Friday, 14 April 2017

भारत पर हो रहा मनोवैज्ञानिक आक्रमण .....

भारत पर एक बहुत बड़ा मनोवैज्ञानिक आक्रमण हो रहा है| इस का उद्देश्य भारतीयों में अपनी अस्मिता, स्वाभिमान और देशभक्ति की भावना को मिटा देना है ताकि भारत के और टुकड़ेे कर के उसे नष्ट कर दिया जाये|इसके पीछे अमेरिका, चीन, पाकिस्तान जैसे देशों का हाथ तो है ही, साथ साथ अंग्रेजों के उन मानसपुत्रों का भी हाथ है जिनके हाथ में अँगरेज़ भारत की सत्ता सौंप गए थे| इनका साथ दे रहे हैं भारत के असंख्य जयचंद|
.
पहले यह आक्रमण धर्मनिरपेक्षतावाद, सर्वधर्मसमभाववाद के विचार थोपने, जातीय आधार पर वर्गसंघर्ष करवाने और हमारे गौरवशाली अतीत को विस्मृत करवाने के रूप में था, अब भारतीयों को असहिष्णु बताकर उनमें आत्महीनता का बोध लाने के रूप में है| भारत एक आध्यात्मिक राष्ट्र तभी बन सकता है जब सभी भारतीयों में अपने भारतीय होने का स्वाभिमान यानि आत्म-गौरव हो|
.
हमें अपने सही इतिहास, साहित्य और वैभव का ज्ञान होना अति आवश्यक है| हमें हर दृष्टिकोण से शक्तिशाली और संगठित होना होगा| इसके लिए दैवीय शक्तियों के सहयोग की भी आवश्यकता होगी और जीवन में परमात्मा की भी| भारत हमारे लिए कोई भूमि का टुकडा नहीं, साक्षात माता है| आध्यात्म की और परमात्मा की सर्वश्रेष्ठ अभिव्यक्ति भारत में ही हुई है| भारत एक ऊर्ध्वमुखी विभा-रत मनीषियों का समूह है| सनातन धर्म का ज्ञान सर्वप्रथम भारतीयों को ही हुआ और सनातन धर्म का पुनरोत्थान भी भारत से ही होगा| भारत की अस्मिता सनातन धर्म है और भारत की राजनीति भी सनातन धर्म ही होगी|
.
 
हे जन्म भूमि भारत, हे कर्म भूमि भारत,
हे वन्दनीय भारत, अभिनंदनीय भारत |
जीवन सुमन चढ़ाकर, आराधना करेंगे,
तेरी जनम-जनम भर, हम वंदना करेंगे|
हम अर्चना करेंगे ||१||
महिमा महान तू है, गौरव निधान तू है,
तू प्राण है हमारा, जननी समान तू है |
तेरे लिए जियेंगे, तेरे लिए मरेंगे,
तेरे लिए जनम भर, हम साधना करेंगे |
हम अर्चना करेंगे ||२||
जिसका मुकुट हिमालय, जग जग मगा रहा है,
सागर जिसे रतन की, अंजुली चढा रहा है |
वह देश है हमारा, ललकार कर कहेंगे,
इस देश के बिना हम, जीवित नहीं रहेंगे |
हम अर्चना करेंगे ||३||
भारत माता की जय | वन्दे मातरम् ||
.
सभी को शुभ कामनाएँ और सादर नमन |
ॐ नमःशिवाय | ॐ नमः शिवाय | ॐ नमः शिवाय |

कृपा शंकर
११ अप्रेल २०१६

Tuesday, 11 April 2017

"भारतीय नववर्ष" व "नवरात्र स्थापन" की शुभ कामनाएँ और अभिनन्दन .....

