Tuesday 12 March 2019

भारत एक हिन्दू राष्ट्र कैसे बने ? इस विषय पर मेरे विचार .....

भारत एक हिन्दू राष्ट्र कैसे बने ? इस विषय पर मेरे विचार .....
.
हिन्दू राष्ट्र एक विचारपूर्वक किया हुआ संकल्प है जो परमात्मा की कृपा से ही साकार हो सकता है| इसके लिए लाखों साधकों को आध्यात्मिक साधना करनी होगी| हम हर दृष्टिकोण से शक्तिशाली बनें पर आध्यात्म की उपेक्षा नहीं कर सकते| राष्ट्र के लिए भी नित्य साधना करें| हिन्दू राष्ट्र की स्थापना करने के लिए कार्य के साथ-साथ साधना का बल अर्थात ब्रह्म-तेज की भी आवश्यकता है| उसके लिए हिन्दुओं को आध्यात्मिक साधना भी करनी पड़ेगी| हिन्दुओं के पतन का मुख्य कारण उनका धर्मविषयक अज्ञान है| हिन्दुओं को यह ज्ञात नहीं है कि उनके धर्मकर्तव्य कौन से हैं| हिन्दुओं को अब उनके धार्मिक कर्तव्यों का स्मरण करवाने की, अर्थात उन्हें साधना के लिए प्रवृत्त करने की आवश्यकता है| धर्मरक्षा के लिए क्षात्रतेज के साथ-साथ ब्राह्मतेज भी आवश्यक है| यह कार्य केवल बाहुबल से नहीं हो पाएगा| इसके लिए दैवीय सामर्थ्य भी आवश्यक है| केवल शारीरिक, मानसिक अथवा बौद्धिक स्तर पर कार्य करने से हिन्दू राष्ट्र की स्थापना नहीं हो पाएगी| इसके लिए आध्यात्मिक स्तर पर भी यत्न करने पडेंगे|
.
जो जितना अधिक सूक्ष्म है, वह उतना अधिक शक्तिशाली है| प्राचीनकाल में धनुष पर चढाया हुआ बाण मन्त्रोच्चारण के साथ छोडा जाता था| मन्त्रोच्चारण से उस बाण पर शत्रु का नाम सूक्ष्मरूप से अंकित हो जाता था, और वह बाण, तीनों लोकों में कहीं भी छिपे हुए शत्रु को ढूंढकर मार डालता था| हमें उस शक्ति को पुनर्जागृत करने की आवश्यकता है| वह शक्ति ही ब्रह्मतेज है| हम पुराणों में ऋषि-मुनियों के शाप देने की कथाएं पढते हैं| इस शाप में संकल्प की ही शक्ति होती है| ऋषि-मुनियों को यह संकल्पशक्ति साधना से ही प्रप्त होती थी| हिन्दू राष्ट्र की स्थापना के लिए केवल शारीरिक स्तरपर यत्न करना पर्याप्त नहीं होगा, इसके लिए तो साधना से संकल्पशक्ति प्राप्त कर के कार्य करना होगा|
.
कुंभ जैसे मेलों और सन्तों के सत्संग में उनके ब्रह्मतेज के कारण ही लाखों लोग श्रद्धापूर्वक स्वेच्छा से आते हैं| उन्हें बुलाने के लिए राजनीतिक दलों की भांति पैसे नहीं देने पडते अथवा वाहन की निःशुल्क व्यवस्था नहीं करनी पडती है| देश को आवश्यकता किस चीज की है और उसे कैसे साकार किया जा सकता है, इसे आजकल प्रायः सभी समझते हैं| उस दिशा में साकार कार्य करें| कई संस्थाएँ और अनेक व्यक्ति इस कार्य में लगे हुए हैं| पर उनकी संख्या बहुत कम है| देश की क्या समस्याएँ हैं और उनका समाधान क्या है, इसे बहुत लोग समझते हैं पर कार्यरूप में परिवर्तित नहीं कर पा रहे हैं| इस विषय पर मैं कई बार लेख लिख चुका हूँ|
.
जो मैं करना चाहता हूँ, सब से पहले तो उसे स्वयं से ही पूर्ण मनोयोग से करने की आवश्यकता है| देश की समस्याओं को मैं बहुत अच्छी तरह समझता हूँ और उनके समाधान को भी| कमी मैं स्वयं में ही पाता हूँ, और समाधान भी स्वयं में ही है| आवश्यकता उस समाधान को और अधिक घनीभूत रूप देने की है| सृष्टिकर्ता परमात्मा की कृपा से ही हम अपनी आकांक्षाओं को साकार कर सकते हैं| हमें चाहिए एक प्रबल आध्यात्मिक शक्ति और ब्रह्मतेज जिसके लिए आध्यात्मिक साधना करनी होगी| वह आध्यात्मिक शक्ति और ब्रह्मतेज ही हमारी अभीप्साओं को घनीभूत रूप दे सकता है|

सभी को शुभ कामनाएँ और नमन !
ॐ तत्सत् ! ॐ नमो भगवते वासुदेवाय ! हर हर महादेव ! ॐ ॐ ॐ !!
कृपा शंकर
१० मार्च २०१९

1 comment:

  1. मैं भौतिक, मानसिक, बौद्धिक और आध्यात्मिक रूप से उन्हीं के साथ हूँ जो निज जीवन में तो परमात्मा को प्राप्त करना चाहते ही हैं, पर साथ साथ भारतवर्ष को भी आध्यात्मिक साधना द्वारा एक आध्यात्मिक हिन्दू राष्ट्र बनाना चाहते हैं| मेरी आस्था है कि एक प्रबल पूर्ण रूप से जागृत ब्र्ह्मतेजमय आध्यात्मिक शक्ति ही भारत को हिन्दू राष्ट्र बना सकती है| उस सूक्ष्मतर शक्ति के जागरण की दिशा में ही हम सब को प्रवृत होना होगा| यही मेरा प्रयास है जो शीघ्र ही करोड़ों लोगों का होगा|
    जिन के विचार मुझ से नहीं मिलते वे मुझे क्षमा करें, मेरा उनसे कोई लेना-देना नहीं है|
    भारत सदा एक हिन्दू राष्ट्र था, है, और रहेगा|

    सभी में व्यक्त परमात्मा को नमन ! ॐ ॐ ॐ !!

    ReplyDelete