Monday, 12 March 2018

हम हर प्रकार की मानसिक दासता से मुक्त हों .....

हम हर प्रकार की मानसिक दासता से मुक्त हों .....
.
हम किसी भी समाचार पत्र, दूरदर्शन, पत्रिकाओं और पुस्तकों में व्यक्त विचारों, व मिलने जुलने वाले व्यक्तियों की सोच से प्रभावित ना हों|
हमारे विचार स्वतंत्र हों और निज विवेक पर आधारित हों|
जहाँ बुद्धि काम नहीं करती वहाँ शास्त्र प्रमाण हैं|
हम यह सीमित देह नहीं हैं|
सारे ब्रह्मांड से भी बड़ी हमारी चेतना और अस्तित्व है|
ये सब चाँद, तारे, ग्रह, नक्षत्र और आकाशगंगाएँ हमारी ही देह के भाग हैं| समस्त सृष्टि और परमात्मा की अनंतता ही हमारा घर है| सब प्राणी हमारा ही परिवार हैं|
भगवान परमशिव ही हमारी गति हैं|
वे लोग बहुत भाग्यशाली हैं जो भगवान से प्रेम करते करते स्वयं प्रेममय हो जाते हैं|
इस परमप्रेम की परिणिति ही आनंद है|
.
यह विराटता, सर्वव्यापकता और सम्पूर्णता ही परमब्रह्म परमशिव का स्वरुप है| यही हमारा वास्तविक घर और अस्तित्व है| यही हमारी वास्तविक देह है| कहाँ हम अपने तुच्छ अहंकार और ममत्व में फँसे हैं? प्रभु की इस अनंत विराटता में प्रेममय समर्पण ही परमात्मा से साक्षात्कार है|

हे परमशिव, मैं आपका अमृतपुत्र हूँ, मुझे अपने साथ एक करो, मैं आपसे पृथक नहीं, आप और मैं एक हैं| आप ही मेरी गति हैं| मेरा कोई अस्तित्व नहीं, मैं नहीं, आप ही आप हैं|
ॐ तत्सत् ! ॐ ॐ ॐ !!
कृपा शंकर
१३ मार्च २०१५

अज्ञानता का नाश कैसे हो ? ......

अज्ञानता का नाश कैसे हो ? ......
.
परमात्मा का ज्ञान न होना ही वास्तविक अज्ञान है| यह अज्ञान ही सब बुराइयों कि जड़ है| इस अज्ञान के कारण ही मनुष्य में कामनाएँ, लोभ और क्रोध का जन्म होता है| ये तीनों ही महादोष हैं जिन्हें भगवान श्रीकृष्ण ने नर्क का द्वार कहा है ....
"त्रिविधं नरकस्येदं द्वारं नाशनमात्मनः| कामः क्रोधस्तथा लोभस्तस्मादेतत्रयं त्यजेत्||"
.
क्रोध का कारण ... कामना और लोभ की पूर्ति का न होना है| अब प्रश्न यह उठता है कि कामना और लोभ से कैसे मुक्त हुआ जाए| ये दोनों ही सब समस्याओं कि जड़ हैं|
.
अगला प्रश्न यह उठता है कि नर्क और स्वर्ग क्या हैं? इसका उत्तर अति कठिन है| हरेक व्यक्ति अपनी अपनी सामर्थ्यानुसार ही इसे समझता है| सबकी अपनी अपनी समझ है, अतः इस विषय पर चर्चा नहीं करूँगा| मुख्य प्रश्न है ..... अज्ञानता का नाश कैसे हो?
.
इस पर विचार और इसका निर्णय भी मैं प्रबुद्ध पाठकों पर छोड़ता हूँ| आप सब से अनुरोध है कि इस पर विचार अवश्य करें और किसी ना किसी निर्णय पर अवश्य पहुंचें|
.
एक बार ब्रह्मा जी के पास देवता, दानव और मनुष्य गये और उपदेश देने कि प्रार्थना की|
ब्रह्मा जी ने तीनों को कहा .... " द द द " | तीनों प्रसन्न होकर चले गये|
देवताओं ने इसका अर्थ लगाया कि हम भोगी लोगों को 'दमन' यानि इन्द्रियों और मन का दमन करना चाहिए|
दानवों ने इसका अर्थ लगाया कि हम क्रूर लोगों को 'दया' करनी चाहिए|
मनुष्यों ने इसका अर्थ लगाया कि हम लोभी लोगों को 'दान' करना चाहिए|
.
मनुष्यों में ही देव, दानव और मानव इन तीनों कि वृत्तियाँ हैं| जिस अवगुण से हम छुटकारा पाना चाहते हैं, उससे विपरीत गुणों का हमें निरंतर चिंतन करना पडेगा| विरोधी धर्मोँ का अभ्यास करने से ही ये अवगुण छूटते हैं| इसके लिए साधना करनी पडती है| जब इसका बोध हो जाएगा कि हम यह देह नहीं अपितु शाश्वत आत्मा हैं तब देह के सुख की कामना और लोभ नहीं रहेगा|
.
ॐ तत्सत् ! ॐ ॐ ॐ !!
कृपा शंकर
१३ मार्च २०१६

