Thursday 27 July 2017

हमारा वर्ण, गौत्र और जाति क्या है ?

भीतर के अन्धकार से बाहर निकल कर तो देखो. अपनी चेतना को पूरी सृष्टि में और उससे भी परे विस्तृत कर दो. परमात्मा की अनंतता ही हमारी वास्तविक देह है. ॐ तत्सत् . ॐ ॐ ॐ ..

हे अनंत के स्वामी, हे सृष्टिकर्ता, जीवन और मृत्यु से परे मैं सदा तुम्हारे साथ एक हूँ.
मैं यह भौतिक देह नहीं, बल्कि तुम्हारी अनंतता और परम प्रेम हूँ. ॐ ॐ ॐ ..
.

हमारा वर्ण, गौत्र और जाति क्या है ?
>>>>>>>>>>>>>>>>>>>>>>
विवाह के उपरांत जैसे पत्नी का गौत्र, वर्ण और जाति वही हो जाती है जो उसके पति की है; वैसे ही परमात्मा को समर्पित होते ही हमारी भी जाति "अच्युत" यानी वही हो जाती है जो परमात्मा की है| जाति, वर्ण आदि तो शरीर के होते हैं, आत्मा के नहीं| हम तो शाश्वत आत्मा हैं, यह देह नहीं; अतः आत्मा की चेतना जागृत होते ही हमारी न तो कोई जाति है, न कोई वर्ण और न कोई गौत्र| उस चेतना में हम शिव हैं, यह शरीर नहीं|
.
"जाति हमारी ब्रह्म है, माता-पिता हैं राम|
गृह हमारा शुन्य में, अनहद में विश्राम||"

ब्रह्म यानि परमात्मा के सिवाय हमारी अन्य कोई जाति नहीं हो सकती| परमात्मा के सिवा न हमारी कोई माता है और न हमारा कोई पिता| शुन्य यानि परमात्मा की अनंतता ही हमारा घर है और ओंकार रूपी अनहद की ध्वनि का निरंतर श्रवण ही हमारा विश्राम है|
.
वास्तव में यह सारा ब्रह्मांड ही हमारा घर है, और यह समस्त सृष्टि ही हमारा परिवार जिसके कल्याण के लिए हम निरंतर श्रम करते हैं| भगवान परमशिव ही हमारी गति हैं, और वे ही हमारे सर्वस्व हैं| हमारा उनसे पृथक होने का आभास एक मिथ्या भ्रम मात्र है, वे ही एकमात्र सत्य हैं| हम स्वयं को अब और सीमित नहीं कर सकते| हमारा एकमात्र सम्बन्ध भी सिर्फ और सिर्फ परमात्मा से ही है|
.
इस दैहिक सांसारिक चेतना से ऊपर उठकर ही हम कोई वास्तविक कल्याण का कार्य कर सकते हैं| हमारे लिए सबसे बड़ी सेवा और सबसे बड़ा यानी प्रथम अंतिम व एकमात्र कर्त्तव्य है .... परमात्मा को उपलब्ध होना| बाकी सब भटकाव है|
.
रात्री को सोने से पूर्व भगवान का गहनतम ध्यान कर के सोएँ| सोएँ इस तरह जैसे जगन्माता की गोद में निश्चिन्त होकर सो रहे हो| प्रातः उठते ही एक गहरा प्राणायाम कर के कुछ समय के लिए भगवान का ध्यान करें| दिवस का प्रारम्भ सदा भगवान के ध्यान से होना चाहिए| दिन में जब भी समय मिले भगवान का फिर ध्यान करें| उनकी स्मृति निरंतर बनी रहे| यह शरीर चाहे टूट कर नष्ट हो जाए, पर परमात्मा की स्मृति कभी न छूटे|
.
आप सब परमात्मा के साकार रूप हैं, आप सब ही मेरे प्राण हैं| आप सब को नमन|
ॐ तत्सत् | ॐ ॐ ॐ ||
कृपा शंकर
२७ जुलाई २०१७
.
पुनश्चः :---
राष्ट्रहित में यह लिख रहा हूँ| राष्ट्र की जो वर्त्तमान समस्याएँ हैं उनका समाधान यही है कि सर्वप्रथम हम सब में भारत की अस्मिता यानि सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति पर गर्व हो, हम अपने पर थोपे हुए झूठे हीनता के बोध से मुक्त हों| हमें आवश्यकता है एक ब्रह्मतेज की जो साधना द्वारा ही उत्पन्न हो सकता है| हम अपनी चेतना को परमात्मा से जोड़कर ही कोई सकारात्मक रूपांतरण कर सकते हैं, अन्यथा नहीं| भारत एक आध्यात्मिक धर्म-सापेक्ष राष्ट्र है| भारत की आत्मा आध्यात्मिक है, अतः एक प्रचंड आध्यात्मिक शक्ति ही भारत का उद्धार कर सकती है|
ॐ ॐ ॐ ||

1 comment:

  1. भगवान ने तो बड़े प्रेम से हमें अपने ह्रदय में बैठा रखा है| उनसे कुछ माँगने वाली बात तो समाप्त हो गई है| सब कुछ तो दे दिया उन्होंने| अब बचा ही क्या है?

    ReplyDelete