Thursday 24 February 2022

भगवान को भूलना ब्रह्महत्या का पाप है ---

 भगवान को भूलना ब्रह्महत्या का पाप है ---

.
ब्रह्महत्या को सबसे बड़ा पाप माना गया है| ब्रह्महत्या के दो अर्थ हैं -- एक तो अपने अन्तस्थ परमात्मा को विस्मृत कर देना, और दूसरा है किसी ब्रह्मनिष्ठ महात्मा की ह्त्या कर देना| श्रुति भगवती कहती है कि अपने आत्मस्वरूप को विस्मृत कर देना, उसका हनन यानि ह्त्या है| हमारे कूटस्थ ह्रदय में सच्चिदानन्द ब्रह्म यानि स्वयं परमात्मा बैठे हुए हैं| उनको भूलना, उनकी हत्या करना है|
.
हम संसार की हर वस्तु की ओर ध्यान देते हैं लेकिन परमात्मा की ओर नहीं| हम कहते हैं कि हमारा यह कर्तव्य बाकी है और वह कर्तव्य बाकी है पर सबसे बड़े कर्तव्य को भूल जाते हैं कि हमें ब्रह्मज्ञान प्राप्त करना है| जो लोग कहते हैं कि हमारा समय अभी तक नहीं आया है, उनका समय कभी आयेगा भी नहीं|
.
सांसारिक उपलब्धियों को ही हम अपनी महत्वाकांक्षा, लक्ष्य और दायित्व बना लेते हैं| पारिवारिक, सामाजिक व सामुदायिक सेवा कार्य हमें करने चाहियें क्योंकि इनसे पुण्य मिलता है, पर इनसे आत्म-साक्षात्कार नहीं होता|
.
आजकल गुरु बनने और गुरु बनाने का भी खूब प्रचलन हो रहा है| गुरु पद पर हर कोई आसीन नहीं हो सकता| एक ब्रह्मनिष्ठ, श्रौत्रीय और परमात्मा को उपलब्ध हुआ महात्मा ही गुरु हो सकता है, जिसे अपने गुरु द्वारा अधिकार मिला हुआ हो|
.
हमारे माता पिता परमात्मा के अवतार हैं, उनका पूर्ण सम्मान होना चाहिए| प्रातः और सायं विधिवत साधना, और निरंतर प्रभु का स्मरण करें| गीता के कम से कम पाँच श्लोकों का नित्य पाठ करें| कुसंग का सर्वदा त्याग करें| सब प्रकार के नशे का त्याग, और सात्विक भोजन करें| जो इतना ही कर लेंगे, उन्हें भगवान की प्राप्ति हो जाएगी|
सभी को शुभ कामनाएँ और नमन! ॐ तत्सत्!
कृपा शंकर
२५ फरवरी २०२१

No comments:

Post a Comment