पुरुषार्थ .....

पुरुषार्थ .....
.
सामान्यतः हम परिश्रमपूर्वक किये गए किसी कार्य को पुरुषार्थ कहते हैं| हमारे शास्त्रों में .... धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष .... ये चार पुरुषार्थ बताये गए हैं|
पर जहाँ तक मेरी समझ में आया है ....पुरुष शब्द का अर्थ है ... जो पुर यानि हम सब के अन्तस्थ में स्थित है (या शयन कर रहा है) .... यानि परमात्मा|
परमात्मा हम सब के भीतर है अतः परमात्मा ही एकमात्र पुरुष है, और उसको पाने का पूर्ण प्रयास ही पुरुषार्थ है, जिसकी सिद्धि धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष के रूप में होती है|
.
शास्त्रों में पुरुषार्थ से भ्रष्ट हो जाने वाले को .... आत्महंता ... कहा गया है| आत्मा को पुरुषार्थ की ओर प्रवृत्त न करना आत्मा का हनन है यानि आत्मा की ह्त्या है|
.
ॐ तत्सत् ! ॐ ॐ ॐ !!
कृपा शंकर
१३ मार्च २०१६

खाटूश्यामजी का मेला ---

खाटूश्यामजी का मेला ...,
-------------------------
राजस्थान के शेखावाटी क्षेत्र में भरने वाले अनेक प्रसिद्ध मेलों में ये तीन मेले तो पूरे भारत में प्रसिद्ध हैं .... खाटूश्यामजी, सालासर बालाजी और राणी सती जी|
इनमें पूरे भारत से हज़ारों श्रद्धालु आते हैं|
खाटूश्याम जी का मेला इस वर्ष 20 मार्च तक का है| अभी से हज़ारों श्रद्धालु पदयात्री हाथों में ध्वजरूपी निशान लिए खाटू मार्ग पर अग्रसर हैं, इनकी संख्या शीघ्र ही लाखों में पहुँच जायेगी| मेला वैसे तो 15 मार्च से आरम्भ होगा पर अभी से लगभग आरम्भ हो ही चुका है| एकादशी वाले दिन यानि 19 मार्च को तो पैर रखने को भी स्थान नहीं मिलेगा| क्षेत्र कि सारी धर्मशालाएं और अतिथि भवन भर चुके हैं| रात्रि जागरण और भजन-कीर्तन खूब हो रहे हैं|
यह मेला भक्ति भाव को ही नहीं बल्कि इस क्षेत्र के विभिन्न लोकनृत्यों, संगीत तथा कलाओं को भी प्रदर्शित करता हे|
.
भगवान श्रीकृष्ण को समर्पित खाटूश्यामजी का मंदिर ..... सीकर से 65कि.मी. दूर खाटू गाँव में स्थित है| इसका इतिहास महाभारत कालीन है|
.
इतिहासकार पंडित झाबरमल्ल शर्मा के अनुसार सन् 1679 में औरंगजेब की सेना ने इस मंदिर को नष्ट कर दिया था| इस मंदिर की रक्षा के लिए उस समय अनेक राजपूतों ने अपना प्राणोत्सर्ग किया था|
उसके बाद एक बार फिर मुग़ल बादशाह फर्रूखशीयर ने अपनी मुग़ल सेना को लेकर मंदिर को ध्वस्त किया था जिसका वर्णन कुछ वर्षों पूर्व 'राजस्थान पत्रिका' नामक समाचार पत्र में 'नगर परिक्रमा' शीर्षक के अंतर्गत छपे स्तम्भ के अनेक लेखों में विस्तृत रूप से छपा था| पर वह कहीं भी पुस्तक के रूप में आज तक नहीं छपा है| इस युद्ध में राजपूत सेनाओं के साथ ब्राह्मणों ने भी शस्त्र उठाये और युद्ध किया था| मंदिर के महंत मंगलदास और उनके सेवक सुन्दरदास भंडारी के सर कट गए पर उनके धड मुग़ल सेनाओं से लड़ते रहे जिनका विकराल रूप देखकर मुग़ल सेना भाग खडी हुई| फर्रूखशीयर ने उन धडों से स्वयं को गाफिल बताते हुए माफी मांगी तब जाकर वे धड शांत हुए|
