Tuesday 4 June 2019

परमात्मा से "परम प्रेम" और "समर्पण" का स्वभाव ....

परमात्मा से "परम प्रेम" और "समर्पण" का स्वभाव हमें अपने "शिवत्व" का बोध कराता है ..... 
.
परमात्मा से पूर्ण प्रेम करो, "अनाहत नाद" या "ज्योति" के रूप में, या अपने अन्य किसी प्रियतम के रूप में साकार या निराकार, पर प्रेम करो| गीता में भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षाओं का सार ही भक्ति और समर्पण है ....
"मन्मना भव मद्भक्तो मद्याजी मां नमस्कुरु| मामेवैष्यसि युक्त्वैवमात्मानं मत्परायणः|९:३४||"
"मन्मना भव मद्भक्तो मद्याजी मां नमस्कुरु| मामेवैष्यसि सत्यं ते प्रतिजाने प्रियोऽसि मे||१८:६५||
"सर्वधर्मान्परित्यज्य मामेकं शरणं व्रज| अहं त्वा सर्वपापेभ्यो मोक्षयिष्यामि मा शुचः||१८:६६||
.
अपने भौतिक व्यक्तित्व का मोह हमें हिंसक बनाता है| भिन्नता से भेद की उत्पत्ति होती है, और भेद से भय और हिंसा उत्पन्न होती है| भयभीत प्राणी दूसरों को भी भयभीत करता है और हिंसक बन जाता है| व्यक्तित्व की दासता और मोह हमें हिंसक बना देता है| इस व्यक्तित्व की दासता से मुक्त होने का एकमात्र उपाय है ..... "परमात्मा से परम-प्रेम और समर्पण"|
.
परमात्मा से "पूर्ण प्रेम" और "समर्पण" हमें अपने "शिवत्व" का बोध कराता है| जब हम परमात्मा को "प्रेम" और "समर्पण" करते हैं तब वही "प्रेम" और "समर्पण" अनंत गुणा होकर हमें ही बापस मिलता है| जब हम उन के "शिवत्व" में विलीन हो जाते हैं, वह "शिवत्व" भी हमारे में विलीन हो जाता है| तब हम "जीव" नहीं, स्वयं साक्षात शिव बन जाते हैं| जहाँ कोई क्रिया-प्रतिक्रिया, मिलना-बिछुड़ना, अपेक्षा व मांग नहीं, जो बैखरी, मध्यमा, पश्यन्ति और परा से भी परे है, वह असीमता, अनंतता व सम्पूर्णता हम स्वयं हैं| हमारा पृथक अस्तित्व उस परम प्रेम और परम सत्य को व्यक्त करने के लिए है| भक्ति और समर्पण द्वारा हम जीव से शिव बनें|
.
ॐ तत्सत् ! शिवोहं शिवोहं अहं ब्रह्मास्मि ! ॐ ॐ ॐ !!
कृपा शंकर
६ अप्रेल २०१९

2 comments:

  1. जिस के ह्रदय में परमात्मा के प्रति प्रेम नहीं है, वह किसी को भी प्रेम नहीं कर सकता| उस प्रेम से प्रेमी में समता आती है, उसके राग-द्वेष, क्रोध व सारे दुःख दूर हो जाते हैं, व वह सहज ही भवसागर को पार कर लेता है|
    "तुलसी ममता राम सों समता सब संसार| राग न रोष न दोष दुख दास भए भव पार||"
    .
    हम अपनी आस्था को विचलित न होने दें. परमात्मा का अधिक से अधिक ध्यान करें. अन्धकार, असत्य और अज्ञान की शक्तियों का निश्चित नाश होगा.

    ReplyDelete
  2. इस निर्जन पथरीली भूमि पर जब इतना सुन्दर पुष्प खिल सकता है, तब मेरे इस शुष्क ह्रदय में क्यों नहीं ?

    मैं परमात्मा का पुष्प हूँ. जब प्रभु की उपस्थिति का प्रकाश इस पुष्प पर पड़ेगा तब इसकी भक्ति रूपी पंखुडियां खिल उठेंगी, और इसकी महक इस हृदय से सभी हृदयों में व्याप्त हो जायेंगी.

    ReplyDelete