Tuesday 27 November 2018

शिवलिंग का अर्थ व आत्मलिंग की अनुभूतियाँ ..

शिवलिंग का अर्थ व आत्मलिंग की अनुभूतियाँ ..
--------------------------------------------------
शिव का अर्थ है ..... परम मंगल और परम कल्याणकारी|
लिंग का अर्थ है जिसमें सब का विलय हो जाता है|
शिवलिंग का अर्थ है वह परम मंगल और कल्याणकारी परम चैतन्य जिसमें सब का विलय हो जाता है| सारा अस्तित्व, सारा ब्रह्मांड ही शिव लिंग है| स्थूल जगत का सूक्ष्म जगत में, सूक्ष्म जगत का कारण जगत में और कारण जगत का सभी आयामों से परे .... तुरीय चेतना .... में विलय हो जाता है| उस तुरीय चेतना का प्रतीक हैं .... शिवलिंग, जो साधक के कूटस्थ यानि ब्रह्मयोनी में निरंतर जागृत रहता है| उस पर ध्यान से चेतना ऊर्ध्वमुखी होने लगती है|
.
आत्मलिंग की अनुभूतियाँ .....
---------------------------------
आत्मलिंग की अनुभूतियाँ सिद्ध गुरु की परम कृपा से ही होती हैं| इन की एक बार अनुभूतियाँ हों तो पीछे मुड़कर न देखें और ईश्वर की साधना में जुट जाएँ| गुरुकृपा निरंतर हमारा मार्गदर्शन और रक्षा करेगी| यहाँ जो मैं लिख रहा हूँ वह गुरुकृपा से प्राप्त मेरा निजी अनुभव है| जितना लिखने की मुझे अंतर से अनुमति मिल रही है उतना लिखूंगा, उससे आगे मौन हो जाऊंगा|
.
(१) हमारी सूक्ष्म देह के मूलाधार से सहस्त्रार तक एक ओंकारमय शिवलिंग है| मेरुदंड में सुषुम्ना के सारे चक्र उसी में हैं| मानसिक रूप से उसी में रहते हुए परमशिव अर्थात ईश्वर की कल्याणकारी ज्योतिर्मय सर्वव्यापकता का ध्यान करें| ध्यान भ्रूमध्य से आरम्भ करते हुए सहस्त्रार पर ले जाएँ और श्रीगुरुचरणों में आश्रय लेते हुए वहीं से करें| इस शिवलिंग में स्थिति सब तरह के विक्षेपों से हमारी रक्षा करती है|
.
(२) दूसरा सूक्ष्मतर शिवलिंग आज्ञाचक्र से सहस्त्रार तक उत्तर-सुषुम्ना में है| यह सर्वसिद्धिदायक है| जो उच्चतम साधक हैं वे अपनी चेतना को सदा निरंतर इसी में रखते हैं| इसमें स्थिति सिद्ध गुरु की आज्ञा और कृपा से ही होती है|
आगे और भी बहुत कुछ है पर कुछ निषेधात्मक कारणों मैं उनकी सार्वजनिक चर्चा नहीं कर सकता|
.
भगवान परमशिव दुःखतस्कर हैं| तस्कर का अर्थ होता है .... जो दूसरों की वस्तु का हरण कर लेता है| भगवन परमशिव अपने भक्तों के सारे दुःख और कष्ट हर लेते हैं| वे जीवात्मा को संसारजाल, कर्मजाल और मायाजाल से मुक्त कराते हैं| जीवों के स्थूल, सूक्ष्म और कारण देह के तीन पुरों को ध्वंश कर महाचैतन्य में प्रतिष्ठित कराते है अतः वे त्रिपुरारी हैं| वे मेरे परम आराध्य देव हैं|
.
ॐ तत्सत् ! ॐ ॐ ॐ !!
कृपा शंकर
२६ नवम्बर २०१८

1 comment:

  1. समस्त अस्तित्व शिवमय है| शिव से परे कुछ भी नहीं है| शिव आदि तत्त्व और अपरिभाष्य हैं| यह ब्रह्माण्ड शिव का ही साकार स्वरूप है| हम सब शिव में ही रमण करें, शिव का ही ध्यान करें और अंत में शिव में ही लय हो जाएँ| आप सब के शिवत्व को प्रणाम करता हूँ| ॐ ॐ ॐ ||

    ReplyDelete