं, पर इसे हम सत्संग और स्वाध्याय द्वारा ही समझ सकते हैं| उसके लिए हमें शरणागत होकर पूर्णतः समर्पित होना होगा| हम यह देह नहीं बल्कि सम्पूर्ण अस्तित्व हैं| हम परमात्मा के साथ वैसे ही एक हैं, जैसे महासागर में जल की एक बूँद| जल की यह बूँद जब तक महासागर से जुड़ी हुई है, अपने आप में स्वयं ही महासागर है| पर महासागर से दूर होकर वह कुछ भी नहीं है| वैसे ही परमात्मा से दूर होकर हम कुछ भी नहीं हैं| हमें परमात्मा को समर्पित होना है| यह सृष्टि ..... प्रकाश और अन्धकार की मायावी लीला का एक खेल मात्र है| परमात्मा ने समष्टि में हमें अपना प्रकाश फैलाने और अपने ही अन्धकार को दूर करने का दायित्व दिया है| उसकी लीला में हमारी पृथकता का बोध, माया के आवरण के कारण एक भ्रममात्र है| हमारा स्वभाव परम प्रेम है|
.
जब भी समय मिले शांत स्थिर होकर बैठिये| कमर सीधी ओर दृष्टि भ्रूमध्य में स्थिर रखिये| अपनी चेतना को इस देह से परे, सम्पूर्ण सृष्टि और उससे भी परे जो कुछ भी है, उसके साथ जोड़ दीजिये| हम यह देह नहीं, बल्कि सम्पूर्ण अस्तित्व हैं| जो हम प्राप्त करना चाहते हैं वह तो हम स्वयं हैं| प्रयासपूर्वक अपनी चेतना को कूटस्थ में यानि आज्ञाचक्र और सहस्त्रार के मध्य में रखिये| वहाँ दिखाई दे रही ब्रह्मज्योति और सुन रही प्रणव ध्वनि रूपी अनाहत नाद हम स्वयं ही हैं, यह नश्वर देह नहीं| हर श्वास के साथ वह प्रकाश और भी अधिक तीब्र और गहन हो रहा है और सम्पूर्ण विश्व, ब्रह्माण्ड और सृष्टि को आलोकित कर रहा है| कहीं भी कोई असत्य और अन्धकार नहीं है| यह ज्योति और नाद हम स्वयं हैं, यह देह नहीं ..... यह भाव बार बार कीजिये| यह हमारा ही आलोक है जो सम्पूर्ण सृष्टि को ज्योतिर्मय बना रहा है| इस भावना को दृढ़ से दृढ़ बनाइये| नित्य कई बार इसकी साधना कीजिये|
.
परमात्मा के संकल्प से यह सृष्टि बनी है| हम भी उसके अमृतपुत्र और उसके साथ एक हैं| जो कुछ भी परमात्मा का है वह हमारा ही है| हम कोई भिखारी नहीं हैं| परमात्मा को पाना हमारा जन्मसिद्ध अधिकार है| परमात्मा का संकल्प ही हमारा संकल्प है| प्रकृति की प्रत्येक शक्ति हमारा सहयोग करने को बाध्य है| निरंतर भगवान का स्मरण करते रहो| जब भूल जाओ तब याद आते ही फिर स्मरण प्रारम्भ कर दो| याद रखो कि भगवान स्वयं ही अपना स्मरण कर रहे हैं| उन्हीं की चेतना में रहो| जैसे एक मोटर साइकिल की देखभाल करते हैं वैसे ही इस देहरूपी मोटर साइकिल की भी देखभाल करते रहो| यह देह एक मोटर साइकिल ही है जिसकी देखरेख करना आवश्यक है क्योंकि यह लोकयात्रा इसी पर पूरी करनी है|
.
सभी को शुभ कामनाएँ और नमन ! ॐ तत्सत् | ॐ ॐ ॐ !!
कृपा शंकर
०२ नवम्बर २०१९

1 comment:

  1. "राम बुलावा भेजिया दिया कबीरा रोय | जो सुख साधु संग में सो बैकुंठ न होय ||"

    कबीरदास जी का अंत समय आया तो कबीरदास जी रोने लगे| लोगों ने कहा कि तुम सारा जीवन नही रोये लेकिन आज जाने का समय आया है तो रो रहे हो, क्या जाने का मन नही है या मरने से डर लगता है? कबीरदास जी कहते है, नही, ऐसी बात नहीं है, जाना तो पड़ेगा, लेकिन जो सत्संग रूपी सुख इस धरा पर है वह बैकुंठ में भी नही मिलेगा|

    सच्चा सत्संग है निरंतर परमात्मा का स्मरण | भगवान को सदा अपने ह्रदय में रखें, यह सब से बड़ा सत्संग है| ॐ तत्सत् ! ॐ ॐ ॐ !!

    ReplyDelete