.
राजस्थान की संस्कृति और भक्ति इस मेले में जीवंत हो उठती है| लाखों श्रद्धालुओं का भक्तिभाव देखना हो यह मेला अवश्य देखना चाहिए| जय श्रीश्याम !
१३ मार्च २०१६

(Amended/Re-posted). आज और कल खाटू श्याम जी (जिला सीकर, राजस्थान) का मेला है। लाखों श्रद्धालू तो पहुँच गए हैं, लाखों और आ रहे हैं। जिधर देखो उधर ही हर मार्ग पर ध्वज लिए श्रद्धालु खाटू नगर की ओर बढ़ रहे हैं। आस्था का ज्वार उमड़ रहा है। आसपास के अन्य श्रद्धा केन्द्रों -- शाकम्भरी माता, जीण माता, सालासर बालाजी, और राणी सती जी मंदिर, आदि पर भी भीड़ बढने लगी है| श्रद्धालुओं की आस्था को नमन !
.
क्षेत्र कि सारी धर्मशालाएं और अतिथि भवन भर चुके हैं। रात्रि-जागरण और भजन-कीर्तन खूब हो रहे हैं। यह मेला भक्ति-भाव को ही नहीं, बल्कि इस क्षेत्र के विभिन्न लोकनृत्यों, संगीत तथा कलाओं को भी प्रदर्शित करता हे। भगवान श्रीकृष्ण और उनके परम भक्त बर्बरीक को समर्पित खाटूश्यामजी का मंदिर - सीकर से ६५ कि.मी. दूर खाटू गाँव में स्थित है। इसका इतिहास महाभारत कालीन है।
.
इतिहासकार पंडित झाबरमल्ल शर्मा के अनुसार सन् १६७९ में औरंगजेब की सेना ने इस मंदिर को नष्ट कर दिया था। इस मंदिर की रक्षा के लिए उस समय अनेक राजपूतों ने अपना प्राणोत्सर्ग किया था।
.
उसके बाद एक बार फिर मुग़ल बादशाह फर्रूखशीयर ने अपनी मुग़ल सेना को लेकर मंदिर को ध्वस्त किया था, जिसका वर्णन कुछ वर्षों पूर्व 'राजस्थान पत्रिका' नामक समाचार पत्र में 'नगर परिक्रमा' शीर्षक के अंतर्गत छपे स्तम्भ के अनेक लेखों में विस्तृत रूप से छपा था। इस युद्ध में राजपूत सेनाओं के साथ ब्राह्मणों ने भी शस्त्र उठाये और युद्ध किया था। मंदिर के महंत मंगलदास और उनके सेवक सुन्दरदास भंडारी के सिर कट गए, पर उनके धड मुग़ल सेनाओं से लड़ते रहे; जिनका विकराल रूप देखकर मुग़ल सेना भाग खडी हुई। फर्रूखशीयर ने उन धडों से स्वयं को गाफिल बताते हुए माफी मांगी तब जाकर वे धड़ शांत हुए। उस जमाने में एक कहावत पड़ी थी -- "शीश कटा खाटू लड़े महंत मंगलदास।"
.
राजस्थान की संस्कृति और भक्ति इस मेले में जीवंत हो उठती है। लाखों श्रद्धालुओं का भक्तिभाव देखना हो यह मेला अवश्य देखना चाहिए। जय श्रीश्याम!
कृपा शंकर
१४ मार्च २०२२