ॐ| विभिन्न देहों में मेरे ही प्रियतम निजात्मण, आप सब में साकार परमात्मा को मैं नमन करता हूँ| आप सब को ......
"भारतीय नववर्ष" व "नवरात्र स्थापन" की शुभ कामनाएँ और अभिनन्दन.
---------------------------------------------------------------------------------
नववर्ष का संकल्प :---- यह वर्ष हमारे जीवन का अब तक का सर्वश्रेष्ठ वर्ष होगा| हमारे जीवन में प्रभु का परम प्रेम और परमात्मा की सर्वश्रेष्ठ अभिव्यक्ति होगी|
हम अपने राष्ट्र भारतवर्ष को अपनी वर्तमान स्थिति से उबारने के लिए एक ब्रह्मतेज को जागृत करेंगे, हम गुणातीत होंगे, किसी भी तरह की विकृती हमारे भीतर नहीं होगी और परम तत्व का साक्षात्कार कर हम उच्चतम आध्यात्मिक शिखर पर आरूढ़ होंगे|
>
रक्तबीज और महिषासुर हमारे भीतर अभी भी जीवित हैं, उनकी चुनौती और अट्टहास हम सब को नित्य सुनाई देता है| ये हमारे अवचेतन मन में छिपे हैं और चित्त की वृत्तियों के रूप में निरंतर प्रकट होते हैं| जितना इनका दमन करते हैं, उतना ही इनका विस्तार होता है| सारे दुःखों, कष्टों, पीड़ाओं, दरिद्रता और दुर्गति के मूल में ये दोनों ही महा असुर हैं| निज प्रयास से इनका नाश नहीं हो सकता| भगवान श्रीराम और जगन्माता की शक्ति ही इनका विनाश कर सकती है| उस शक्ति के लिए हमें साधना करनी होगी|
>
परस्त्री/पुरुष व पराये धन की कामना, अन्याय/अधर्म द्वारा धन पाने की इच्छा, परपीड़ा, अधर्माचरण और मिथ्या अहंकार ही रक्तबीज है|
>
प्रमाद यानि आलस्य, काम को आगे टालने की प्रवृत्ति और तमोगुण ही महिषासुर है|
>
जगन्माता ......
महाकाली के रूप में दुष्वृत्तियों का विनाश करती हैं|
महालक्ष्मी के रूप में सद्वृत्तियाँ प्रदान करती हैं|
महासरस्वती के रूप में आत्मज्ञान प्रदान करती हैं|
दुर्गा के रूप में मनुष्य को दुर्गति से बचाती है
>
प्रार्थना :-
माँ, यह सारी सृष्टि तुम्हारे मन की एक कल्पना, विचार और संकल्प मात्र है|
हमारा समर्पण स्वीकार करो| हम सब तुम्हारी संतानें हैं, हमारी रक्षा करो| हमारे भीतर और बाहर चारों ओर छाई हुई असत्य और अन्धकार की शक्तियों व अज्ञान रुपी ग्रंथियों का नाश हो| भारत के भीतर और बाहर के सभी शत्रुओं का नाश हो| सनातन धर्म की सर्वत्र पुनर्प्रतिष्ठा हो| भगवान श्रीराम का हमारे चैतन्य में सदा निवास हो| सब का कल्याण हो| ॐ ॐ ॐ ||
>
पुनश्चः.... भारतीय नववर्ष की शुभ कामनाएँ |
>
जय माँ ! जय श्रीराम ! ॐ नमःशिवाय ! ॐ ॐ ॐ ||


कृपाशंकर चै.शु.१वि.सं.२०७३ .  08April2016

हमें परमात्मा की प्राप्ति क्यों नहीं होती ?.............

