Thursday, 11 January 2018

मेरी कन्या का विवाह ....

मेरी कन्या का विवाह ....
.
मेरी एक कन्या है जो बहुत ही अच्छे कुल की व सतोगुण के सर्वश्रेष्ठ संस्कारों से संपन्न है| अब वह विवाह के योग्य हो गयी है, और बिना विवाह के नहीं रह सकती| उसके लिए वर भी उस के अनुरूप अति गुणवान चाहिए| वह वर कौन हो सकता है? मेरी कन्या को संसारी पदार्थों से विरक्ति हो चुकी है| संसारी सुख के भोगों में उसकी रूचि नहीं रही है| पर उसका विवाह तो मुझे करना ही पड़ेगा|
.
पूरी सृष्टि में उस के अनुरूप वर एक ही है, जिसका कोई विकल्प नहीं है| अतः उसी वर के साथ उसका पाणिग्रहण करना ही पड़ेगा| बहुत अच्छी कन्या है तो वर स्वीकार क्यों नहीं करेंगे? स्वीकार तो उन्हें करना ही पड़ेगा| मेरी कन्या भी तो उसी वर के लिए तड़प रही है| उसे और कुछ भी नहीं चाहिए|
.
वह कन्या और कोई नहीं मेरी अपनी निज "बुद्धि" है| और वे वर और कोई नहीं स्वयं साक्षात् सच्चिदानंद भगवान "परमशिव" हैं|
.
सारे कर्मों का अंतिम फल आत्म-साक्षात्कार करने की इच्छा का उत्पन्न होना है| आत्म-साक्षात्कार ही उस कन्या का विवाह है जिसका समय लगभग आ चुका है|
.
ॐ नमो नारायण ! ॐ तत्सत् | ॐ ॐ ॐ !!
११ जनवरी २०१८

हम इस संसार में जो कार्य कर रहे हैं वह कैसे करें ?

हम इस संसार में जो कार्य कर रहे हैं वह कैसे करें ? 

इस बारे में भगवान श्रीकृष्ण का निर्देश है .....
"तस्मात्सर्वेषु कालेषु मामनुस्मर युध्य च |
मय्यर्पितमनोबुद्धिर्मामेवैष्यस्यसंशयम्" ||८.७||
आचार्य शंकर की व्याख्या ....
तस्मात् सर्वेषु कालेषु माम् अनुस्मर यथाशास्त्रम् | युध्य च युद्धं च स्वधर्मं कुरु | मयि वासुदेवे अर्पिते मनोबुद्धी यस्य तव स त्वं मयि अर्पितमनोबुद्धिः सन् मामेव यथास्मृतम् एष्यसि आगमिष्यसि असंशयः न संशयः अत्र विद्यते || किञ्च --,
स्वामी रामसुखदास जी द्वारा किया गया भावार्थ .....
इसलिये तू सब समयमें मेरा स्मरण कर और युद्ध भी कर | मेरेमें मन और बुद्धि अर्पित करनेवाला तू निःसन्देह मेरेको ही प्राप्त होगा |
.
जैसा मुझे समझ में आया है वह यह है कि स्वाभाविक रूप से स्वधर्मरूपी जो भी कार्य इस संसार में भगवान ने हमें सौंपा है, भगवान का निरंतर चिंतन करते हुए भगवान की प्रसन्नता के लिए हमें वह कार्य करते रहना चाहिए| यह भी एक युद्ध है| इस भावना की निरंतरता भी हमें भगवान को प्राप्त करा देगी|
.
अब यह हर व्यक्ति के ऊपर निर्भर है कि वह अपने विवेक से इसे कैसे समझता है| सभी को शुभ कामनाएँ और नमन !
ॐ तत्सत ! ॐ ॐ ॐ !!
११ जनवरी २०१८

शराब के अत्यधिक सेवन के पीछे सरकारी प्रोत्साहन है ......

