Sunday, 1 June 2025

सर्वश्रेष्ठ गुरु-दक्षिणा क्या हो सकती है?

 सर्वश्रेष्ठ गुरु-दक्षिणा क्या हो सकती है? 


तत्व रूप में गुरु -- सब नाम-रूपों से परे हैं। वे एक अनुभूति हैं, परम ज्योतिर्मय कूटस्थ अक्षर परब्रह्म हैं। वे सब प्रकार के अन्धकार का नाश करते हैं। वे ही इस देहरूपी नौका के कर्णधार हैं।
सहस्त्रार में उनका निरंतर ध्यान ही सर्वश्रेष्ठ गुरु-दक्षिणा है।
सहस्त्रार में उनकी चेतना में निरंतर बने रहना ही गुरु-चरणों में आश्रय है।
गुरु ॐ ! गुरु ॐ ! गुरु ॐ ! गुरु ॐ ! गुरु ॐ ! गुरु ॐ !
जून २०१७

मुझे लगता है कि हमारी प्रगति नहीं बल्कि अवनति हो रही है ...

 मुझे लगता है कि हमारी प्रगति नहीं बल्कि अवनति हो रही है .....

.
मुझे यह लिखते हुए बहुत खेद हो रहा है कि हमारे समाज की गति क्षीण हो रही है| सन उन्नीस सौ पचास, साठ, और सत्तर के दशकों में व सन १९८० के दशक तक भारत की राजनीति में अच्छे विचारक और वक्ता हुआ करते थे| बड़ी अच्छी अच्छी साहित्यिक और ज्ञानवर्धक पत्रिकाएँ निकलती थीं| समाचारपत्रों का आकार आज से डेढ़ गुणा और पृष्ठों की संख्या आज से दुगुणी होती थी| बड़े अच्छे लेख आते थे| वाचनालयों में समाचार पत्र और पत्रिकाएँ पढ़ने के लिए खूब भीड़ रहती थी| युवा विद्यार्थीगण पुस्तकालयों से अच्छी अच्छी साहित्यिक और ज्ञानवर्धक पुस्तकें निकलवा कर पढ़ते थे| प्रातःकाल में घूमने, दौड़ने और खूब व्यायाम करने का भी युवाओं में शौक था| शाम के समय भी खेलने और मित्रों से मिलने जुलने का समय होता था| समाज में एक गति थी| अब वह गति नहीं रही है|
.
अब इतनी गलाकाट प्रतियोगिता हो गयी है कि विद्यार्थियों को ट्यूशन और कोचिंग से ही अवकाश नहीं मिलता| महिलाओं में भी तब बहुत मेलजोल, सामाजिक एकता और पारस्परिक प्रेमभाव था| अब तो मुश्किल से ही आपस में मिलना जुलना होता है|
.
आज के युवा वर्ग की न तो अच्छे साहित्य में रूचि है और न ही धर्म, समाज और राष्ट्र की चेतना में| कोई अच्छे मार्गदर्शक भी नहीं दिखाई दे रहे हैं| बहुत अधिक अपराध बढ़ रहे हैं| लोग स्वार्थी होते जा रहे हैं| कैसे हम अपनी संतानों को चरित्रवान बनाएँगे? कैसे हम राष्ट्रीय चरित्र का विकास करेंगे? इस की चिंता करने वाले भी बहुत कम लोग हैं|
.
राष्ट्र के प्रत्येक व्यक्ति के मन में यह भावना होना चाहिये कि मैं इस राष्ट्र का एक बहुत महत्वपूर्ण घटक हूँ| हम में आत्मविश्वास होना चाहिए| समाज की परिस्थितियों को देखकर निराशा होती है| आज का नेतृत्व भी व्यवसायिक हो गया है| ऐसे नेताओं की हमें आवश्यकता है जो देश को आध्यात्मिक, सामाजिक और राजनीतिक नेतृत्व दे सके|
.
पर मैं निराश नहीं हूँ| भारत में बहुत अच्छे अच्छे लोग हैं जो हर क्षेत्र में बहुत अच्छा कार्य कर रहे हैं| हमारा समाज फिर से गति पकड़ेगा और उन्नति के शिखर पर होगा| इस और से मैं पूर्णतः आश्वस्त हूँ|
.
ॐ तत्सत् ! ॐ ॐ ॐ !!
कृपा शंकर
१ जून २०१७