हमें परमात्मा की प्राप्ति क्यों नहीं होती ? .....
.
||ॐ|| विभिन्न देहों में मेरे ही प्रियतम निजात्मन, आप सब में साकार परमात्मा को मैं नमन करता हूँ| एक शाश्वत् प्रश्न है कि हमें परमात्मा की प्राप्ति क्यों नहीं होती ?
.
इसका उत्तर मैं अपनी भाषा में यदि सरलतम और स्पष्टतम शब्दों में देना चाहूँ तो इसका एक ही उत्तर है, और वह यह है कि ..... "हमारे में ईमानदारी की कमी है, हम स्वयं के प्रति ईमानदार नहीं हैं, हम स्वयं को ठगना चाहते हैं और स्वयं के द्वारा ही ठगे जा रहे हैं|"
किसी भी सांसारिक उपलब्धी के लिए तो हम दिन रात एक कर देते हैं, हाडतोड़ परिश्रम करते हैं, पर जो उच्चतम उपलब्धी है वह हम सिर्फ ऊँची ऊँची बातों के शब्दजाल से ही प्राप्त करना चाहते हैं| वास्तविकता तो यह है की हम परमात्मा को प्राप्त करना ही नहीं चाहते| हम सिर्फ सांसारिक सुखों को, सांसारिक उपलब्धियों को और अधिक से अधिक अपने अहंकार की तृप्ति के लिए ही भगवान की विभूतियों को प्राप्त करना चाहते हैं| हमारे लिए भगवान एक माध्यम है, पर लक्ष्य तो संसार है| यानि साध्य तो संसार है और भगवान एक साधन मात्र| कोई दो लाख में से एक व्यक्ति ही ऐसा होता है जो परमात्मा को पाना चाहता है|
.
प्राचीन भारत एक अपवाद था| यहाँ की सनातन संस्कृति ही विकसित हुई परमात्मा यानि ब्रह्म को पाने का ही लक्ष्य बनाकर| यहाँ की संस्कृति में सम्मान ही हुआ तो ब्रह्मज्ञों का| जीवात्मा का उद्गम जहाँ से हुआ है, वहाँ अपने स्त्रोत में उसे बापस तो जाना ही पड़ेगा चाहे लाखों जन्म और लेने पड़ें| तभी जीवन चक्र पूर्ण होगा|
.
इस विषय पर बहुत कुछ लिखा जा चुका है, बहुत सारा सद्साहित्य इस विषय पर उपलब्ध है| अनेक संत महात्मा हैं जो निष्ठावान मुमुक्षुओं का मार्गदर्शन करते रहते हैं| अतः और लिखने की आवश्यकता नहीं है| जब ह्रदय में अहैतुकी परम प्रेम और निष्ठा होती है तब भगवान मार्गदर्शन स्वयं ही करते हैं| पात्रता होने पर सदगुरु का आविर्भाव भी स्वतः ही होता है|
.
जब हम अग्नि के समक्ष बैठते हैं तो ताप की अनुभूति अवश्य होती है| कई बार अनुभूति ना होने पर भी ताप तो मिलता ही है| वैसे ही जब भी हम परमात्मा का स्मरण या ध्यान करते हैं तो उनके अनुग्रह की प्राप्ति अवश्य होती है|
.
परमात्मा को पाने का मार्ग है अहैतुकी (Unconditional) परम प्रेम| प्रेम में कोई माँग नहीं होती, मात्र शरणागति और समर्पण होता है| प्रेम, गहन अभीप्सा और समर्पण हो तो और कुछ भी नहीं चाहिए| सब कुछ अपने आप ही मिल जाता है| अपने प्रेमास्पद का ध्यान निरंतर तेलधारा के समान होना चाहिए| प्रेम हो तो आगे का सारा ज्ञान स्वतः ही प्राप्त हो जाता है और आगे के सारे द्वार स्वतः ही खुल जाते हैं|
.
जो लोग सेवानिवृत है उन्हें तो अधिक से अधिक समय नामजप और ध्यान में बिताना चाहिए| सांसारिक नौकरी में अपना वेतन प्राप्त करने के लिए दिन में कम से कम आठ घंटे काम करना पड़ता है| व्यापारी की नौकरी तो चौबीस घंटे की होती है| कुछ समय भगवान की नौकरी भी करनी चाहिए| जब जगत मजदूरी देता है तो भगवान क्यों नहीं देंगे? उनसे मजदूरी तो माँगनी ही नहीं चाहिए| माँगना ही है तो सिर्फ उनका प्रेम, प्रेम के अतिरिक्त अन्य कुछ भी नहीं| प्रेम को ही मजदूरी मान लीजिये| एक बात का ध्यान रखें ..... मजदूरी उतनी ही मिलेगी जितनी आप मेहनत करोगे| बिना मेहनत के मजदूरी नहीं मिलेगी| इस सृष्टि में निःशुल्क कुछ भी नहीं है| हर चीज की कीमत चुकानी पडती है|
.
सार :---- हमें परमात्मा की प्राप्ति इसलिए नहीं होती क्योंकि हम परमात्मा को प्राप्त करना ही नहीं चाहते| हम स्वयं के प्रति ईमानदार नहीं हैं| अपने अहंकार की तृप्ति के लिए भक्ति का झूठा दिखावा करते हैं| अपनी मानसिक कल्पना से और झूठे शब्द जाल से स्वयं को ठग रहे हैं| हमने परमात्मा को तो साधन बना रखा है, पर साध्य तो संसार ही है|
.
आप सब में हृदयस्थ परमात्मा को पुनश्चः प्रणाम| आप सब की जय हो| ॐ तत्सत् ! ॐ श्रीगुरवे नमः ! ॐ नमः शिवाय ! ॐ ॐ ॐ !!
कृपा शंकर
११ अप्रेल २०१५

जगन्माता से प्रेम ......