Sunday, 11 March 2018

यज्ज्ञात्वा मत्तो भवति , स्तब्धो भवति, आत्मारामो भवति .....

यज्ज्ञात्वा मत्तो भवति , स्तब्धो भवति, आत्मारामो भवति .....
.
परमात्मा से परम प्रेम होने पर मनुष्य .... उन्मत्त हो जाता है, स्तब्ध हो जाता है, और आत्माराम हो जाता है| भक्ति यानि परम-प्रेम की जागृति होने पर पहिले तो मनुष्य उन्मत्त होकर असामान्य हो जाता है, फिर प्रेम में मत्त होकर परमात्मा की उपस्थिति के आभास से स्तब्ध हो जाता है, और फिर अपनी आत्मा में रमण करते करते आत्माराम हो जाता है|
.
हे परम प्रिय प्रभु, मैं आपके साथ एक हूँ| जो आप हैं वह ही मैं हूँ और जो मैं हूँ वह ही आप हैं| आपका आनंद, आपकी शांति, आपका विवेक, आपकी करुणा, आपका प्रेम, और आपकी सर्वव्यापकता मैं ही हूँ, मेरे सिवा अन्य कोई नहीं है| जैसे जल की एक अकिंचन बूँद, महासागर में मिल कर महासागर ही बन जाती है. वैसे ही मैं और आप एक हैं, अब कभी अलग नहीं होंगे, सदा साथ साथ ही रहेंगे| मैं आपमें जागृत हूँ| मैं इस नश्वर .... भौतिक, सूक्ष्म और कारण देह की सीमाओं से परे सर्वव्यापक हूँ| मैं हर पुष्प में, सूर्य की हर किरण में, हर सद्संकल्प में, हर आत्मा में, हर अणु में, ऊर्जा के हर कण व प्रवाह में, और हर विचार में आपकी ही अभिव्यक्ति हूँ| कोई मुझे आपसे पृथक नहीं कर सकता|
.
ॐ तत्सत् ! ॐ ॐ ॐ !!
कृपा शंकर
१२ मार्च २०१६

हमारा एकमात्र शाश्वत सम्बन्ध परमात्मा से है .....