शराब के अत्यधिक सेवन के पीछे सरकारी प्रोत्साहन है ......
.
भारत में अंग्रेजों के आने से पूर्व मद्यपान बहुत ही कम लोग करते थे| यह एक ऐतिहासिक सत्य है कि अंग्रेजों ने ही इसे अत्यधिक लोकप्रिय बनाया| अंग्रेजों के आने से पूर्व नशा करने वाले या तो भांग खाते थे या गांजा पीते थे जो इतनी हानि नहीं करते थे| भांग-गांजे के पौधे जंगली पौधे होते हैं जो हर कहीं उग सकते हैं, जिन से सरकार को कोई कर यानि टैक्स नहीं मिलता था, सिर्फ इसी लिए अंग्रेजी सरकार ने इन पर प्रतिबन्ध लगा दिया| चूंकि शराब पर चालीस प्रतिशत से अधिक कर लगता था जिस से सरकारी खजाने में खूब वृद्धि होती थी इसलिए अंग्रेजी सरकार ने शराब पीने को खूब प्रोत्साहन दिया| अंग्रेजों के जाने पश्चात भी भारत सरकार ने वही नीति बनाए रखी| अब भी राज्य सरकारें अपनी राजस्व वृद्धि के लिए शराब को जन सुलभ बनाकर उस के प्रयोग को अप्रत्यक्ष रूप से प्रोत्साहित करती हैं| 
.
मैं किसी भी तरह के नशे के विरुद्ध हूँ पर यहाँ ऐतिहासिक सत्य को बताना आवश्यक है| अमेरिका में जब गुलामी की प्रथा थी उस समय काले नीग्रो गुलाम लोगों के पास शराब खरीदने को पैसे नहीं होते थे, अतः वे भांग उगा कर भांग का ही नशा करते थे| अमेरिका में उस समय भांग बहुत लोकप्रिय थी और वहाँ की सरकार इसके उत्पादन को खूब प्रोत्साहन देती थी| भाँग गांजे के जंगली पौधों की प्रचुर उपलब्धता के कारण लोग शराब खरीदने के लिए अपने पैसे बर्बाद नहीं करते थे, अपनी पत्नियों को नहीं पीटते थे, और किसी का कोई नुकसान नहीं करते थे| पर सरकार को इसमें कोई टेक्स नहीं मिलता था| बाद में शराब बनाने वाली कंपनियों के दबाव में आकर आर्थिक कारणों से वहाँ की सरकारों ने भंग-गांजे के सेवन पर प्रतिबंध लगा दिया और शराब की खुली बिक्री की छूट दे दी|
.
भारत में साधू संत अति प्राचीन काल से भांग गांजे का सेवन औषधि के रूप में करते आ रहे हैं| भांग-गांजे से अधिक हानि तो तम्बाकू से होती है| तम्बाकू खाकर लाखों लोग मरे हैं पर भांग या गांजा पीकर पूरे विश्व के इतिहास में आज तक एक भी व्यक्ति नहीं मरा है| सीमित मात्रा में नियमित भांग खाने वालों ने बहुत लम्बी उम्र पाई है| पर तम्बाकू और शराब की बिक्री टैक्स के रूप में सरकारी खजाने को भरती हैं, अतः सरकारें इन पर प्रतिबन्ध नहीं लगातीं, चाहे कितनी भी हानि जनता को होती रहे|
.
हम हर बात में पश्चिम की नकल करते हैं, और पश्चिम की नक़ल कर के ही शराबखोरी को प्रोत्साहन दे रहे हैं| प्राचीन भारत के राजा बड़े गर्व से कहते थे कि उनके राज्य में कोई चोर नहीं है और कोई शराब नहीं पीता|
.
अब बताता हूँ कि भारत में अंग्रेजी शराब का आगमन कैसे हुआ| भारत में आरम्भ में समुद्री मार्ग से जितने भी अंग्रेज़ आये वे सब समुद्री लुटेरे डाकू थे| एक पुर्तगाली जहाज को लूट कर उन्हें भारत आने का समुद्री नक्शा मिला जिसके आधार पर वे भारत में आ सके| अन्यथा वे लोग पहले तो भूमध्य सागर में बड़ी नौकाओं से सीरिया आते, जहाँ से पूर्वी तुर्की से आ रही युफ्रेतेस (Euphrates) या ताईग्रिस (Tigris) नदी के मार्ग से इराक़ होते हुए फारस की खाड़ी में शत-अल-अरब तक आते, जहाँ से फिर बड़ी नौका से फारस की खाड़ी और अरब सागर को पार कर भारत आते| इस मार्ग से आने वाले आधे से अधिक लोग तो रास्ते में ही बीमार होकर मर जाते थे, जो बचते थे उन्हें पुर्तगाली समुद्री लुटेरे लूट लेते थे| फिर उन्होंने इराक से ऊंटों पर बैठकर भारत आना आरम्भ किया पर इसमें भी अधिकाँश लोग रास्ते में ही बीमार होकर मरने लगे तो इस मार्ग का प्रयोग बंद कर दिया|
.
जहाँ तक प्रमाण उपलब्ध हैं, भारत में सबसे पहले John Mildenhall नाम का एक अँगरेज़ आया था जिसने अकबर बादशाह से मिल कर उसे यूरोप से लाई हुई शराब और फिरंगी गुलाम युवतियाँ भेंट कर भारत में व्यापार करने की अनुमती ली| कुछ समय बाद वह आगरा में ही मर गया| William Hawkins नाम का एक समुद्री लुटेरा डाकू समुद्री मार्ग से सबसे पहले सूरत बंदरगाह पर आया| जहां से उसने कुछ भाड़े के अंगरक्षक सिपाही लिए और सूरत से घोड़ों पर बैठकर मुगल बादशाह जहाँगीर से मिलने आगरा आया और मुग़ल बादशाहों की कमजोरी फिरंगी गुलाम लड़कियाँ और खूब शराब भेंट कर भारत में व्यापार करने की अनुमति ली| फिर यूरोप से बहुत शराब भारत आने लगी| अँगरेज़ लोग मुग़ल बादशाहों से रियायत लेने के लिए उन्हें खूब शराब और फिरंगी गुलाम लड़कियाँ भेंट दिया करते थे| जब मुग़ल बादशाह अंग्रेजी शराब पीने लगे तो राजे रजवाड़ों को भी उसका चस्का लगने लगा|
गोवा में पुर्तगालियों ने बलात् खूब शराब पीने की आदत जन सामान्य में डाली और लोगों में नशे की आदत डालकर पाँच सौ वर्षों तक गोवा में राज्य किया|
.
अब और तो क्या कर सकता हूँ, भगवान से प्रार्थना ही कर सकता हूँ कि भारत में एक दिन ऐसा अवश्य आये जब कोई शराबी और चोर नहीं हो|
.
ॐ तत्सत् ! ॐ ॐ ॐ !!
कृपा शंकर 
११ जनवरी २०१८