जगन्माता से प्रेम .....
------------------
जब अरुणिमा की एक झलक दूर से मिलती है तब यह भी सुनिश्चित है कि सूर्योदय में अधिक विलम्ब नहीं है| वैसे ही जगन्माता के प्रेम की एक झलक मिल जाए तो यह सुनिश्चित है कि जीवन में माँ का अवतरण होने ही वाला है|
.
बंगाल में राम प्रसाद नाम के एक भक्त कवि हुए हैं जो नित्य जगन्माता का दर्शन माँ काली के रूप में करते , उनसे बात भी करते और भाव जगत में उनके बालक बनकर साथ साथ खेलते भी थे| उनकी कुछ कविताओं का अनुवाद करवा कर मैनें कई वर्षों पूर्व अध्ययन किया था| उनसे जगन्माता कोई वरदान माँगने के लिए कहतीं तो वे माँ से सिर्फ उनका पूर्ण प्रेम ही माँगते| सदा माँ का उत्तर यही होता कि यदि मैं तुम्हें अपना पूर्ण प्रेम दे दूँगी तो मेरे पास कुछ भी नहीं बचेगा|
माँ से कुछ माँगना ही है तो सिर्फ प्रेम ही माँगना चाहिए फिर सब कुछ अपने आप ही मिल जाता है|
.
हमें अपने 'कर्ता' होने के मिथ्या अभिमान को त्याग देना चाहिए| एकमात्र कर्ता तो माँ भगवती ही हैं| अपना सर्वस्व उनके श्री चरणों में समर्पित कर देना चाहिए|
'कर्ता' तो जगन्माता माँ भगवती स्वयं है जो यज्ञ रूप में हमारे कर्मफल परमात्मा को अर्पित करती है| वे 'कर्ता' ही नहीं 'दृष्टा' 'दृश्य' व 'दर्शन' भी हैं, 'साधक' 'साधना' व 'साध्य' भी हैं, और 'उपासना' ;उपासक' और 'उपास्य' भी हैं|
.
भगवन श्रीकृष्ण का अभय वचन है .....
"मच्चितः सर्वदुर्गाणि मत्प्रसादात् तरिष्यसि |"
अपना चित्त मुझे दे देने से तूँ समस्त कठिनाइयों और संकटों को मेरे प्रसाद से पार कर लेगा|
.
भगवान श्रीराम का भी अभय वचनं है --
"सकृदेव प्रपन्नाय तवास्मीति च याचते| अभयं सर्वभूतेभ्यो ददाम्येतद् व्रतं ममः||"
एक बार भी जो मेरी शरण में आ जाता है उसको सब भूतों (यानि प्राणियों से) अभय प्रदान करना मेरा व्रत है|
.
जब साकार परमात्मा के इतने बड़े वचन हैं तो शंका किस बात की? तुरंत कमर कस कर उनके प्रेम सागर में डुबकी लगा देनी चाहिए| मोती नहीं मिलते हैं तो दोष सागर का नहीं है, दोष डुबकी में ही है जिसमें पूर्णता लाओ|
.
ॐ नमः शिवाय | ॐ नमः शिवाय | ॐ नमः शिवाय | ॐ ॐ ॐ ||

Saturday, 8 April 2017

स्वभाव और अभाव .......