हमारा एकमात्र शाश्वत सम्बन्ध परमात्मा से है .....
.
जन्म से पूर्व और मृत्यु के पश्चात ही नहीं बल्कि जीवन में सतत निरंतर एकमात्र सम्बन्ध यदि किसी का किसी से हो सकता है तो वह भगवान से ही है| हमारा अस्तित्व भी उन्हीं का एक संकल्प या उन के मन की एक कल्पना मात्र है| यह प्रभु का प्रेम ही है जो माँ-बाप, भाई-बहिन, सगे-सम्बन्धियों और मित्रों के माध्यम से हमें प्राप्त होता है| यह मायावश भ्रम है कि हमारा कोई अपना-पराया है| यहाँ तक की गुरु-शिष्य का सम्बन्ध भी परमात्मा से ही सम्बन्ध है| गुरू भी एक निश्चित भावभूमि तक ले जा कर छोड़ देता है, आगे की यात्रा तो स्वयं को ही करनी पडती है| फिर न कोई गुरु है और न कोई शिष्य, एकमात्र परमात्मा ही सब कुछ है| सारे सम्बन्ध एक भ्रम मात्र हैं|
.
हमारा अस्तित्व परमात्मा की एक अभिव्यक्ति है| वे ही इस देह को जीवंत रखे हुए हैं, वे ही इस हृदय में धडक रहे हैं|, जो भी हम अपनी आँखों से देख रहे हैं, वह परमात्मा ही है| हमारा पृथक अस्तित्व एक माया और भ्रम है| हमारा एकमात्र लक्ष्य सिर्फ उन के परम प्रेम की अभिव्यक्ति और उन में समर्पण ही है| जो भी हमें उन से दूर ले जाए वह कुसंग है जो सर्वदा त्याज्य है| जो उन का प्रेम हमारे में जागृत करे वह सत्संग है| जब हमें भूख लगती है तब भोजन तो स्वयं को ही करना पड़ता है| दूसरे का किया भोजन हमारा पेट नहीं भर सकता| वैसे ही स्वाध्याय, सत्संग और साधना तो स्वयं को ही करनी होगी| प्रभु के प्रेम में निरंतर डूबे रहना ही सत्संग है| प्रभु को विस्मृत करना कुसंग है|
.
प्रभु की निरंतर सब पर कृपा बनी रहे| ॐ तत्सत् ! ॐ ॐ ॐ !!
कृपा शंकर
१२ मार्च २०१४

शत्रु को कभी कम नहीं समझना चाहिए .....