परमप्रेम ही सच्चिदानंद का द्वार है .....

परमप्रेम ही सच्चिदानंद का द्वार है .....
.
परमात्मा के प्रति परमप्रेम के अतिरिक्त अन्य कोई आदर्श, कर्तव्य, आचार-विचार या नियम नहीं है| जिसने उस प्रेम को पा लिया, उसके लिए आचरण के कोई नियम नहीं, कोई अनुशासन नहीं है क्योंकि उसने परम अनुशासन को पा लिया है| वह सब अनुशासनों और नियमों से ऊपर है|
.
यम (अहिंसा, सत्य, अस्तेय, ब्रह्मचर्य, अपरिग्रह), नियम (शौच, संतोष, तप, स्वाध्याय, ईश्वर प्रणिधान) आदि सभी गुण उसमें स्वतः ही आ जाते हैं| ये गुण उसके पीछे पीछे चलते हैं, वह इनके पीछे नहीं चलता| प्रभु के प्रति परमप्रेम अपने आप में सबसे बड़ी साधना, साधन और साध्य है| यही मार्ग है और यही लक्ष्य है|
.
फिर धीरे धीरे साधक का स्थान स्वयं परमात्मा ले लेते हैं| वे ही स्वयं को उसके माध्यम से व्यक्त करते हैं| यहाँ भक्त और भगवान एक हो जाते हैं| उनमें कोई भेद नहीं रहता| जब शब्दातीत ज्ञान अनुभूत होना आरम्भ हो जाता है, तब शब्दों में रूचि नहीं रहती|
.
ॐ तत्सत् ! ॐ नमो भगवते वासुदेवाय ! ॐ ॐ ॐ !!
कृपा शंकर
११ जनवरी २०१८

मैं और मेरे प्रभु एक हैं, कहीं कोई भेद नहीं है .....

मैं और मेरे प्रभु एक हैं, कहीं कोई भेद नहीं है .....
.
मुझे कहीं भी इधर उधर खोजने, किसी के पीछे पीछे भागने, किसी से कुछ भी माँगने या कोई अपेक्षा या कामना आदि करने से प्रभु ने अपनी परम कृपा कर के अब मुक्त कर दिया है|
.
सारी खोज का अंत हो गया है| अब खोजने के लिए और कुछ भी नहीं बचा है| सिर्फ आत्मतत्व में गहराई से स्थित होना है, जिसे प्रभु स्वयं कर रहे हैं| कोई संशय या कोई शंका नहीं है| जहाँ मैं हूँ, वहीं मेरे प्रभु है, मेरे साथ एक हैं|
.
जिसे मैं खोज रहा था वह तो मेरा स्वयं का अस्तित्व था जो सदा मेरे साथ एक है| सारे प्रश्न और सारे उत्तर अब असंगत हो गए हैं|
.
हे परमप्रिय प्रभु, सिर्फ तुम हो, सिर्फ तुम हो और बस तुम ही तुम हो, और कोई नहीं है| तुम और मैं सदा एक हैं| मैं तुम्हारी पूर्णता हूँ|
.
ॐ तत्सत् ! ॐ ॐ ॐ !!
१० जनवरी २०१८

Wednesday, 10 January 2018

आध्यात्मिक रूप से सबसे बड़ी सेवा .....