स्वभाव और अभाव .......
---------------------
इन दो शब्दों को समझ लेने पर आध्यात्मिक यात्रा अति सरल हो जाती है| मैं भी इसी का पाठ अभी तक पढ़ रहा हूँ| इससे परे नहीं जा पाया हूँ| जब मैं स्वभाव में जीता हूँ तब मैं पूर्णतः सकारात्मक होता हूँ| जब अभाव में होता हूँ तब बहुत अधिक नकारात्मक हो जाता हूँ| अभाव है उस वस्तु या उस तत्व का जो हमारे पास नहीं है| अभाव माया है, अभाव मृत्यु के सामान है|
.
स्वभाव है परमात्मा में जीना| हमारा वास्तविक "स्व" तो परमात्मा है| परमात्मा की चेतना में जीना ही हमारा वास्तविक और सही स्वभाव है| हम अपने स्वभाव में जीएँ और स्वभाव के विरुद्ध जो कुछ भी है उसका परित्याग करें|
.
निरंतर अभ्यास करते करते परमात्मा व गुरु की असीम कृपा से निरंतर ब्रह्म-चिंतन और भक्ति ही हमारा स्वभाव बन जाता है| जब भगवान ह्रदय में आकर बैठ जाते हैं तब वे फिर बापस नहीं जाते| यह स्वाभाविक अवस्था कभी न कभी तो सभी को प्राप्त होती है|
.
सरिता प्रवाहित होती है, पर किसी के लिए नहीं| प्रवाहित होना उसका स्वभाव है| व्यक्ति .. स्वयं को व्यक्त करना चाहता है, यह उसका स्वभाव है| हमें किसी से कुछ अपेक्षा नहीं होती और किसी से कुछ भी नहीं चाहिए पर स्वयं को व्यक्त करते हैं, यह भी हमारा स्वभाव है| जो लोग सर्वस्व यानि समष्टि की उपेक्षा करते हुए इस मनुष्य देह के हित की ही सोचते हैं, प्रकृति उन्हें कभी क्षमा नहीं करती| वे सब दंड के भागी होते हैं| समस्त सृष्टि ही अपना परिवार है और समस्त ब्रह्माण्ड ही अपना घर| यह देह रूपी वाहन और यह पृथ्वी भी बहुत छोटी है अपने निवास के लिए| अपना प्रेम सर्वस्व में पूर्णता से व्यक्त हो|
.
जो मेरी बात को समझते हैं मैं उनका भी आभारी हूँ और जिन्होंने नहीं समझा है उनका भी| आप सब मेरी निजात्माएँ हैं, आप परमात्मा के साकार रूप हो| आप सब मेरे प्राण हो| आप को मेरा अनंत असीम अहैतुकी परम प्यार| आप सब अपनी पूर्णता को उपलब्ध हों, यही मेरी शुभ कामना है|
.
ॐ तत्सत् | ॐ ॐ ॐ ||
.
पुनश्चः :----
(१) व्याघ्रः सेवति काननं च गहनं सिंहो गुहां सेवते
हंसः सेवति पद्मिनीं कुसुमितां गृधः श्मशानस्थलीम् |
साधुः सेवति साधुमेव सततं नीचोऽपि नीचं जनम्
या यस्य प्रकृतिः स्वभावजनिता केनापि न त्यज्यते ||
बाघ घने वन में और सिंह गुफा में रहता है, हंस विकसित कमलिनी के पास रहता है और गिद्ध श्मशान भूमि में| वैसे ही साधु, साधु की, और नीच, नीच की संगती करता है; जन्मजात स्वभाव किसी से छूटता नहीं है|


(२) निम्नोन्नतं वक्ष्यति को जलानाम्
विचित्रभावं मृगपक्षिणां च |
माधुर्यमिक्षौ कटुतां च निम्बे
स्वभावतः सर्वमिदं हि सिद्धम् ||
जल को ऊँचाई और गहराई किसने दिखायी? पशु-पक्षियों को विचित्रता किसने सीखाई? गन्ने में मधुरता और नीम में कड़वापन कौन लाया? यह सब स्वभावसिद्ध है|

(३) स्वभावो न उपदेशेन शक्यते कर्तुमन्यथा |
सुतप्तमपि पानीयं पुनर्गच्छति शीतताम् ||
उपदेश देकर स्वभाव बदला नहीं जाता| पानी को खूब गर्म करने के पश्चात् भी वह पुनः (स्वभावानुसार) शीतल हो जाता है|

Friday, 7 April 2017

जब बुद्धि जड़ हो जाए तो क्या करें ? .....

जब बुद्धि जड़ हो जाए तो क्या करें ? .....
.
जीव ईश्वर का अंश है पर अपने प्रारब्ध कर्मफलों को भुगतने के लिए जड़बुद्धि भी हो जाता है| इसका समाधान प्रभु के श्रीचरणों की भक्ति ही है| अन्य कोई समाधान नहीं है|
विषयों का आकर्षण इतना प्रबल है कि मनुष्य उसमें फंसे बिना नहीं रह सकता|
वृद्धावस्था में प्रायः सभी की बुद्धि जड़ हो जाती है| अतः वृद्धावस्था में भगवान की शरणागत होना अति आवश्यक है|
ॐ ॐ ॐ ||

ब्रह्मचर्य सबसे बड़ा तप है जो देवों को भी दुर्लभ है .....

