Monday, 19 March 2018

भगवान किसी की जागीर नहीं है .....

भगवान किसी की जागीर नहीं है .....
.
कोई भी मत, सिद्धांत, मजहब, Religion या विचारधारा हो, वह खुदा, God यानि परमात्मा को अपनी जागीर नहीं बना सकती| परमात्मा सर्वव्यापी और सर्वस्व है| मनुष्य की अल्प और सीमित बुद्धि उस असीम को नहीं समझ सकती| हम परमात्मा के बारे में भी अपनी कल्पनाएँ कर बैठते हैं और सब पर अपने विचार थोपने की भरपूर चेष्टा करते हैं, और कहते हैं कि फलाँ फलाँ महापुरुष ने ऐसा कहा अतः उसकी बात ही सत्य है| अपनी बात मनवाने के लिए ही यानि मज़हब के नाम पर ही आज तक के प्रायः सभी युद्ध हुए हैं, करोड़ों लोगों की निर्मम हत्याएँ हुई है, और अनेक राष्ट्र और सभ्यताएँ नष्ट कर दी गयी हैं|
.
मुझे बहुत ही अल्प ज्ञान जो सूफी विचारधारा पर है उस पर कुछ चर्चा कर रहा हूँ| मैंने मौलाना रूमी को पढ़ा है| उनके विचार अद्वैत वेदान्त से मिलते हैं| शम्स तवरेज़, हसन, अबू हाशिम, बायजीद बिस्तामी आदि मनीषी विचारकों को भी मैं पढना चाहता था पर अवसर नहीं मिला| अब इस आयु में उतना अध्ययन संभव भी नहीं है| पर इतना पता है कि इन विचारकों को इस्लाम की मुख्य धारा ने कभी स्वीकार नहीं किया और ऐसे स्वतंत्र विचारकों की हत्याएँ कर दी गईं| अब उनके जैसे महान विचारों के लोग मिलते ही नहीं हैं| अनेक लोग स्वयं को सूफी कहते हैं पर उनके विचारों में एकेश्वरवाद है ही नहीं| सूफ़ी विचारकों ने तौहीद (Monotheism/एकेश्वरवाद) को एक क्रांतिकारी रूप दिया| उनके सिद्धांत में प्रेमी और प्रेमिका यानि भक्त और भगवान दोनों एक हो गए| उन्होंने यहाँ तक कह दिया कि .... जो भी ईश्वर के प्रेम में डूब कर फना (मिट) हो गया वही ईश्वर है|
.
ईरान में एक बहुत प्रसिद्ध मनीषी विचारक .... हुसैन बिन मंसूर अल-हल्लाज हुए, जिन्हें मंसूर के नाम से ही जाना जाता है| उन्होंने उन शब्दों का प्रयोग किया जो उनकी मौत के कारण बन गए| उन्होंने केवल ..... "अन-हल-हक" .... बस सिर्फ इतना ही कहा जिसका अर्थ है .... "मैं परम सत्य हूँ", यानि वेदान्त वाक्य ... अहं ब्रह्मास्मि| उनको कारागृह में डालकर यातनाएँ दी गईं, तौबा करने को भी कहा गया| वे तो शरीर को मिथ्या मान चुके अतः सूली पर चढना स्वीकार किया पर अपने विचारों पर दृढ़ रहे| उन्होंने पूर्ण मानव का विचार प्रस्तुत किया जिसे भारत के योगी मानते थे| उन्होंने ..... "मैं खुदा हूँ" यानि "मैं ईश्वर हूँ" कहने का साहस किया| इब्न अरबी नाम के एक विचारक ने तो यहाँ तक कह दिया कि कोई भी मज़हब खुदा को अपनी जागीर नहीं बना सकता| इब्न अरबी ने कहा कि लोग खुदा के बारे में भिन्न-भिन्न मत रखते हैं, लेकिन मैं सबको ठीक समझता हूँ, जिस पर उनका विश्वास है|
.
आप सब में हृदयस्थ परमात्मा को प्रणाम !
ॐ तत्सत ! ॐ ॐ ॐ !!
कृपा शंकर
२० मार्च २०१६

1 comment:

  1. सार की बात ....... वर्तमान सूफीवाद एक धोखा है, इसके चक्कर में न पड़कर भगवान का सदा ध्यान करें| जो असली सूफी संत थे वे सब अपने जीवन काल में ही मार डाले गए थे| उनका सिर्फ साहित्य ही उपलब्ध है| उनकी कोई परम्परा नहीं बची है|

    ReplyDelete