Tuesday 29 May 2018

हमारी कोई समस्या नहीं है, समस्या हम स्वयं हैं .....

हमारी कोई समस्या नहीं है, समस्या हम स्वयं हैं .....
.
"दीनदयाल सुने जब ते, तब ते मन में कछु ऐसी बसी है |
तेरो कहाये कै जाऊँ कहाँ, अब तेरे ही नाम की फ़ेंट कसी है ||
तेरो ही आसरो एक मलूक, नहीं प्रभु सो कोऊ दूजो जसी है |
ए हो मुरारी ! पुकारि कहूँ, मेरी नहीं, अब तेरी हँसी है ||"
.
सभी समस्याएँ प्राणिक (Vital) और मानसिक (Mental) धरातल पर उत्पन्न होती हैं| उन्हें वहीं पर निपटाना होगा| पर वहाँ माया का साम्राज्य इतना प्रबल है जिसे भेदना हमारे लिए बिना हरिकृपा के असम्भव है| हमारी एकमात्र समस्या है ..... परमात्मा से पृथकता| यह बिना शरणागति और समर्पण के दूर नहीं होगी| परमात्मा का ध्यान और चिंतन ही सत्संग है| हमें चाहिए सिर्फ सत्संग, सत्संग और सत्संग| यह निरंतर सत्संग मिल जाए तो सारी समस्याएँ सृष्टिकर्ता परमात्मा की हो जायेंगी|
.
>>>> हम साधना करते हैं, मंत्रजाप करते हैं, पर हमें सिद्धि नहीं मिलती इसका मुख्य कारण है.... असत्यवादन| झूठ बोलने से वाणी दग्ध हो जाती है और किसी भी स्तर पर मन्त्रजाप का फल नहीं मिलता| इस कारण कोई साधना सफल नहीं होती|
.
>>>> सत्य और असत्य के अंतर को शास्त्रों में, और विभिन्न मनीषियों ने स्पष्टता से परिभाषित किया है| सत्य बोलो पर अप्रिय सत्य से मौन अच्छा है| प्राणरक्षा और धर्मरक्षा के लिए बोला गया असत्य भी सत्य है, और जिस से किसी की प्राणहानि और धर्म की ग्लानी हो वह सत्य भी असत्य है|

>>>> जिस की हम निंदा करते हैं उसके अवगुण हमारे में भी आ जाते हैं|
जो लोग झूठे होते हैं, चोरी करते हैं, और दुराचारी होते हैं, वे चाहे जितना मंत्रजाप करें, और चाहे जितनी साधना करें उन्हें कभी कोई सिद्धि नहीं मिलेगी|
.
ॐ तत्सत् ! ॐ ॐ ॐ !!
कृपा शंकर
२९ मई २०१६

1 comment:

  1. हम कभी भी अच्छे शिष्य नहीं बन पाए, पर गुरु ने साथ नहीं छोड़ा| हर परिस्थिति में सदा रक्षा की और मार्गदर्शन व सहायता करते रहे|
    गुरु महाराज का आदेश था कि रात्रि में सोने से पूर्व परमात्मा का गहनतम ध्यान करने के बाद ही सोयें| शरीर रहे या न रहे इसकी चिंता भी मत करें| शरीर टूट कर गिरता है तो गिर जाने दें, पर परमात्मा का चिंतन न छूटे|
    उनके पास कोई अपनी समस्या लेकर आता तो वे कहते कि अपनी चेतना को निरंतर भ्रूमध्य में रखो और परमात्मा का चिंतन करो| हमारी कोई समस्या नहीं है| सारी समस्याएँ परमात्मा की हैं|

    साधना के बारे में वे कोई समझौते की बात नहीं करते थे पर मेरी हिमालय जैसी भूलें और अपराध भी उन्होंने क्षमा कर दिए| वे उनके अपार प्रेम सागर में छोटे मोटे कंकर पत्थर से अधिक नहीं हैं, इन पर कभी भी उन्होंने ध्यान नहीं दिया| अब हम और तो कर ही क्या सकते हैं? जो हुआ सो तो हुआ पर अब ध्यान की गहराई में परमात्मा को पूर्ण रूपेण समर्पित होकर ही जीवन को कृतार्थ कर सकते हैं| अन्य कोई सार की बात नहीं है|
    ॐ ॐ ॐ !!

    ReplyDelete