ब्रह्मचर्य सबसे बड़ा तप है जो देवों को भी दुर्लभ है .....
>>>
आप सब में साकार परमात्मा को मैं नमन करता हूँ| निम्न पंक्तियाँ सिर्फ आध्यात्मिक साधकों के लिए है, अन्य कृपया क्षमा करें|
निज जीवन में जो भी मनुष्य परमात्मा को उपलब्ध होना चाहते हैं उन्हें ब्रह्मचर्य का पालन तो करना ही होगा| ईश्वर के मार्ग में सबसे बड़ी बाधा ही काम-वासना है| मनुष्य की आत्मशक्ति का विकास ब्रह्मचर्य से ही होता है| वासनाओं के चिंतन से मनुष्य की चित्त शक्ति निरंतर क्षीण होती चली जाती है| सात्विक भोजन, कुसंग त्याग, सत्संग और निरंतर परमात्मा का चिंतन इसके लिए आवश्यक है|
.
आध्यात्म मार्ग के पथिक को टीवी पर आने वाले सभी धारावाहिक नाटकों (सीरियल्स) को देखना भी बंद करन होगा क्योंकि सभी धारावाहिक नाटक परस्त्री/परपुरुष सम्बन्धों और एक दूसरे के विरुद्ध षड्यंत्रों पर आधारित होते हैं जो समाज में विखंडन और पारिवारिक सम्बन्धों को नष्ट करने में बड़ी भूमिका निभा रहे हैं| इनमें कुछ भी सकारात्मकता नहीं है|
.
ऐसे ही अधिकाँश समाचार चैनलें हैं जो विकृत मानसिकता के प्रदर्शन के अतिरिक्त और कुछ भी नहीं है| इन सब के मालिक विदेशी और भारत विरोधी हैं| भारत की अस्मिता हिंदुत्व है और ये सब हिंदुत्व विरोधी हैं| जो समय इन्हें देखने में नष्ट होता है वह परमात्मा के चिंतन में लगाएँ|
.
नित्य प्रातः उठते ही संकल्प करें ...... "आज का दिन मेंरे जीवन का सर्वश्रेष्ठ दिन होगा| आज के दिन मेंरे जीवन में परमात्मा के परमप्रेम की सर्वश्रेष्ठ अभिव्यक्ति होगी| मैं परमात्मा का अमृतपुत्र हूँ, मैं परमात्मा के साथ एक हूँ, मैं आध्यात्म के उच्चतम शिखर पर आरूढ़ हूँ, मैं परमशिव हूँ, शिवोहं शिवोहं अहं ब्रह्मास्मि| ॐ ॐ ॐ ||"
.
रक्तबीज और महिषासुर हमारे भीतर अभी भी जीवित हैं, उनकी चुनौती और अट्टहास हम सब को नित्य सुनाई देता है| ये हमारे अवचेतन मन में छिपे हैं और चित्त की वृत्तियों के रूप में निरंतर प्रकट होते हैं| जितना इनका दमन करते हैं, उतना ही इनका विस्तार होता है| हमारे सारे दुःखों, कष्टों, पीड़ाओं, दरिद्रता और दुर्गति के मूल में ये दोनों ही महा असुर हैं| निज प्रयास से इनका नाश नहीं हो सकता| जगन्माता की शक्ति ही इनका विनाश कर सकती है जिस के लिए हमें साधना करनी होगी|
परस्त्री/पुरुष व पराये धन की कामना, अन्याय/अधर्म द्वारा धन पाने की इच्छा, परपीड़ा, अधर्माचरण और मिथ्या अहंकार ही रक्तबीज है|
प्रमाद यानि आलस्य, काम को आगे टालने की प्रवृत्ति और तमोगुण ही महिषासुर है|
.
हे माँ भगवती, यह सारी सृष्टि तुम्हारे मन की एक कल्पना, विचार और संकल्प मात्र है| मैं तुम्हें पूर्णतः समर्पित हूँ| मेरी रक्षा करो| भारत के भीतर और बाहर के सभी शत्रुओं का नाश करो| सनातन धर्म की सर्वत्र पुनर्प्रतिष्ठा हो| सब का कल्याण हो| .
.
ॐ तत्सत् | ॐ ॐ ॐ ||
.
पुनश्चः :--- जब तक मन में कामुकता का कण मात्र भी है तब तक किसी भी परिस्थिति में ज़रा सी भी आध्यात्मिक प्रगति नहीं हो सकती|