Saturday 19 February 2022

हम निमित्त मात्र होकर अपने विवेक के प्रकाश में अपना सर्वश्रेष्ठ करते रहें ---

 

यह सृष्टि भगवान की है, उनकी प्रकृति अपने नियमों के अनुसार इस संसार को चला रही है| प्रकृति के नियमों के अनुसार ही यह सृष्टि चलती रहेगी, उन नियमों को न जानना हमारी अज्ञानता है| हमारा कर्मयोग है कि जहाँ भी भगवान ने हमें रखा है, वहाँ हम निमित्त मात्र होकर अपने विवेक के प्रकाश में अपना सर्वश्रेष्ठ करते रहें|
.
हम अपने पूर्व जन्मों के कर्मफल भोगने के लिए ही इस मनुष्य देह में जन्म लेते हैं, साथ-साथ नए कर्मों को करने का अवसर भी इस मनुष्य देह से ही प्राप्त होता है| प्रारब्ध कर्मफल तो भोगने ही पड़ते हैं, संचित कर्मों से छुटकारा पाने का उपाय भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गीता में बताया गया है| जो भी हमारे प्रारब्ध में है, वह तो होकर ही रहेगा| लगभग ४० वर्ष पूर्व सन १९८१ ई. में ही मैं इस सांसारिक जीवन से विरक्त होकर सन्यास लेना चाहता था, पर उसका योग-संयोग इस जन्म में नहीं था| महामाया ने भटकाये रखा, और प्रारब्ध कर्मों का भोग भोगने के लिए विवश कर दिया| महामाया के समक्ष हम सब विवश हैं --
"ज्ञानिनामपी चेतांसी देवी भगवती ही सा| बलादाकृष्य मोहाय महामाया प्रयष्छति||"
मैं जब अधिक ही अपनी पर उतर आया तो भगवती ने स्पष्ट उत्तर मुझे दे दिया कि एक पतंग की तरह तुम उड़ते ही उड़ते रहना चाहते हो, पर यह मत भूलो कि कर्मों की डोर से बंधे हुये हो| यह कर्मों की डोर तुम्हें खींच कर बापस इस संसार में ले आएगी| अतः प्रारब्ध कर्म तो तुम्हें भुगतने ही पड़ेंगे| कोई उपाय नहीं है| साथ-साथ यह निर्देश भी दे दिया कि यदि हो सके तो घर में ही एक अलग कोने की व्यवस्था कर लो जहाँ कम से कम व्यवधान हो, और परमशिव का ध्यान करो|
.
गीता में भगवान हमें निमित्त मात्र होकर रहने को कहते हैं ---
"तस्मात्त्वमुत्तिष्ठ यशो लभस्व, जित्वा शत्रून् भुङ्क्ष्व राज्यं समृद्धम् |
मयैवैते निहताः पूर्वमेव, निमित्तमात्रं भव सव्यसाचिन् ||११:३३||"
.
मेरा अनुभव है कि भगवान ही भक्ति हैं, भगवान ही भक्त हैं, भगवान ही क्रिया और कर्ता हैं| जहां साधक होने का घमंड जन्म लेता है, उसी क्षण पतन होने लगता है| भूल कर भी कभी साधक, उपासक, भक्त या कर्ता होने का मिथ्या भाव मन में नहीं आना चाहिए| मैं यह बात अपनी निज अनुभूतियों से लिख रहा हूँ, कोई मानसिक कल्पना नहीं है| पतन का दूसरा द्वार हमारा लोभ है| एक बार ध्यान करते करते एक भाव-जगत में चला गया, जहाँ कोई अदृश्य शक्ति मुझसे पूछ रही थी कि तुम्हें क्या चाहिए| स्वभाविक रूप से मेरा उत्तर था कि आपके प्रेम के अतिरिक्त मुझे अन्य कुछ भी नहीं चाहिए| मुझे उत्तर मिला कि -- "प्रेम का भी क्या करोगे? मैं स्वयं सदा तुम्हारे समक्ष हूँ, मेरे से अतिरिक्त अन्य कुछ भी नहीं है|" तत्क्षण मुझे मेरी अभीप्सा (तड़प, अतृप्त प्यास) का उत्तर मिल गया| एक असीम वेदना शांत हुई| अगले ही क्षण मैं फिर बापस सामान्य चेतना में लौट आया| वास्तव में हमें परमात्मा के अतिरिक्त अन्य कुछ भी नहीं चाहिए| वे हैं तो सब कुछ हैं, उनके बिना कुछ भी नहीं है|
.
वे निरंतर हमारे हृदय में हैं| वे निकटतम से भी अधिक निकट, और प्रियतम से भी अधिक प्रिय हैं| वे सदा हमारे हृदय में हैं| भगवान कहते हैं ---
"ईश्वरः सर्वभूतानां हृद्देशेऽर्जुन तिष्ठति| भ्रामयन्सर्वभूतानि यन्त्रारूढानि मायया||१८:६||"
" उमा दारु जोषित की नाईं| सबहि नचावत रामु गोसाईं||" (श्रीरामचरितमानस)
हम सब कठपुतलियाँ हैं भगवान के हाथों में| कठपुतली में थोड़ा अन्तःकरण (मन, बुद्धि, चित्त और अहंकार) डाल दिया गया है, जो हमें दुःखी कर रहा है|
.
अब और कहने के लिए कुछ भी नहीं बचा है| अंत में थोड़ा अति-अति संक्षेप में प्राणतत्व और परमशिव का अपना अनुभव भी साझा कर लेता हूँ| परमात्मा का मातृ रूप जिसे हम अपनी श्रद्धानुसार कुछ भी नाम दें, वे भगवती आदिशक्ति -- प्राण-तत्व के रूप में हमारी सूक्ष्म देह के मेरुदंड की सुषुम्ना नाड़ी में सभी चक्रों को भेदते हुए विचरण कर रही हैं| जब तक उनका स्पंदन है, तभी तक हमारा जीवन है| वे ही साधक हैं, और वे ही कर्ता हैं| जिनका वे ध्यान कर रही हैं, उनको मैं मेरी श्रद्धा से परमशिव कहता हूँ, आप कुछ भी कहें| परमशिव एक अनुभूति है जो गहरे ध्यान में इस भौतिक देह के बाहर की अनंतता से भी परे होती है| वह अवर्णणीय है|
.
सारी साधना वे जगन्माता, भगवती, आदिशक्ति ही स्वयं कर के परमशिव को अर्पित कर रही हैं| हम तो साक्षीमात्र हैं उस यजमान की तरह जिस की उपस्थिति इस यज्ञ में आवश्यक है| और कुछ भी नहीं| वे ही गुरु रूप में प्रकट हुईं और मार्गदर्शन किया| वे ही इस जीवात्मा का विलय परमशिव में एक न एक दिन कर ही देंगी| और कुछ भी नहीं चाहिए| उन परमशिव और जगन्माता को नमन !!
"वायुर्यमोऽग्निर्वरुणः शशाङ्कः प्रजापतिस्त्वं प्रपितामहश्च |
नमो नमस्तेऽस्तु सहस्रकृत्वः पुनश्च भूयोऽपि नमो नमस्ते ||११:३९||
नमः पुरस्तादथ पृष्ठतस्ते नमोऽस्तु ते सर्वत एव सर्व |
अनन्तवीर्यामितविक्रमस्त्वं सर्वं समाप्नोषि ततोऽसि सर्वः ||११:४०||"
ॐ तत्सत् ! ॐ ॐ ॐ !!
कृपा शंकर
२० फरवरी २०२१

No comments:

Post a Comment