शत्रु को कभी कम नहीं समझना चाहिए .....
.
१ अगस्त १७९८ से ३ अगस्त १७९८ तक ब्रिटेन और फ्रांस की विशाल नौसेनाओं में मिश्र के तट पर अबोकिर की खाड़ी में नील नदी के मुहाने के पास भूमध्य सागर में एक अति भयानक युद्ध हुआ था, जिसमें फ़्रांसिसी नौसेना की हार हुई और उस युद्ध के बाद भारत पर अंग्रेजों का शासन पक्का हो गया| मैसूर के टीपू सुल्तान ने अंग्रेजों के विरुद्ध भारत पर आक्रमण करने के लिए फ्रांस के शासक जनरल नेपोलियन बोनापार्ट को निमंत्रण दिया था| उसी कड़ी में फ्रांस ने सबसे पहिले मिश्र पर अपना पूरा अधिकार कर लिया, जहाँ से उसे और आगे ब्रिटिश भारत की ओर प्रस्थान करना था|
.
पिछले तीन महीनों से एडमिरल नेल्सन के नेतृत्व में ब्रिटिश नौसेना लगातार फ्रांसीसी नौसेना को ढूँढ रही थी जो एडमिरल फ्रांकोइस पॉल ब्रुयेस अल्गैलियर्स के नेतृत्व में थी और कहीं भी उसकी स्थिति का पता नहीं चल रहा था| फ्रांस की स्थल सेना ने पूरे मिश्र पर अपना अधिकार कर लिया था और फ्रांसीसी नौसेना सिकंदरिया (Alexandria) से २० मील दूर सुरक्षित स्थान पर समुद्र में लंगर डाले खड़ी थी|
.
१ अगस्त १७९८ की शाम को जब अन्धेरा सा हो गया था और बहुत कम दिखाई दे रहा था, ब्रिटिश नौसेना ने अपने से भी बहुत अधिक बड़ी फ्रांसीसी नौसेना को ढूँढ ही लिया| फ़्रांसिसी एडमिरल ने निर्णय लिया कि अगले दिन सूर्योदय से पूर्व प्रकाश होते ही युद्ध शुरू कर देंगे और युद्ध की तैयारी करनी आरम्भ कर दी| यही उसकी भूल थी जो उसकी पराजय में बदल गयी|
.
ब्रिटिश एडमिरल नेल्सन ने एक क्षण की भी देरी करना उचित नहीं समझा और तुरंत आक्रमण के आदेश दे दिए| नेल्सन ने अपने बेड़े को शाम के अंधेरे में ही दो भागों में बाँटकर फ़्रांसिसी बेड़े को अपने बीच में ले लिया और अपनी तोपों से गोलाबारी शुरू कर दी| बड़ा भयानक युद्ध तीन घंटों तक चला और रात को दस बजे फ़्रांसिसी ध्वजवाहक पोत (Flagship) ल'ओरिएंट डुबो दिया गया| फ्रांसीसी एडमिरल उस आक्रमण में मारा गया पर तीन अगस्त तक युद्ध चलता रहा| नेपोलियन बोनापार्ट की स्थल सेना मिश्र में फँस गयी और कुछ भी न कर सकी|
.
इस युद्ध से यही शिक्षा मिलती है कि अपने शत्रु को कभी कम नहीं आँकना चाहिए, और उसके आक्रमण की प्रतीक्षा नहीं करनी चाहिए|
.
इस युद्ध के बाद ब्रिटेन की कवयित्री मिसेज फेलिसिया डोरोथिया हेमंस की सन १८२६ में लिखी एक कविता 'Casabianca' ने फ़्रांसिसी एडमिरल के १२ वर्ष की आयु के उस बेटे को अमर बना दिया जो अपने डूबते हुए जहाज पर, जिसमें विस्फोट होकर आग लग गयी थी, और चारों और मरे हुए नौसैनिकों की लाशें बिखरी हुई थीं, अपने पिता की आज्ञा मानकर खडा रहा, और अपनी जान बचाने का कोई प्रयास नहीं किया| उस वीर बालक को मरते दम तक यह पता ही नहीं चला था कि उसका पिता मारा गया है, पर उसके लिए तो पिता की आज्ञा ही सर्वोपरि थी| दोनों ओर से सैंकड़ों तोपें चल रही थीं, जिनके गोलों के विस्फोट के प्रकाश में ब्रिटिश नौसेनिकों ने देखा कि फ्रांस के जलते हुए फ्लैगशिप पर एक बारह वर्ष का बालक खड़ा हुआ है जो चारों ओर लगी हुई आग से भी विचलित नहीं हुआ और अंत समय तक अडिग खड़ा रहा| बाद में पता चला कि वह तो अपने पिता की आज्ञा का पालन कर रहा था|
.
सन १८२६ में लिखी गयी अंग्रेजी साहित्य की वह प्रसिद्ध कविता Casabianca इस प्रकार है .....
The boy stood on the burning deck,
Whence all but he had fled;
The flame that lit the battle’s wreck,
Shone round him o’er the dead.
Yet beautiful and bright he stood,
As born to rule the storm;
A creature of heroic blood,
A proud, though childlike form.
The flames rolled on – he would not go,
Without his father’s word;
That father, faint in death below,
His voice no longer heard.
He called aloud – ‘Say, father, say
If yet my task is done?’
He knew not that the chieftain lay
Unconscious of his son.
‘Speak, father!’ once again he cried,
‘If I may yet be gone!’
– And but the booming shots replied,
And fast the flames rolled on.
Upon his brow he felt their breath
And in his waving hair;
And look’d from that lone post of death,
In still yet brave despair.
And shouted but once more aloud,
‘My father! must I stay?’
While o’er him fast, through sail and shroud,
The wreathing fires made way.
They wrapped the ship in splendour wild,
They caught the flag on high,
And streamed above the gallant child,
Like banners in the sky.
There came a burst of thunder sound –
The boy – oh! where was he?
Ask of the winds that far around
With fragments strewed the sea!
With mast, and helm, and pennon fair,
That well had borne their part,
But the noblest thing which perished there,
Was that young faithful heart.
.
(बहुत शानदार कविता है जिसे पढ़ते समय आँखों से आंसुओं की झड़ी लग गयी)
ॐ तत्सत् ! ॐ ॐ ॐ !!
कृपा शंकर
११ मार्च २०१८