आध्यात्मिक रूप से सबसे बड़ी सेवा .....
.
धर्म, राष्ट्र, समाज और हम सब के समक्ष, बहुत विकराल समस्याएँ हैं| उनके समाधान पर चिंतन अवश्य करना चाहिए| भारत की आत्मा आध्यात्मिक है अतः भारत का पुनरुत्थान एक विराट आध्यात्मिक शक्ति द्वारा ही होगा| सौभाग्य से ऐसी अनेक महान आत्माओं से मेरा मिलना हुआ है जो शांत रूप से स्वयं अपने प्राणों की आहुति देकर राष्ट्र के उत्थान के लिए दिन-रात निःस्वार्थ रूप से कार्य कर रही हैं| धन्य हैं वे महान आत्माएँ|
.
आध्यात्मिक रूप से सबसे बड़ी सेवा और सबसे बड़ा परोपकार जो हम समष्टि, राष्ट्र, समाज या व्यक्ति के लिए कर सकते हैं, वह है ..... "आत्म-साक्षात्कार"| इस से बड़ी सेवा और कोई दूसरी नहीं है| इस बात को वे ही समझ सकते हैं जो एक आध्यात्मिक चेतना में हैं, दूसरे नहीं, क्योंकि यह बुद्धि का विषय नहीं, अनुभूति का विषय है|
.
जिसे हम अन्यत्र ढूँढ रहे हैं, वह कहीं अन्यत्र नहीं है, वह तो हम स्वयं ही हैं| हम में और परमात्मा में कोई भेद नहीं है| भेद अज्ञानता का है| जो ढूँढ रहा है वह परमात्मा ही है जो अपनी लीला में स्वयं स्वयं को ही ढूँढ रहा है| यह पृथकता, यह भेद .... सब उसकी लीला है, कोई वास्तविकता नहीं| वह स्वयं ही आत्म-तत्व, गुरु-तत्व और सर्वस्व है|
.
ॐ तत्सत् ! ॐ ॐ ॐ !!
१० जनवरी २०१८

अंत काल में भगवान का स्मरण .....

अंत काल में भगवान का स्मरण .....

इस देह के अंतकाल के समय जैसे विचार होते हैं वैसा ही अगला जन्म होता है| अंतकाल में भगवान का स्मरण करने वाले भगवान को प्राप्त होते है| जिसने जीवन भर भगवान का स्मरण किया है, उसी को अंत समय में भगवान की स्मृति होती है, अन्यों को नहीं| अंतकाल में स्मरण उसी का होता है जिसको जीवन में सबसे अधिक याद किया हो|

शास्त्रों के अनुसार अंतिम समय बड़ा भयंकर होता है| सूक्ष्म देह की मृत्यु तो होती नहीं है लेकिन पीड़ा उतनी ही होती है जितनी भौतिक देह को होती है| जिन कुटिल लोगों ने दूसरों को खूब ठगा है, पराये धन को छीना है, अन्याय और अत्याचार किये हैं, उनकी बहुत बुरी गति होती है| बहुत अधिक कष्ट उन्हें भोगने पड़ते हैं|

अपने जीवन काल में मुक्त वही है जो सब कामनाओं, यहाँ तक कि मोक्ष यानि मुक्ति की कामना से भी मुक्त है व इस देह की चेतना से ऊपर उठ चुका है| सब से अच्छी साधना वह है जो मनुष्य को इस देह की चेतना से मुक्त करा दे|

कई बाते हैं जिन्हें मैं लिखना नहीं चाहता क्योंकि उनकी प्रतिक्रिया अच्छी नहीं होती| लोग मुंह पर तो वाह वाह करते हैं लेकिन पीठ पीछे बहुत ही अभद्र शब्दों का प्रयोग कर के अपनी दुर्भावनाओं को व्यक्त करते हैं| फेसबुक पर मैं अपना समय ही नष्ट कर रहा हूँ| जितना समय यहाँ दे रहा हूँ उतने समय मुझे परमात्मा का ध्यान करना चाहिए|

अंतिम बात जो मैं सार रूप में कहना चाहूँगा वह यह है कि हम इस देहभाव को छोड़कर ब्रह्मरूप को प्राप्त हों| जिसमे यह जानने की पात्रता होगी उसे निश्चित मार्गदर्शन मिलेगा| मुझे तो किसी भी तरह का कोई संशय नहीं है| सबके अपने अपने कर्म हैं, अपना अपना प्रारब्ध है| सभी को नमन!

ॐ तत्सत् ! ॐ ॐ ॐ !!
१० जनवरी २०१८